देश

'INDIA गठबंधन पहले ही जीत चुका है 2029 का लोकसभा चुनाव ', राहुल गांधी का बड़ा दावा; विपक्षी एकजुटता पर भी दिया जोर

INDIA Bloc: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकजुटता की जरूरत पर जोर दिया और दावा किया कि अगला लोकसभा चुनाव 'इंडिया' गठबंधन पहले ही जीत चुका है।

Image

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी

Photo : Times Now Digital

INDIA Bloc: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ विपक्षी एकजुटता की जरूरत पर जोर दिया और दावा किया कि अगला लोकसभा चुनाव 'इंडिया' गठबंधन पहले ही जीत चुका है। उन्होंने बीते आठ जून को हुई 'इंडिया' गठबंधन की बैठक में दिए अपने भाषण का हिंदी रूपांतरण वाला ऑडियो शनिवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए साझा किया।

क्या कुछ बोले राहुल गांधी?

राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, "कई साथियों ने इंडिया गठबंधन की बैठक में मेरे भाषण का हिंदी अनुवाद मांगा था, यह रहा, ज़रूर सुनें।" उन्होंने कहा, "8 जून को इंडिया गठबंधन की बैठक में 20 से भी ज़्यादा नेताओं के भाषणों और बातों को सुनने के बाद आखिर में मैंने इस भाषण से उन्हें संबोधित किया। जब भारत की सोच, देश की आत्मा पर संकट हो... जब संस्थाओं पर कब्ज़ा हो... जब जनता की आवाज़ दबाई जाए...तब सिर्फ़ एकता के साथ प्रतिरोध काम आता है।"

उन्होंने फिर यह दावा किया कि 2024 का चुनाव यह गठबंधन हारा नहीं था और 2029 का चुनाव विपक्षी गठबंधन जीत चुका है। राहुल गांधी ने इस बात पर जोर दिया, "हम एकजुट रहेंगे, जन-जन को संगठित करेंगे और प्रतिरोध की ताकत से भाजपा और भारत के संस्थानों पर उसके कब्ज़े को हराएंगे।"

छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी

इसके अतिरिक्त, राहुल गांधी नीट-यूजी और कई अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक के मामले को लेकर छात्र सम्मेलन करेंगे, जिसकी शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी। इसके बाद प्रयागराज, पटना और दिल्ली में भी राहुल गांधी इस तरह के सम्मेलनों के जरिए छात्रों से संवाद करेंगे। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि इन छात्र सम्मेलनों के माध्यम से नीट के विकेंद्रीकरण, परीक्षा शुल्क खत्म करने, पेपर लीक रैकेट में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article