देश

असम राइफल्स के काफिले पर हमले के बाद मणिपुर के राज्यपाल ने की उच्च स्तरीय बैठक, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

High Level Meeting: असम राइफल्स के काफिले पर घात लगाकर किए गए हमले के मद्देनजर शनिवार को राज्यपाल अजय कुमार भल्ला की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में मणिपुर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर चर्चा हुई। बैठक में राज्य सरकार के शीर्ष अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

Image

राज्यपाल अजय कुमार भल्ला की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीक बैठक (फोटो साभार: @RajBhavManipur)

Photo : Twitter

High Level Meeting: असम राइफल्स के काफिले पर घात लगाकर किए गए हमले के मद्देनजर शनिवार को राज्यपाल अजय कुमार भल्ला की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में मणिपुर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार शाम नाम्बोल सबल लेइकाई इलाके में हथियारबंद लोगों के एक समूह ने असम राइफल्स के एक वाहन पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें दो जवानों की मौत हो गए और पांच अन्य घायल हो गए। अभी तक किसी भी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

राज्यपाल ने की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा

एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘कल असम राइफल्स के काफिले पर हुए जघन्य हमले के बाद, मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने आज (शनिवार) शाम राजभवन में आयोजित एक बैठक में मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।’’ बैठक में राज्य सरकार के शीर्ष अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

राजभवन के बयान में कहा गया, ‘‘बैठक में चर्चा के दौरान अपराधियों की शीघ्र पहचान सुनिश्चित करने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वित कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया गया। यह भी संकल्प लिया गया कि राजमार्गों, पारगमन मार्गों और सीमावर्ती क्षेत्रों सहित संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए।’’ बयान में कहा गया कि गश्त बढ़ाने, खुफिया जानकारी जुटाने में तेजी लाने और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर भी विचार-विमर्श हुआ।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article