Viral Video: सोशल मीडिया पर आए दिन अनोखे और हैरान कर देने वाले वीडियो वायरल होते रहते हैं, लेकिन मध्य प्रदेश के रेलवे स्टेशनों का हाल इन दिनों कुछ अलग ही वजह से चर्चा में है। भोपाल के हाई-टेक रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के बाद अब मंडला जिले के मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन (Mandla Fort Railway Station) का एक मजेदार और हैरान करने वाला वीडियो इंटरनेट पर धूम मचा रहा है। इस स्टेशन का नजारा देखकर हर कोई हैरान है।
वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मंडला फोर्ट स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर आम यात्रियों की आवाजाही जारी है। लोग अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं, तभी अचानक प्लेटफॉर्म पर भैंसों का एक झुंड़ टहलता और दौड़ता हुआ नजर आता है। वीडियो में जिस समय भैंसें प्लेटफॉर्म पर फर्राटा भर रही थीं, उस वक्त वहां कई यात्री, महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। गनीमत यह रही कि किसी भैंस ने किसी यात्री को टक्कर नहीं मारी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। आपको बता दें कि मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन को हाल ही में आधुनिक सुविधाओं के साथ पुन विकसित किया गया है। इस स्टेशन के कायाकल्प पर लगभग 13.55 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। इतनी बड़ी रकम खर्च होने के बाद भी स्टेशन परिसर में जानवरों का इस तरह बेखॉक होकर घूमना रेलवे प्रशासन के दावों पर पानी फेरता नजर आ रहा है। वहीं, इस वीडियो के सामने आने के बाद यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था (RPF) पर सवाल उठने लगे हैं। देखें वीडियो...
स्टेशन पर दिखा अनोखा नजारा
वीडियो देखकर एक पल के लिए आप भी जरूर चौंक गए होंगे। वहीं, अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इतना ही नहीं यूजर्स इस वीडियो पर जमकर मजे लेते हुए प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। कोई इसे 'विशेष यात्री सेवा' बता रहा है, तो कोई कह कर रहा है कि भैंसें भी ट्रेन पकड़ने समय पर पहुंच गई हैं। फिलहाल, इस वायरल वीडियो के बाद देखना यह होगा कि रेलवे प्रशासन इस तरह की लापरवाही पर क्या संज्ञान लेता है और मवेशियों के प्रवेश को रोकने के लिए क्या कड़े कदम उठाता है।
