दोहा: स्टार खिलाड़ियों से सजी भारत ए की टीम रविवार को दोहा में चल रहे एसीसी पुरुष एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान ए का सामना करेगी जिसमें दोनों टीम का इरादा अपनी लय बरकरार रखने का होगा। दोनों टीम ने टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की। तिलक वर्मा की अगुवाई वाली भारत ए की टीम ने शुक्रवार को अपने पहले मुकाबले में नेपाल को 306 रन से करारी शिकस्त दी जिससे टीम आत्मविश्वास से भरी होगी। वहीं गत चैंपियन पाकिस्तान ए ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 61 रन से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की थी।
भारत ने नेपाल को 306 रन से करारी मात
भारत ने नेपाल के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए नौ विकेट पर 332 रन बनाए थे और इसके बाद उसकी पूरी टीम को 11.3 ओवर में महज 26 रन पर समेट दिया था। विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र (117) और कप्तान तिलक (107) ने शतक जड़कर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने पांच और हर्षित राणा ने चार विकेट लेकर नेपाल की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। भारतीय टीम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके कई खिलाड़ी शामिल हैं। लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ भारत को कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। भारत की बल्लेबाजी में आक्रामक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी, रिंकू सिंह और प्रभसिमरन सिंह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं जो टीम को काफी मजबूती देते हैं।
यूएई को मात देने के बाद भारत से भिड़ेगा पाकिस्तान
अब्दुल समद की कप्तानी वाली पाकिस्तान की टीम भी यूएई के खिलाफ अपने पहले मैच में किए गए प्रदर्शन से उत्साहित होगी। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 245 रन बनाए और फिर यूएई को 184 रन पर आउट कर दिया। शमिल हुसैन (62) और माज सदाकत (53) ने बल्लेबाजी में अहम योगदान दिया जबकि बाएं हाथ के स्पिनर सुफियान मुकीम और तेज गेंदबाज अली रजा ने तीन-तीन विकेट लिए। यूएई के खिलाफ 39 रन बनाने वाले समद के अलावा हुसैन, सदाकत और तेज गेंदबाज मोहम्मद हसनैन पाकिस्तान के अहम खिलाड़ियों में शामिल होंगे।
हर ग्रुप से दो टीमें पहुंचेंगी सेमीफाइनल
पाकिस्तान मौजूदा 50 ओवर के टूर्नामेंट का चैंपियन है। उसने 2023 के फाइनल में भारत ए को 128 रन से हराया था। इससे रविवार के मुकाबले का महत्व और बढ़ गया है। आठ टीम के इस टूर्नामेंट को दो ग्रुप में बांटा गया है। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। भारत ए की टीम अपना आखिरी ग्रुप मुकाबला 24 नवंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगी।
(भाषा)
