देश

पाकिस्तान के मंत्री ने दिल्ली में SCO मंच पर हुमायूं और शेरशाह का किया जिक्र, उर्दू में दिया अपना संबोधन

Musadik Malik SCO Speech: पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सभ्यतागत संवाद मंच में संबोधन के दौरान मुगल सम्राट हुमायूं और शेरशाह सूरी का भी जिक्र किया। दोनों शासकों का दिल्ली के पुराना किला के निर्माण से जुड़ाव रहा है।

Image

मुसादिक मलिक (फोटो साभार- PTI)

Musadik Malik SCO Speech: दिल्ली में आयोजित SCO सभ्यतागत संवाद मंच में पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक का संबोधन काफी चर्चा में रहा। उन्होंने अंग्रेजी के बजाय उर्दू में अपना संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि गालिब की कब्र और निजामुद्दीन के इतने करीब खड़े होकर अंग्रेजी में बोलना उन्हें अजीब लग रहा है। अपने संबोधन में उन्होंने मशहूर शायर मिर्जा गालिब का जिक्र किया और तक्षशिला, गांधार तथा मोहनजोदड़ो जैसी ऐतिहासिक सभ्यताओं के उदाहरण देते हुए दक्षिण एशिया और मध्य एशिया के साझा सांस्कृतिक रिश्तों को रेखांकित किया।

मानसून वाली लाइन पर खूब तालियां

मुसादिक मलिक ने कहा, "मानसून की हवाएं इमिग्रेशन चेकपोस्ट पर नहीं रुकतीं और न ही उन्हें किसी पासपोर्ट की जरूरत होती है।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान और संवाद को राजनीतिक सीमाओं में नहीं बांधा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संवाद का मतलब कई आवाजों और अलग-अलग पहचानों को जगह देना है, न कि केवल एकतरफा बातचीत या मोनोलॉग। साथ ही उन्होंने अगले साल होने वाले SCO से जुड़े आयोजन के लिए सदस्य देशों के प्रतिनिधियों को पाकिस्तान आने का न्योता भी दिया।

हुमायूं और शेरशाह का भी किया जिक्र

पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सभ्यतागत संवाद मंच में संबोधन के दौरान मुगल सम्राट हुमायूं और शेरशाह सूरी का भी जिक्र किया। दोनों शासकों का दिल्ली के पुराना किला के निर्माण से जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक किला अपने आप में इतिहास की कई परतों की कहानी समेटे हुए है। भारत ऐतिहासिक पुराना किला परिसर में तीन दिवसीय सभ्यतागत शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार शाम को इसका उद्घाटन किया था और इस अवसर पर पाकिस्तान के मलिक सहित एससीओ के विभिन्न सदस्य देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

पाकिस्तान के मंत्री ने कहा, "यह पुराना किला, जहां हम बैठे हैं, अपने आप में एक कहानी है। इस किले की नींव हुमायूं ने रखी थी, जिनका संबंध तैमूर वंश से था और जो मध्य एशिया से आए थे। इसके बाद अफगान शासक शेरशाह सूरी ने इसका निर्माण आगे बढ़ाया। 'एक दीवार, दो प्रतिद्वंद्वी' यानी दो शासक और एक किला, यानी इतिहास की दो परतें और एक खाई।" मलिक ने अपने संबोधन का वीडियो 'एक्स' पर साझा किया। उन्होंने उर्दू में भी लिखा कि यह किला अपने आप में एक "कहानी" है। हुमायूं दूसरे मुगल सम्राट थे। उनका मकबरा, जिसे प्रसिद्ध हुमायूं का मकबरा कहा जाता है, पुराना किला से कुछ ही दूरी पर निजामुद्दीन इलाके में है। इसे यूनेस्को ने विश्व धरोहर स्थल घोषित किया है। पहलगाम में 2025 में हुए हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों में जारी तनाव के बीच पाकिस्तान के मंत्री पहली बार भारत की यात्रा पर आए हैं।

मुसादिक मलिक के संबोधन की अन्य अहम बातें

1. संवाद और विविधता पर:

उन्होंने कहा कि संवाद अलग-अलग पहचानों के बीच होता है। एक जैसी पहचान के लिए संवाद की जरूरत नहीं होती, वहां सिर्फ एकतरफा बातचीत यानी मोनोलॉग होता है। उन्होंने कहा, “Singularity doesn't require a dialogue. Singularity only requires a monologue. Dialogue is about diversity.”

2. भारत-पाकिस्तान के साझा इतिहास पर:

उन्होंने भारत, पाकिस्तान, रूस, चीन और मध्य एशियाई देशों के बीच ऐतिहासिक और सभ्यतागत संबंधों का जिक्र किया। कहा कि पुरातात्विक खुदाई में भी इन सभ्यताओं के बीच संवाद और संपर्क के प्रमाण मिलते हैं।

3. क्षेत्रीय रिश्तों पर:

उन्होंने उम्मीद जताई कि SCO का यह मंच सभी सदस्य देशों के रिश्तों को बेहतर बनाने में मदद करेगा। उनके मुताबिक भू-राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं और देशों को व्यापक नजरिए से क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए।

4. संस्कृति की भूमिका पर:

उन्होंने कहा कि संस्कृति देशों के बीच पुल बनाने का काम कर सकती है। जब तक देश एक-दूसरे की सोच, विचारों और जीवनशैली को नहीं समझेंगे, तब तक क्षेत्र आगे नहीं बढ़ पाएगा।

5. अगले साल पाकिस्तान आने का न्योता:

उन्होंने SCO देशों के बीच सांस्कृतिक संवाद और आपसी संपर्क जारी रखने की बात कही और पाकिस्तान में अगले आयोजन के लिए प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया।केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में आयोजित 'सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां' विषय पर आधारित सत्र में संबोधन के दौरान मलिक ने कहा, "संवाद अलग-अलग पहचानों और विविधताओं के बीच होता है और हम यहां इसी संवाद के लिए आए हैं।"

Shivani Mishra
Shivani Mishraauthor

Covering stories of public interest in crime and politics now. Entertainment enthusiast over five years. Reporting across Maharashtra.

और पढ़ें
End of Article