देश

BJP IT-सोशल मीडिया की मैराथन बैठक, महिला नेताओं पर टिप्पणी को लेकर नितिन नबीन की नसीहत

बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सोशल मीडिया के जरिए और धार देने की रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी के डिजिटल नेटवर्क के जरिए अभियान को ज्यादा प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने और अलग-अलग वर्गों के साथ संवाद बढ़ाने पर जोर दिया गया।

Image

BJP IT-सोशल मीडिया की बैठक में नितिन नबीन।

बीजेपी मुख्यालय के विस्तार कार्यालय में रविवार को पार्टी के आईटी और सोशल मीडिया विभाग की अहम बैठक हुई। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चली इस मैराथन बैठक में आगामी चुनावों की डिजिटल रणनीति, सोशल मीडिया कैंपेन और युवा, खासकर Gen-Z तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने को लेकर विस्तार से मंथन हुआ।

बैठक में नितिन नबीन, बीएल संतोष और दीपक म्हासके रहे मौजूद

बैठक में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, संगठन महामंत्री बीएल संतोष और बीजेपी के राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक दीपक म्हासके मौजूद रहे। इसके अलावा लगभग सभी राज्यों के बीजेपी आईटी और सोशल मीडिया प्रमुख एवं सह-प्रमुख बैठक में शामिल हुए।

‘सेवा संकल्प अभियान’ को सोशल मीडिया पर धार देने की तैयारी

बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सोशल मीडिया के जरिए और धार देने की रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी के डिजिटल नेटवर्क के जरिए अभियान को ज्यादा प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने और अलग-अलग वर्गों के साथ संवाद बढ़ाने पर जोर दिया गया। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए बीजेपी के डिजिटल और सोशल मीडिया कैंपेन की रणनीति पर भी मंथन हुआ। पार्टी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पहुंच को और प्रभावी बनाने के लिए नए कंटेंट और कैंपेन तैयार करने पर चर्चा हुई।

Gen-Z और युवाओं पर बीजेपी का विशेष फोकस

बैठक में Gen-Z और युवा पीढ़ी तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। युवाओं के साथ संवाद को मजबूत करने के लिए नए डिजिटल कंटेंट, सोशल मीडिया फॉर्मेट और कैंपेन पर मंथन किया गया। पार्टी की कोशिश है कि सोशल मीडिया के जरिए युवाओं तक बीजेपी की नीतियों, कार्यक्रमों और अभियानों को ज्यादा प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए।

विपक्ष की महिला नेताओं पर टिप्पणी से बचने की नसीहत

सूत्रों के मुताबिक, बैठक को संबोधित करते हुए बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोशल मीडिया टीम को विपक्ष की महिला नेताओं पर व्यक्तिगत या आपत्तिजनक टिप्पणी से बचने की स्पष्ट नसीहत दी। सूत्रों के मुताबिक, नबीन ने कहा कि सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी या विपक्ष के किसी भी दल की महिला नेता पर ऐसा कोई कटाक्ष नहीं किया जाना चाहिए, जिससे पार्टी की छवि धूमिल हो।

‘चाल, चरित्र और चेहरा’ की छवि का ध्यान रखने पर जोर

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सोशल मीडिया पर विपक्ष के सवालों और आरोपों का जवाब देते समय भाषा और कंटेंट को लेकर विशेष सावधानी बरती जाए।नितिन नबीन ने पार्टी की ‘चाल, चरित्र और चेहरा’ वाली छवि का हवाला देते हुए सोशल मीडिया टीम को इस बात का ध्यान रखने को कहा कि किसी महिला नेता के खिलाफ ऐसी टिप्पणी न हो, जिसे विपक्ष राजनीतिक मुद्दा बना सके।

महिला सम्मान को लेकर सोशल मीडिया टीम को स्पष्ट संदेश

सूत्रों के अनुसार, बैठक में यह भी कहा गया कि बीजेपी विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान लगातार महिला अधिकारों और महिला सम्मान से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देती रही है। ऐसे में सोशल मीडिया पर पार्टी के जवाब और राजनीतिक संवाद में भी महिला सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए।

आक्रामक जवाब के साथ ‘लक्ष्मण रेखा’ का संदेश

बैठक में सोशल मीडिया पर विपक्ष के नैरेटिव का जवाब देने और पार्टी की बात को मजबूती से रखने पर जोर तो दिया गया, लेकिन साथ ही कंटेंट की भाषा और व्यक्तिगत टिप्पणियों को लेकर एक स्पष्ट ‘लक्ष्मण रेखा’ तय करने का संदेश दिया गया। बीजेपी नेतृत्व की ओर से सोशल मीडिया टीम को संकेत दिया गया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर राजनीतिक जवाब तथ्यों, मुद्दों और पार्टी के नैरेटिव के आधार पर हों और ऐसा कोई कंटेंट न हो, जिससे पार्टी की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचे।

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारीauthor

हिमांशु तिवारी एक पत्रकार हैं जिन्हें प्रिंट से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक का 16 साल का अनुभव है। मैंने अपना करियर क्राइम रिपोर्टर के रूप में शुरू किया था लेकिन बाद में पॉलिटिकल रिपोर्टिंग में शिफ्ट हो गया। पिछले 12 से अधिक वर्षों से बीजेपी, आरएसएस को कवर कर रहे हैं, कुछ आम चुनावों और कई विधानसभा चुनावों की सटीक रिपोर्टिंग भी की है। "सारी दुनिया एक मंच है" और इसलिए रंगमंच और नाटक लिखने में गहरी रुचि है।

और पढ़ें
End of Article