देश

सियासी अखाड़ा बना घोसी, अखिलेश सहित बड़े नेताओं के ताबड़तोड़ दौरे, योगी 2 सितंबर को पहुंचेंगे

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Aug 30, 2023, 04:14 PM IST

घोसी में मतदान के लिए बमुश्किल सात दिन बचे हैं, भाजपा और सपा दोनों के दिग्गज जीत के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

Image

घोसी में चुनावी घमासान

Ghosi Bypoll: यूपी की घोसी विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के लिए अग्निपरीक्षा बन गया है। यूपी की मुख्य विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी यहां भारतीय जनता पार्टी से सीधी टक्कर ले रही है। बहुजन समाज पार्टी के चुनाव न लड़ने के फैसले और कांग्रेस, राष्ट्रीय लोक दल और जनता दल यूनाइटेड जैसे अन्य दलों द्वारा सपा उम्मीदवार का समर्थन करने के कारण पूरा विपक्ष घोसी में भाजपा के लिए खतरा पैदा कर रहा है। घोसी सीट भाजपा और सीएम योगी के लिए भी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है।

मतदान में 7 दिन बाकी

घोसी में मतदान के लिए बमुश्किल सात दिन बचे हैं, भाजपा और सपा दोनों के दिग्गज जीत के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। मंगलवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने घोसी में सभाओं को संबोधित किया, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 2 सितंबर को यहां पहुंचेंगे। यूपी कैबिनेट के एक दर्जन से अधिक मंत्री भाजपा उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए घोसी में डेरा डाले हुए हैं। जबकि प्रमुख सपा नेता शिवपाल यादव और राम गोपाल यादव अन्य लोगों के साथ मतदाताओं को लुभाने के लिए दर-दर भटक रहे हैं।

दारा सिंह चौहान ने छोड़ी थी सीट

इस सीट पर इसलिए चुनाव हो रहा है क्योंकि सपा विधायक दारा सिंह चौहान इस साल जुलाई में पार्टी और विधानसभा से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे। चौहान पिछली योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री थे, लेकिन उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव से एक महीने पहले इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हो गए थे। 2022 में दारा सिंह ने घोसी से सपा प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी।

बीजेपी की रणनीति

घोसी विधानसभा सीट के 4.25 लाख मतदाताओं में मुस्लिम 90000, दलित 70000, यादव 56000, राजभर 52000 और चौहान 46000 हैं। सपा को जहां यादव, मुस्लिम और दलित मतदाताओं का समर्थन मिलने की उम्मीद है, वहीं भाजपा को पूरा भरोसा है राजभर, चौना और ऊंची जाति के वोटरों का समर्थन उसे मिलेगा। इसके अलावा बीजेपी घोसी में पिछड़े मुस्लिम (पसमांदा) वोटरों पर भी काम कर रही है। पार्टी ने पसमांदा मुसलमानों को लुभाने के लिए घोसी में अपने एकमात्र मुस्लिम मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी को तैनात किया है। घोसी में कुल मुस्लिम मतदाताओं में से 70 फीसदी पसमांदा वर्ग के हैं और भाजपा का फोकस इन पर है। इस समुदाय के प्रमुख नेता ओम प्रकाश राजभर के अपने पक्ष में होने से भाजपा घोसी में बड़े पैमाने पर इस जाति के वोट पाने को लेकर आश्वस्त है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article