NationalVotersDay: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को लोगों से लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में भाग लेने का आग्रह करते हुए कहा कि मतदाता होना न सिर्फ संवैधानिक विशेषाधिकार है, बल्कि एक महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है जो प्रत्येक नागरिक को भारत के भविष्य को आकार देने में अपनी राय रखने का अधिकार देता है। पीएम मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा, #NationalVotersDay की शुभकामनाएं। यह दिन हमारे राष्ट्र के लोकतांत्रिक मूल्यों में हमारी आस्था को और मजबूत करने का प्रतीक है।
उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत करने के प्रयासों के लिए भारतीय निर्वाचन आयोग से जुड़े सभी लोगों की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा, मतदाता होना न केवल संवैधानिक विशेषाधिकार है, बल्कि एक महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है जो प्रत्येक नागरिक को भारत के भविष्य को आकार देने में अपनी राय रखने का अधिकार देता है।
प्रधानमंत्री ने कहा, आइए लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में निरंतर भाग लेकर अपने लोकतंत्र की भावना का सम्मान करें और इस प्रकार एक विकसित भारत की नींव को मजबूत करें। राष्ट्रीय मतदाता दिवस भारत में प्रतिवर्ष 25 जनवरी को भारतीय निर्वाचन आयोग की स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।
मतदाता दिवस पर युवाओं को लिखा पत्र
मतदाता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने माय-भारत के स्वयंसेवकों और युवाओं को पत्र लिखकर उनसे आग्रह किया कि वे उस पल का जश्न मनाएं जब वे या उनके आसपास के लोग मतदाता बनते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मतदान के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता इतनी गहरी है कि चाहे वे हिमालय में रहते हों या रेगिस्तान में, वे अपनी आवाज सुनाने के लिए मतदान करने जरूर आते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने मतदाता दिवस पर युवाओं को लिखे पत्र में कहा, हमारी नारी शक्ति, विशेषकर युवा महिलाओं की भागीदारी, समावेशी लोकतंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। पहली बार मतदान करने वालों का लोकतंत्र में स्वागत किया जाना चाहिए, क्योंकि वे ऐसे व्यक्ति हैं जिनके पास हमारे देश के भविष्य को बदलने की शक्ति है।
