देश

नवीन पटनायक, वीके पांडियन और IPS रवि कांत के विदेश दौरों की होगी जांच, CM मोहन माझी का बड़ा आदेश

कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, वीके पांडियन और IPS अधिकारी रवि कांत के विदेश दौरों को लेकर सवाल उठाए थे। शिकायतकर्ताओं ने अलग-अलग RTI आवेदनों के जरिए प्राप्त जानकारियों का हवाला देते हुए इन यात्राओं के खर्च और वित्तीय रिकॉर्ड में कथित अनियमितताओं की आशंका जताई है।

Image

नवीन पटनायक

भुवनेश्वर: ओडिशा की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, पूर्व IAS अधिकारी वीके पांडियन और IPS अधिकारी रवि कांत के विदेश दौरों की औपचारिक जांच के आदेश दिए हैं। यह जांच वित्तीय वर्ष 2022-23 और 2023-24 के दौरान किए गए उनके विदेश दौरों से संबंधित होगी। सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव को इस जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग को संबंधित विदेश यात्राओं और उन पर हुए खर्च का विस्तृत ब्योरा खंगालने का निर्देश दिया गया है।

जापान और इटली के दौरे पर उठे सवाल

दरअसल, कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, वीके पांडियन और IPS अधिकारी रवि कांत के विदेश दौरों को लेकर सवाल उठाए थे। शिकायतकर्ताओं ने अलग-अलग RTI आवेदनों के जरिए प्राप्त जानकारियों का हवाला देते हुए इन यात्राओं के खर्च और वित्तीय रिकॉर्ड में कथित अनियमितताओं की आशंका जताई है।

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विशेष रूप से जापान और इटली की यात्राओं से जुड़े खर्च का विवरण संदिग्ध,अस्पष्ट और अधूरा दिखाई देता है। उनका दावा है कि इन आधिकारिक दौरों से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध नहीं कराई गईं, जिसके कारण सरकारी रिकॉर्ड में खर्च के आंकड़ों को लेकर विसंगतियां सामने आई हैं।

मुख्यमंत्री ने दिए विस्तृत जांच के निर्देश

इन शिकायतों और आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सामान्य प्रशासन विभाग को पूरे मामले की गहन जांच करने का निर्देश दिया है। जांच के दौरान संबंधित विदेश यात्राओं, उनके उद्देश्य, खर्च और उपलब्ध वित्तीय दस्तावेजों की पड़ताल की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, जांच का उद्देश्य पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने लाना और तथ्यों को सार्वजनिक करना है।

फिलहाल यह जांच के आदेश हैं। विदेश यात्राओं के खर्च में किसी तरह की अनियमितता हुई है या नहीं, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। अब सभी की नजरें सामान्य प्रशासन विभाग की जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article