By-Poll Election Results 2026 LIVE Updates: पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी की पांच विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के परिणाम आज आएंगे। इन सभी सीटों पर 6 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी। मतगणना का काम सुबह 8 बजे से शुरू हुआ। पहले इन सीटों के रुझान आएंगे और फिर धीरे-धीरे ये रुझान नतीजों में तब्दील हो जाएंगे। सबसे ज्यादा नजर पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर टिकी होगी। तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम और पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी आज घोषित होंगे। वहीं असम के नगांव लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज घोषित होंगे।
उपचुनाव रिजल्ट LIVE अपडेट्स
कड़ी सुरक्षा के बीच नंदीग्राम सीट पर मतगणना शुरूनंदीग्राम विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
-थट्टांचावडी विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की मतगणना से पहले मोतीलाल नेहरू गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मतगणना स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
नतीजों से राजनीतिक रुख का अंदाजा मिलने की संभावना
नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा उपचुनावों के लिए मतगणना शुक्रवार सुबह आठ बजे शुरू होगी और इन नतीजों से पश्चिम बंगाल के मौजूदा राजनीतिक रुख का अंदाजा मिलने की संभावना है, जहां भाजपा ने 15 साल तक सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस को हटाकर सरकार बनाई है। मंगलवार को हुए दोनों उपचुनाव भले ही चार महीने पुरानी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर कोई जनमत संग्रह नहीं हैं लेकिन विपक्ष से सत्ता में आने के बाद पार्टी की चुनावी ताकत का आकलन करने और विपक्षी खेमे की स्थिति पर गौर करने के लिए इन परिणामों पर बारीकी से नजर रखी जाएगी।
लगभग 80 प्रतिशत ने मतदान किया
निर्वाचन आयोग के अनुसार, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के करीब 5.24 लाख मतदाताओं में से लगभग 80 प्रतिशत ने मतदान किया, जिसमें नंदीग्राम में 80.89 प्रतिशत और रेजीनगर में 80.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हालांकि, मतदान के दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने, बूथ स्तर पर अनियमितताओं और छिटपुट झड़पों के आरोप लगे। रेजीनगर में पुलिस के साथ झड़प के बाद आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर को गिरफ्तार कर लिया गया वहीं कांग्रेस ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों में पुनर्मतदान की मांग की। आयोग ने मतदान को कमोबेश शांतिपूर्ण बताया। उसके शिकायत निगरानी तंत्र पर 37 शिकायतें मिलीं जबकि राष्ट्रीय शिकायत सेवा पोर्टल पर 60 शिकायतें दर्ज की गईं।
तमिलनाडु: टीवीके सरकार की पहली परीक्षा
तमिलनाडु की मदुरंताकम और धारापुरम सीटें टीवीके सरकार के लिए पहली चुनावी परीक्षा हैं। पार्टी ने मई में सत्ता संभाली थी। एआईएडीएमके इन दोनों सीटों को वापस जीतना चाहती है, जो अप्रैल के विधानसभा चुनाव में टीवीके के हाथ लगी थीं। मतदान प्रतिशत विधानसभा चुनाव से कम रहा—मदुरंताकम में 86.26% और धारापुरम में 80.30%।
