इजराइल में 27 अक्टूबर को संपन्न हुए आम चुनावों के बाद सरकार गठन को लेकर बने राजनीतिक गतिरोध को तोड़ने के लिए नई कोशिश शुरू हो गई है। 'याशर' पार्टी के अध्यक्ष गादी आइजेनकोट ने अपनी वार्ता टीम को बेंजामिन नेतान्याहू की 'लिकुड' पार्टी के प्रतिनिधियों को सघन गठबंधन वार्ता के लिए आमंत्रित करने का निर्देश दिया है। 'द टाइम्स ऑफ इजराइल' की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों दलों के प्रतिनिधियों के बीच इस नए दौर की पहली बैठक रविवार को आयोजित की जाएगी। याशर पार्टी ने एक आधिकारिक बयान में इस कदम को एक व्यापक और स्थिर सरकार स्थापित करने का ईमानदार प्रयास बताया है। पार्टी ने कहा कि वह वार्ता में बने गतिरोध को खत्म करने के लिए सभी रास्तों और साहसिक पहलों की तलाश करने के लिए प्रतिबद्ध है।
पहले दौर की वार्ता रही थी विफल: दोनों ओर से लग रहे आरोप
इससे पहले दोनों पार्टियों के बीच पिछले रविवार को शुरुआती दौर की वार्ता हुई थी, लेकिन उसमें कोई खास प्रगति नहीं हो सकी थी। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर एकता सरकार बनाने की वास्तविक इच्छा न होने का आरोप लगाया था। लिकुड पार्टी ने आइजेनकोट के ब्लॉक से कहा है कि वह अपने विधायी एजेंडे को निलंबित करे और अरब पार्टियों के साथ सहयोग बंद करे। दूसरी तरफ, गादी आइजेनकोट ने नेतान्याहू के साथ किसी भी रोटेशन व्यवस्था से साफ इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि लिकुड के साथ बनने वाली किसी भी एकता सरकार में वह अकेले प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करेंगे।
डेमोक्रेट्स अध्यक्ष यैर गोलान का रुख
इस बीच, आइजेनकोट के ब्लॉक के भीतर संभावित गठबंधन सहयोगियों को लेकर मतभेद भी खुलकर सामने आ रहे हैं। 'डेमोक्रेट्स' पार्टी के अध्यक्ष यैर गोलान ने कहा कि वह अल्ट्रा-ऑर्थोडॉक्स (कट्टरपंथी यहूदी) पार्टियों को शामिल करके बनने वाली गठबंधन सरकार का विरोध नहीं करेंगे। हालांकि, गोलान ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी ऐसी "नकली या फर्जी एकता सरकार" में शामिल नहीं होंगे जो नेतान्याहू को सत्ता में बने रहने की अनुमति देती हो।
संसद का गणित: किसी के पास नहीं है 61 का जादूई आंकड़ा
राष्ट्रपति आईजैक हर्जोग ने 8 नवंबर को औपचारिक रूप से गादी आइजेनकोट को इजराइल की अगली सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके तहत उन्हें 120 सीटों वाली नेसेट में कम से कम 61 सांसदों का समर्थन हासिल कर गठबंधन बनाने के लिए प्रारंभिक 28 दिनों का समय (जिसे 14 दिन और बढ़ाया जा सकता है) दिया गया है।
इजराइल की 120 सदस्यीय नेसेट में सरकार बनाने के लिए 61 सीटों के बहुमत की जरूरत है। मौजूदा सीट गणित में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू का दक्षिणपंथी और ऑर्थोडॉक्स गठबंधन 53 सीटों के साथ सबसे बड़ा ब्लॉक है, जबकि गादी आइजेनकोट के नेतृत्व वाला चार-दलीय जायोनिस्ट गठबंधन 48 सीटों पर है। वहीं, अरब-बहुल दलों के पास 19 सीटें हैं। ऐसे में कोई भी ब्लॉक अपने दम पर बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच पा रहा है और सरकार गठन के लिए गठबंधन सहयोग निर्णायक भूमिका निभा सकता है। हालांकि दो अरब बहुल पार्टियों, जॉइंट लिस्ट (11) और रा'अम (8) ने स्पीकर पद के चुनाव (66-52) में कहाना का समर्थन किया था, लेकिन आइजेनकोट के ब्लॉक के प्रमुख नेताओं ने उनके साथ औपचारिक गठबंधन सरकार बनाने की संभावना को खारिज कर दिया है। इसी वजह से आइजेनकोट को बहुमत के लिए लिकुड या अन्य वैकल्पिक रास्तों की तलाश करनी पड़ रही है।
