देश

INDIA ब्लॉक आज भी करेगा विरोध मार्च, राष्ट्रपति से मिलने जा सकते हैं विपक्ष के ये 10 नेता, जवाब का इंतजार

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से कनॉट प्लेस स्थित 'मोएट्स’ रेस्तरां में आयोजित दोपहर के भोज के बाद विपक्षी नेता तीन बसों में राजघाट के लिए रवाना हुए। राजघाट पहुंचने के बाद उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

Image

सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन।

Photo : PTI

India Alliance Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन के नेता लगातार चौथे दिन विरोध-प्रदर्शन करेंगे। वहीं, सूत्रों का कहना है कि विपक्ष की ओर से 10 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर सकता है। विपक्ष के इन 10 नेताओं के नाम पर सहमति बन गई है और इस पर राष्ट्रपति की तरफ से जवाब का इंतजार है। आज के लिए प्रदर्शन के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दिल्ली पहुंच चुकी हैं।

इंडिया गठबंधन की ओर से भेजे नेताओं के नाम

  • मल्लिकार्जुन खरगे
  • राहुल गांधी
  • अखिलेश यादव
  • तेजस्वी यादव
  • ममता बनर्जी
  • सुप्रिया सुले
  • उद्धव ठाकरे/संजय राउत
  • एम ए बेबी/दीपांकर भट्टाचार्य
  • ET अहमद बशीर (IUML)

तीन बसों में सवार होकर राजघाट पहुंचे कांग्रेस नेता

निर्वाचन आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे विपक्षी 'इंडिया’ गठबंधन के नेता बृहस्पतिवार को कनॉट प्लेस से तीन बसों में सवार होकर राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से कनॉट प्लेस स्थित 'मोएट्स’ रेस्तरां में आयोजित दोपहर के भोज के बाद विपक्षी नेता तीन बसों में राजघाट के लिए रवाना हुए। राजघाट पहुंचने के बाद उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

छात्र संगठन आइसा के कार्यकर्ता भी हुए शामिल

दोपहर के भोज में खरगे के अलावा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी के राजीव राय एवं कई अन्य विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। कनॉट प्लेस से राजघाट तक की यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता नारे लगाते और ढोल बजाते हुए आगे चल रहे थे। कुछ स्थानों पर वामपंथी छात्र संगठन आइसा के कार्यकर्ता भी नारे लगाते और डफली बजाते नजर आए।

'सागर रत्ना’रेस्तरां में दोपहर का भोजन किया था

विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के साथ-साथ निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार और आयोग पर लगातार निशाना साध रहे हैं। गठबंधन के नेता इन मुद्दों पर सरकार और निर्वाचन आयोग से जवाब मांग रहे हैं। इससे एक दिन पहले बुधवार को विपक्षी सांसदों ने जनपथ स्थित 'सागर रत्ना’रेस्तरां में दोपहर का भोजन किया था। इसके बाद वे तीन बसों में सवार होकर जंतर-मंतर की ओर रवाना हुए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया था। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।

भोज में शामिल नहीं हुए इंडिया गठबंधन के कई नेता

'इंडिया’ गठबंधन के सांसदों ने मंगलवार को संसद से निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर भी मार्च किया था। पुलिस ने संसद मार्ग के पास अवरोधक लगाकर उनका मार्च रोक दिया था, जिसके बाद कई विपक्षी नेता और सांसद वहीं धरने पर बैठ गए थे। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को कहा था कि ’इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के लिए समय मांगा है, लेकिन राष्ट्रपति भवन की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। बुधवार को आयोजित दोपहर के भोज में समाजवादी पार्टी, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं हुआ था।

इस पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा था कि दोपहर के भोज का फैसला मंगलवार देर रात लिया गया था और उसी समय इसकी जानकारी दे दी गई थी। उन्होंने कहा था कि इसलिए कुछ दलों के प्रतिनिधियों का भोज में शामिल नहीं हो पाना स्वाभाविक था।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article