स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने सोमवार को एशियाई खेलों में मेंस की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। साथ ही, शूटर रुद्राक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों ने व्यक्तिगत फाइनल के लिए भी क्वालिफाई किया। रुद्राक्ष, हिमांशु और पार्थ माने की टीम का कुल स्कोर 1890.1 रहा। एशियन गेम्स में यह भारत का तीसरा मेडल रहा। तीनों ही मेडल निशानेबाजी में आए हैं।
चीन ने 1899.0 पॉइंट्स के वर्ल्ड रिकॉर्ड टीम स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता, जो उनके पिछले रिकॉर्ड से 0.6 पॉइंट्स बेहतर था। दक्षिण कोरिया ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन उन्हें 1884.2 पॉइंट्स के कुल स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। रुद्राक्ष ने 631.8 पॉइंट्स के स्कोर के साथ व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन स्टैंडिंग में तीसरा स्थान हासिल किया। जबकि हिमांशु 630.0 पॉइंट्स के साथ सातवें स्थान पर रहे। दूसरी ओर, पार्थ 628.3 पॉइंट्स के साथ 10वें स्थान पर रहे और व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना पाए।
शूटिंग में भारत को मिला तीसरा पदक
इस सिल्वर मेडल से शूटिंग में भारत के पदकों की संख्या में और बढ़ोतरी हुई और तीन तक पहुंच गई है। इसकी शुरुआत महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में दूसरे स्थान पर रहने से हुई थी। एलावेनिल वलारिवान, सोनम मस्कर और विदर्शा विनोद ने मिलकर महिलाओं की टीम इवेंट में भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता, जिसके बाद एलावेनिल ने व्यक्तिगत प्रतियोगिता में एक और सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
खबर अपडेट की जाएगी....
