क्रिकेट

शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने रचा न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन इतिहास

टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल और आतिशी विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट के तीसरे दिन अपना नाम रिकॉर्ड बुक्स के एक ही पन्ने में दर्ज करा लिया।

Image

शुभमन गिल और ऋषभ पंत (फोटो क्रेडिट BCCI X)

वेलिंगटन: भारतीय कप्तान शुभमन गिल और विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन इतिहास रच दिया है। दोनों खिलाड़ी आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 3,000 रन के आंकड़े को पार करने वाले पहले दो भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। यह दोनों खिलाड़ियों को टेस्ट करियर की एक और बड़ी उपलब्धि है। कप्तान शुभमन गिल 98 रन बनाकर जैकब डफी की गेंद पर बोल्ड हो गए और अपने शतक से महज 2 रन के अंतर से चूक गए। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऋषभ पंत 55 रन बनाकर नाबाद रहे। गिल और पंत के बीच चौथे विकेट के लिए 100 रनों की अहम साझेदारी हुई। इस साझेदारी ने पहले टेस्ट में भारतीय टीम की स्थिति को और मजबूत कर दिया।

रनों की रेस में पहले पायदान पर काबिज हैं गिल

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में शुभमन गिल पहले पायदान पर काबिज हैं। उन्होंने अबतक खेले 43 मैच में 43.07 के औसत से 3,015 रन बनाए हैं। इसमें 10 शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं दूसरे पायदान पर काबिज ऋषभ पंत ने 43 मैचों में 42.90 के औसत से 3,003 रन बनाए हैं, जिसमें 6 शतक और 19 अर्धशतक शामिल हैं। चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहने के बाद टेस्ट टीम में वापसी करते हुए पंत ने यह उपलब्धि हासिल की है। उनके पास गिल को पछाड़कर पहले पायदान फिर से काबिज होने का शानदार मौका है।

मजबूत स्थित में पहुंची टीम इंडिया

शुभमन गिल और ऋषभ पंत की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। शनिवार को वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक, भारतीय टीम ने 4 विकेट के नुकसान पर 486 रन बना लिए हैं। गिल 98 रन पर आउट होकर शतक बनाने से चूक गए, जबकि पंत 55 रन बनाकर नाबाद रहे। इनकी मदद से भारत ने पहली पारी में मेजबान टीम पर 118 रनों की बड़ी बढ़त बना ली, जो 368 रन पर ऑलआउट हो गई थी।

केएल राहुल ने जड़ा शानदार शतक

भारत के लिए केएल राहुल सबसे बेहतरीन खिलाड़ी रहे। उन्होंने 290 गेंदों का सामना करते हुए शानदार 136 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल थे। इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपनी पूरी पारी के दौरान गजब का धैर्य और संयम दिखाया। उन्होंने भारतीय बल्लेबाजी को संभाले रखा और अपने टेस्ट करियर का 13वां शतक पूरा किया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article