केरल के नीलांबुर में चोक्कड़ नदी में अचानक आई बाढ़ से हड़कंप मचा हुआ है। इस अचानक आई बाढ़ में अब तक तीन लोगों के मरने की पुष्टि हो गई है, वहीं कई लोग लापता हैं। अधिकारियों के मुताबिक,हादसे के बाद लापता एक महिला और दो पुरुषों के शव बरामद कर लिए गए हैं। राहत और बचाव अभियान अभी जारी है।
अचानक बढ़ा नदी का जलस्तर
रविवार शाम करीब 5 बजे पूक्कोट्टुम्पदम के टीके कॉलोनी स्थित कोट्टप्पुझा इलाके में चोक्कड़ नदी में अचानक तेज पानी आ गया, जिसके कारण पर्यटकों और स्थानीय लोगों समेत करीब सात लोगों के बह गए। बाद में राहत और बचाव अभियान के दौरान एक पुरुष का शव पोट्टिकल्लू के मुत्तिकुंड इलाके में नदी से बरामद हुआ। इसके बाद एक महिला और एक अन्य पुरुष का शव भी मिला। सबसे हाल में एक पुरुष का शव एंटोनिक्कड़ के पास बरामद किया गया।
चट्टानों और पेड़ों पर फंसे लोग
अचानक पानी बढ़ने के बाद चोक्कड़ इलाके में चार लोग चट्टानों और पेड़ों पर फंस गए। वहीं, नदी के बीच फंसे करीब 27 लोगों को स्थानीय लोगों और मोहम्मद सुहैल ट्रीटमेंट एड कमेटी के सदस्यों ने सुरक्षित बाहर निकाला। इस त्रासदी के बाद पुलिस,फायर और रेस्क्यू सर्विस और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव अभियान में जुटे हुए हैं।
छुट्टी के कारण बड़ी संख्या में पहुंचे थे पर्यटक
बता दें कि चोक्कड़ नदी के किनारे ओलरवट्टोम नहर से लेकर टीके कॉलोनी तक कई लोकप्रिय पर्यटन स्थल हैं। ऐसे में आज रविवार की छुट्टी होने के कारण केट्टुंगल, आनाकुंडु, बालवाडिप्पडी और कोयिप्रा की तलहटी समेत आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद थे। अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से वहां अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन को आशंका है कि कुछ और लोग लापता हो सकते हैं,इसलिए तलाशी अभियान जारी रखा गया है।
IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD)ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। रविवार को केरल के सात जिलों में येलो अलर्ट जारी है,इसमें तिरुवनंतपुरम और इडुक्की भी शामिल हैं।
