शहर

Amroha News: रात में बुरका पहनकर रेकी कर रहे हथियारबंद गिरोह! CCTV में कैद हुईं संदिग्धों की हरकत, लोगों में दहशत

Amroha News: अमरोहा की आवास विकास कॉलोनी में महिलाओं के कपड़े पहनकर हथियारों के साथ रेकी करते संदिग्धों का CCTV फुटेज सामने आया है। निवासियों में दहशत है, उनकी मांग है कि संदिग्धों की पहचान कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

Image

हाथ में हथियार लेकर कर रहे घरों की रेकी

Amroha News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस और स्थानीय निवासियों को चकमा देने के लिए बदमाशों ने अनोखा तरीका अपनाया है। अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र की पॉश 'आवास विकास कॉलोनी प्रथम' में महिला के कपड़े पहनकर हाथों में लोहे की रॉड और धारदार हथियार लिए घूमते संदिग्धों का वीडियो CCTV कैमरों में कैद हो गया है। बदमाशों के इस अजीबोगरीब और खौफनाक कारनामे के बाद स्थानीय निवासियों की नींद उड़ गई है और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

अंधेरे का फायदा उठाकर कई घरों की रेकी की

बता दें कि मंगलवार रात आवास विकास कॉलोनी प्रथम में दो संदिग्धों की हलचल देखी गई। कई वीडियो में दिखाई दे रहा है कि संदिग्धों ने सबसे पहले इलाके की स्ट्रीट लाइटें बंद कर दीं, ताकि अंधेरे का फायदा उठाया जा सके। संदिग्धों के हाथों में लोहे की रॉड और धारदार हथियार साफ दिखाई दे रहे थे। उन्होंने कई मकानों के चक्कर काटे और चोरी की नीयत से रेकी करते नजर आए। गनीमत रही कि इस तरह की कोई घटना नहीं हो पाई।

महिला के वेश में घूमते दिखा संदिग्ध

बुधवार शाम कॉलोनी के एक निवासी ने पत्रकारों के साथ एक और CCTV फुटेज साझा किया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। इस नए फुटेज में हथियारबंद संदिग्धों के साथ एक व्यक्ति महिला के वेश में दिखाई दे रहा है। पहचान छुपाने और किसी को शक न होने देने के इरादे से यह गिरोह महिला के कपड़ों का इस्तेमाल कर रहा है। इस घटना के बाद न केवल आवास विकास कॉलोनी, बल्कि अमरोहा देहात थाना क्षेत्र की आसपास की अन्य कॉलोनियों के निवासियों में भी भारी डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जिला पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वायरल हो रहे CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए, पॉश और आवासीय कॉलोनियों में रात के समय पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पिकेट पुलिस की तैनाती की जाए। फिलहाल स्थानीय पुलिस CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर संदिग्धों की पहचान और उनके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने में जुटी हुई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article