देश

Kya Bolti Public Abhiyan: गोवा से शुरू हुआ CJP का देशव्यापी अभियान, दीपके बोले - भाजपा सरकार को सिर्फ बिल्डरों की चिंता

Kya Bolti Public Abhiyan: मायेम विधानसभा क्षेत्र में स्थित गांव का दौरा करने पहुंचे दीपके ने दावा किया कि गंभीर रूप से घायल गौरीश घाडी को परियोजना का विरोध करने के कारण विशेष रूप से निशाना बनाया गया। दीपके ने कहा कि घाडी के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और सिर पर भी चोटें आई हैं।

Image

अभिजीत दिपके (फोटो साभार- @abhijeet_dipke)

Kya Bolti Public Abhiyan: कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा / CJP) ने अपने देशव्यापी अभियान ‘क्या बोलती पब्लिक’ की शुरुआत गोवा से कर दी है। पार्टी नेता अभिजीत दीपके रविवार को इस अभियान को लेकर गोवा पहुंचे। उन्होंने उत्तरी गोवा के करापुर-सारवन गांव का दौरा किया, जहां हाल ही में एक बड़ी आवासीय परियोजना के विरोध को लेकर हिंसक झड़प हुई थी। बृहस्पतिवार रात करापुर-सारवन में हुई झड़प में कम से कम सात लोग घायल हो गए थे, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। दीपके ने शनिवार को आरोप लगाया कि परियोजना का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों पर बेरहमी से हमला किया गया, लेकिन राज्य सरकार को केवल बिल्डरों की चिंता है।

CJP के ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान की शुरुआत

मायेम विधानसभा क्षेत्र में स्थित इस गांव का दौरा करने पहुंचे दीपके ने दावा किया कि गंभीर रूप से घायल गौरीश घाडी को परियोजना का विरोध करने के कारण विशेष रूप से निशाना बनाया गया। दीपके ने कहा कि घाडी के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और सिर पर भी चोटें आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर दरांती से हमला किया गया था। उन्होंने सवाल किया, "क्या उनका यह दोष था कि वह अपने गांव और वहां के लोगों की जमीन बचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे?" उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला जानलेवा साबित हो सकता था।

दीपके ने दावा किया कि हमले में सात से आठ लोग शामिल थे, लेकिन केवल एक व्यक्ति को कथित तौर पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े करता है। उन्होंने भाजपा सरकार पर स्थानीय निवासियों के हितों के बजाय बिल्डर और कारोबारी समूहों के हितों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित परियोजना के लिए बुनियादी ढांचा विकसित किया जा रहा है, जबकि ग्रामीणों को पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है।

उन्होंने सरकार की विकास प्राथमिकताओं पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि स्थानीय स्कूल और स्वास्थ्य सुविधाओं में क्या सुधार किया गया है। गांव के लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं, लेकिन बिल्डर की परियोजना के लिए तुरंत इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "गोवा अपने लोगों की वजह से गोवा है, बिल्डरों और कारोबारियों की वजह से नहीं।" उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावशाली कारोबारी हितों को फायदा पहुंचाने के लिए राज्य के पारिस्थितिकी तंत्र को नष्ट किया जा रहा है। कॉजपा नेता ने कहा कि विकास के नाम पर पहाड़ियों, जंगलों और अन्य प्राकृतिक संसाधनों को कारोबारी समूहों को सौंपा जा रहा है।

दीपके के मुताबिक, ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान का मकसद यही है कि आम जनता की आवाज को मंच मिले। जहां विकास के नाम पर गांव, जमीन और पर्यावरण छीना जा रहा है, वहां पब्लिक क्या बोलती है - यही इस अभियान में सामने लाया जाएगा। गोवा से शुरू हुआ यह अभियान अब दूसरे राज्यों में भी जाएगा और स्थानीय मुद्दों को राष्ट्रीय मंच देगा।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article