देश

मैनपुरी: एकजुट हो रहा कुनबा! शिवपाल ने शिष्य को छोड़ बहू को दिया आशीर्वाद, कहा- डिंपल यादव को जिताएं

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 17, 2022, 04:37 PM IST

समाजवादी पार्टी का गढ़ मानी जाने वाली मैनपुरी सीट 10 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन से खाली हुई है। समाजवादी पार्टी ने मैनपुरी लोकसभा सीट से डिंपल यादव को चुनावी मैदान में उतारा है। इस सीट के एक विधानसभा क्षेत्र से शिवपाल सिंह यादव विधायक हैं।

Image

शिवपाल सिंह यादव के साथ अखिलेश-डिंपल ने की मुलाकात

Photo : Twitter

मैनपुरी उपचुनाव (Mainpuri By Election 2022) से पहले एक बार फिर से मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) का कुनबा एकजुट होता दिख रहा है। नाराज चाचा शिवपाल (Shivpal yadav) एक बार फिर से अखिलेश (Akilesh yadav) का साथ देते हुए दिख रहे हैं। गुरुवार को अखिलेश यादव और डिंपल यादव (Dimple Yadav) ने शिवपाल सिंह यादव से मुलाकात भी की है। हालांकि इस मुलाकात से पहले ही डिंपल यादव के पक्ष में शिवपाल अपने कार्यकर्ताओं को संदेश दे चुके हैं।

शिष्य को छोड़ बहू का साथ

यूपी विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद से शिवपाल यादव अखिलेश पर भड़के नजर आ रहे थे। कई बार अपनी नाराजगी जता चुके थे और कहा जा रहा था कि शिवपाल, बीजेपी के साथ जा सकते हैं। इसी बीच सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की मौत के बाद ये दूरी मिटती दिख रही है। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई सीट पर सपा ने अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव को टिकट दे दिया तो सबकी नजरें शिवपाल पर टिक गईं। उधर बीजेपी ने भी शिवपाल के शिष्य और सपा के पूर्व नेता रघुराज शाक्य को टिकट दे दिया, जिसके बाद अटकलें लगीं कि शिवपाल अपने शिष्य का साथ देंगे, लेकिन शिवपाल ने अब साफ कर दिया है कि वो इस चुनाव में अखिलेश के साथ हैं।

अखिलेश की मुलाकात

गुरुवार को अखिलेश और डिंपल चाचा शिवपाल से मिलने के लिए पहुंचे। जहां मैनपुरी चुनाव के साथ-साथ अन्य चीजों पर भी चर्चा हुई। इस मुलाकात को लेकर अखिलेश यादव ने ट्विट करके कहा- "नेता जी और घर के बड़ों के साथ-साथ मैनपुरी की जनता का भी आशीर्वाद साथ है!"

शिवपाल ने क्या कहा

इस मुलाकात को लेकर शिवपाल सिंह यादव ने ट्विट करके कहा- "जिस बाग को सींचा हो खुद नेता जी ने... उस बाग को अब हम सीचेंगे अपने खून पसीने से..."

कार्यकर्ताओं को शिवपाल का संदेश

इस मुलाकात से पहले ही शिवपाल यादव ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ एक बैठक की थी। जिसमें उन्होंने साफ कहा था कि डिंपल यादव को ही यहां से जीत मिलनी चाहिए। पीटीआई के अनुसार उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि मुलायम सिंह यादव का मैनपुरी के साथ भावनात्मक संबंध रहा है और अगर समाजवादी पार्टी उनके द्वारा छोड़ी गई सीट जीत जाती है तो यह 'नेताजी' को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!