फिल्मों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले निर्देशक अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) अब एक कानूनी मामले को लेकर मुश्किल में फंस गए हैं। ब्राह्मण समाज के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में सूरत की अदालत ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया है। बताया जा रहा है कि अदालत की ओर से बार-बार बुलाए जाने और अखबार में सूचना छपने के बावजूद अनुराग कश्यप पेश नहीं हुए। उनकी गैरमौजूदगी को देखते हुए अदालत ने यह सख्त कदम उठाया है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 24 दिसंबर को होगी। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-2000 करोड़ की Ramayana के मेकर्स को बॉम्बे हाईकोर्ट से मिली बड़ी राहत, फिल्म लीक करने वालों की अब खैर नहीं!)
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, यह मामला 19 मार्च 2025 का है। आरोप है कि अनुराग कश्यप ने अपने सोशल मीडिया खाते पर ब्राह्मण समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई। एक व्यक्ति आदित्य दत्ता ने भी इस टिप्पणी पर विरोध जताते हुए अनुराग से पोस्ट हटाने और सोच-समझकर बोलने की अपील की थी। आरोप है कि इसके जवाब में निर्देशक ने उन्हें सोशल मीडिया पर अपशब्द कहे। इस मामले को लेकर सूरत में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता और वरिष्ठ वकील कमलेश रावल के मुताबिक, उन्होंने इस मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाया था। अदालत ने अनुराग कश्यप को पेश होने के लिए समन भेजा था। जब वह इसके बाद भी अदालत नहीं पहुंचे, तो आदेश के अनुसार 5 सितंबर को मुंबई के एक अखबार में भी इसकी सूचना प्रकाशित कराई गई। इसके बावजूद अनुराग कश्यप अदालत में पेश नहीं हुए। इसके बाद अदालत ने उनके खिलाफ वारंट जारी कर दिया।
24 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
वकील कमलेश रावल ने बताया कि अदालत ने कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं करने के कारण यह कदम उठाया है। अब सभी की नजरें 24 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर हैं। इस मामले में अनुराग कश्यप की ओर से उनका पक्ष सामने आना बाकी है। बताते चलें कि अनुराग कश्यप ने अपने करियर में एक से एक हिट फिल्में दी है। इस लिस्ट में गैंग्स ऑफ वासेपुर तक के नाम शामिल है।
