देश

भाजपा के पूर्व विधायक की दुकान की छत पर युवती का शव मिला, परिजनों ने किया हंगामा

Bafna House Jagdalpur Woman Death Controversy: जगदलपुर में भाजपा के पूर्व विधायक संतोष बाफना की दुकान की छत पर 20 वर्षीय युवती का शव मिला। परिजनों ने पुलिस पर जल्दबाजी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की।

Image

भाजपा के पूर्व विधायक की दुकान की छत पर युवती का शव मिला, परिजनों ने किया हंगामा

Jagdalpur BJP Ex MLA Santosh Bafna Shop: छत्तीसगढ़ में बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पूर्व विधायक की दुकान की छत पर एक युवती का शव मिला है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। जगदलपुर के शहर कोतवाली थाने के प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि पूर्व विधायक संतोष बाफना की दुकान की छत पर सोमवार सुबह 20 वर्षीय एक युवती का शव बरामद किया गया। पुलिस को आशंका है कि युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है।

राठौर ने बताया कि पुलिस को सुबह बाफना हाउस की छत पर एक युवती का शव होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस का एक दल मौके पर पहुंचा और शव बरामद किया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवती 21 अक्टूबर से बाफना हाउस में स्थित कपड़े की एक दुकान पर काम कर रही थी और वह रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह छत पर गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।

'युवती का शव छत के फर्श पर पड़ा मिला'

उन्होंने बताया कि दुकान में काम करने वाली एक महिला सोमवार सुबह किसी काम से छत पर गई तो उसने वहां युवती का शव देखा जिसके बाद महिला ने इसकी सूचना दुकान के मालिक और अन्य कर्मचारियों को दी।

राठौर ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो युवती का शव छत के फर्श पर पड़ा था। उन्होंने बताया कि उसके गले में फटा हुआ दुपट्टा कसा था और दुपट्टे का दूसरा सिरा छत पर लगे एक पाइप से लटक रहा था।

'सुसाइड नोट' भी मिला

उन्होंने बताया कि पुलिस को शव के पास से एक कथित 'सुसाइड नोट' भी मिला है, जिसमें युवती ने अपनी मर्जी से जान देने की बात लिखी है और किसी को परेशान नहीं करने को कहा है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की और इस दौरान दुपट्टा टूटने से वह नीचे गिर गई लेकिन मौत की सटीक परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं, युवती के परिजनों ने आरोप लगाया कि उनके मौके पर पहुंचने से पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर दी थी। उन्होंने न्याय की मांग की है। मृतका की मौसी बेला ने बताया कि युवती करीब एक सप्ताह से दुकान पर काम करने जा रही थी और रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे जब परिजन उसका पता लगाने वहां पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि वह वहां नहीं है।

उन्होंने कहा कि बाद में उसका मोबाइल फोन घर पहुंचा दिया गया। परिजनों को बताया गया कि युवती शाम साढ़े छह बजे दुकान से निकल गई थी। बेला ने बताया कि सोमवार सुबह परिजन दुकान के पास पहुंचे और करीब एक घंटे तक वहां बैठे रहे। इसके बाद उन्हें बताया गया कि युवती की मौत हो गई है और उसका शव छत पर पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिजनों के पहुंचने से पहले ही पुलिस मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर चुकी थी। उन्होंने कहा, 'हमें न्याय चाहिए।' भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष बाफना 2013 से 2018 तक जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे थे।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article