शहर

योगी की पाती: 'नौकरी मांगने वाले नहीं, देने वाले बनें युवा', इंटरनेशनल ट्रेड शो से पहले CM योगी का संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने UPITS 2026 के चौथे संस्करण को लेकर प्रदेशवासियों को पाती लिखी है। ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो के जरिए युवाओं से स्थानीय सामर्थ्य को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने और 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का लक्ष्य पूरा करने का आह्वान किया गया है।

Image

UPITS को लेकर CM योगी की पाती (फाइल फोटो)

Photo : PTI

उत्तर प्रदेश को 'बीमारू प्रदेश' के टैग से बाहर निकालकर एक 'उत्सव प्रदेश' और देश का ग्रोथ इंजन बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम बढ़ाया है। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले 'यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो' (UPITS 2026) के चौथे संस्करण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम एक विशेष संदेश साझा किया है। मुख्यमंत्री ने पाती में कहा कि जब प्रदेश में डबल इंजन सरकार ने काम संभाला, तब सबसे पहली और बड़ी चुनौती रोजगार का सृजन करना था। अकेले सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (MSME) और 'एक जनपद-एक उत्पाद' (ODOP) जैसी योजनाओं से अब तक 4 करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर बने हैं। ओडीओपी की अभूतपूर्व सफलता से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने 'एक जनपद-एक व्यंजन' (One District One Cuisine - ODOC) जैसी नई और अभिनव पहल शुरू की है, जिससे स्थानीय खान-पान और व्यंजनों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल सके।

15 लाख करोड़ का निवेश धरातल पर

योगी आदित्यनाथ ने अपने पत्र में उत्तर प्रदेश की बदलती आर्थिक तस्वीर का ब्योरा देते हुए लिखा कि प्रदेश का निर्यात अब 2 लाख करोड़ से अधिक हो चुका है। राज्य में देश और दुनिया के निवेशक भरोसा जता रहे हैं, जिसके तहत 15 लाख करोड़ से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है। बड़े पैमाने पर होने वाले इस निवेश से नए उद्योगों की स्थापना हो रही है और सीधे तौर पर युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खुल रहे हैं।

"युवा रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें"

प्रदेश के नौजवानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की असली पहचान केवल विशाल बाजार और जनशक्ति नहीं, बल्कि यहां के युवाओं का कौशल, शिल्पकारों का हुनर और उद्यमियों की प्रतिभा है। CM योगी ने लिखा कि हमारी सोच है कि प्रदेश का युवा सिर्फ नौकरी तलाशने वाला न बने, बल्कि खुद का उद्यम शुरू कर दूसरों को रोजगार देने में सक्षम बने। इसके लिए स्टार्टअप नीति और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना जैसे कदम उठाए गए हैं। UPITS जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन हमारे युवाओं और छोटे उद्यमियों को विदेशी खरीदारों, निवेशकों और वैश्विक बाजार से जोड़ने का सबसे बड़ा जरिया हैं।

1 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी और 'विकसित यूपी' का संकल्प

मुख्यमंत्री ने युवाओं और भावी उद्यमियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे 25 से 29 सितंबर के बीच ग्रेटर नोएडा पहुंचे, नए कारोबारी संपर्कों को समझें और अपने विचारों को बड़े उद्यम में बदलने का अवसर खोजें। उन्होंने विश्वास जताया कि स्थानीय सामर्थ्य के वैश्विक बाजार तक पहुंचने से उत्तर प्रदेश जल्द ही 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करेगा और 'विकसित उत्तर प्रदेश' का सपना हकीकत में बदलेगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article