देश

RSS मार्च में शामिल हुए जोहो के मालिक श्रीधर वेंबू, युवाओं से की राष्ट्र निर्माण की अपील, 14 की उम्र में मार्क्सवाद से थे प्रभावित

जोहो के संस्थापक श्रीधर वेंबू ने तमिलनाडु के तेनकासी में RSS के पथ संचलन में हिस्सा लिया। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

Image

RSS मार्च में शामिल जोहो के मालिक श्रीधर वेंबू (X/@AnanthAyyasamy)

टेक कंपनी जोहो (Zoho) के संस्थापक और मुख्य वैज्ञानिक श्रीधर वेंबू एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका कोई बिजनेस या टेक्नोलॉजी से जुड़ा फैसला नहीं, बल्कि तमिलनाडु में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के एक मार्च में शामिल होना है। 1 नवंबर को श्रीधर वेंबू ने तमिलनाडु के तेनकासी जिले के शंकरनकोविल में आयोजित RSS के पथ संचलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण जैसे मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।

तमिलनाडु में 100 से ज्यादा जगहों पर हुआ आयोजन

यह पथ संचलन RSS के विजयादशमी समारोह का हिस्सा था। संगठन की ओर से तमिलनाडु में 100 से अधिक स्थानों पर मार्च आयोजित किए गए थे। 1 नवंबर को इसका दूसरा और अंतिम चरण था। इससे पहले 25 अक्टूबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में ऐसे मार्च निकाले गए थे। श्रीधर वेंबू के मार्च में शामिल होने की तस्वीरें बीजेपी के तेनकासी जिला अध्यक्ष और उद्यमी अनंतन अय्यासामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर कीं। अय्यासामी ने बताया कि वेंबू पहले तेनकासी शहर में होने वाले मार्च में शामिल होना चाहते थे, लेकिन उस समय यात्रा पर थे। घर लौटने के बाद उन्होंने शंकरनकोविल के मार्च में हिस्सा लिया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 3 लाख की सुपारी देकर पिता ने कराई बेटे की हत्या

युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील

अय्यासामी के मुताबिक, श्रीधर वेंबू ने मार्च से जुड़े एक कार्यक्रम में लोगों को संबोधित भी किया। इस दौरान उन्होंने आत्मनिर्भरता, राष्ट्रवाद और देश के विकास में RSS के योगदान पर बात की। उन्होंने दिसंबर 2023 में तमिलनाडु के तूतीकोरिन और तिरुनेलवेली जिलों में आई बाढ़ के दौरान किए गए राहत कार्यों का भी जिक्र किया। अय्यासामी के अनुसार, वेंबू ने सेवा भारती जैसे संगठनों के जरिए राहत कार्यों में शामिल स्वयंसेवकों की भूमिका को याद किया। उन्होंने युवाओं से भी राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

RSS की गतिविधियों में पहले से सक्रिय हैं वेंबू

अय्यासामी का कहना है कि श्रीधर वेंबू तेनकासी क्षेत्र में RSS की गतिविधियों से जुड़े रहते हैं। वह स्थानीय बैठकों में हिस्सा लेते हैं और भारतीय संस्कृति तथा परंपराओं से जुड़ी सांस्कृतिक कक्षाओं और वीकेंड सत्रों को प्रायोजित भी करते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वह RSS के प्रशिक्षण शिविरों में भी शामिल हो चुके हैं और संगठन के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं।

14 साल की उम्र में बन गए थे मार्क्सवादी

श्रीधर वेंबू की विचारधारा को लेकर इससे पहले भी चर्चा हो चुकी है। जुलाई में उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने स्कूल के दिनों का एक अनुभव साझा किया था। उन्होंने बताया था कि 10वीं कक्षा में एक मार्क्सवादी शिक्षक के प्रभाव में आकर वह 14 साल की उम्र में कुछ समय के लिए मार्क्सवादी और नास्तिक बन गए थे। वेंबू के मुताबिक, बाद में मार्क्सवाद में उनकी रुचि खत्म हो गई, हालांकि वह कई सालों तक नास्तिक बने रहे।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article