देश

CM योगी के अलावा कौन हैं वो तीन नेता, UP चुनाव से पहले जिनका नाम लेकर PM मोदी ने साधा सियासी संतुलन

UP Elections 2027: पीएम ने स्पष्ट कर दिया कि यूपी का विकास किसी अकेले नेता की देन नहीं है, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक नेतृत्व का नतीजा है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले चारों नेताओं का एक साथ नाम लेकर उन्होंने यूपी भाजपा में एकजुटता और संतुलन का बड़ा राजनीतिक संदेश देने का प्रयास किया है।

Image

UP चुनाव 2027 (फोटो साभार- PTI/TNN)

UP Elections 2027: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह के मंच से उत्तर प्रदेश की राजनीति को एक बड़ा संदेश दे दिया। उन्होंने यूपी के विकास का श्रेय सिर्फ एक नेता को नहीं, बल्कि डबल इंजन सरकार की पूरी टीम को दिया। इस दौरान पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का नाम एक साथ लिया। पीएम मोदी ने कहा कि इन सभी ने मिलकर यूपी की तस्वीर बदली है।

'यूपी के विकास में सामूहिक योगदान'

पीएम मोदी ने एक्सप्रेस-वे, इंटरनेशनल एयरपोर्ट, यूनिवर्सिटी और पर्यटन के विकास, बेहतर कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा का जिक्र करते हुए ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण को भी यूपी की बड़ी उपलब्धि बताया। पीएम का साफ संदेश था कि यूपी का विकास किसी एक व्यक्ति की वजह से नहीं, बल्कि सामूहिक नेतृत्व की वजह से हुआ है। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले चारों नेताओं का एक साथ नाम लेकर पीएम ने यूपी भाजपा में सामूहिक नेतृत्व और संतुलन का संदेश देने की कोशिश की। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह महज औपचारिकता नहीं थी। यह यूपी भाजपा के अंदर सभी गुटों को साधने और एकजुटता दिखाने की रणनीति थी।

टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- सोनिया गांधी का इटली वाला घर बनेगा म्यूजियम

तो कौन हैं ये तीन नेता?

केशव प्रसाद मौर्य- यूपी के डिप्टी सीएम और भाजपा के मजबूत OBC चेहरा। केशव मौर्य लंबे समय से संगठन और पिछड़े वर्ग की राजनीति में सक्रिय हैं। 2017 में भाजपा की जीत में उनकी बड़ी भूमिका मानी जाती है। पीएम ने उनका नाम लेकर OBC वोटबैंक को भी साधने का काम किया।

ब्रजेश पाठक- यूपी के दूसरे डिप्टी सीएम और ब्राह्मण चेहरा। ब्रजेश पाठक कानून मंत्री के तौर पर भी काम कर चुके हैं और लखनऊ की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ है। उनका नाम लेकर पीएम मोदी ने सवर्ण, खासकर ब्राह्मण समाज को संदेश दिया।

पंकज चौधरी- यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्र में मंत्री। पंकज चौधरी पूर्वांचल के कद्दावर नेता माने जाते हैं। कुर्मी समाज से आने वाले पंकज चौधरी संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। उनका नाम लेकर पीएम ने संगठन और पूर्वांचल दोनों को महत्व दिया।

Vinod Mishra
विनोद मिश्राauthor

दिल्ली से लेकर यूपी की राजधानी लखनऊ में करीब दो दशक से टीवी पत्रकारिता कर रहें है। यूपी की सियासत की नब्ज और ब्यूरोकेसी की समझ है। पत्रकारिता एक पैशन है।

और पढ़ें
End of Article