Why Are Kids Falling Sick So Often: आजकल नोएडा और एनसीआर के कई माता-पिता की सबसे बड़ी चिंता है कि उनके बच्चे बार-बार बीमार क्यों पड़ रहे हैं। कभी जुकाम-खांसी, कभी बुखार या फिर बार-बार होने वाले वायरल इंफेक्शन बच्चों की सेहत और पढ़ाई, दोनों को प्रभावित कर रहे हैं। बच्चों में थकान, भूख न लगना और कमजोर इम्युनिटी भी एक आम समस्या बन चुकी है। नोएडा के चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. निखिल मेहरोत्रा (MBBS, MD - Pediatrics & Neonatology) और पंजाबी बाग, दिल्ली के बाल रोग और अस्थमा विशेषज्ञ सीनियर कंसल्टेंट डॉ. हितेश कुमार का कहना है 'बदलता मौसम, बढ़ता प्रदूषण, प्रोसेस्ड फूड और जीवनशैली में बदलाव बच्चों को ज्यादा संवेदनशील बना रहे हैं।' ऐसे में माता-पिता के लिए यह समझना जरूरी है कि आखिर कौन-कौन सी वजहें बच्चों की सेहत बिगाड़ रही हैं और किन आसान उपायों से उन्हें बार-बार बीमार होने से बचाया जा सकता है।
बार-बार बीमार क्यों पड़ जाते हैं दिल्ली-एनसीआर वाले बच्चे
डॉक्टर्स का कहना है कि देश और दिल्ली एनसीआर में बच्चों की सेहत खराब होने के पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। बच्चों को बीमार बनाने वाले कुछ आम कारणों में शामिल हैं,
- प्रदूषित हवा
- जंक फूड का ज्यादा सेवन
- धूप और आउटडोर एक्टिविटी की कमी
- भीड़-भाड़ वाली जगहें
- बदलता मौसम
- खराब पानी और खाना
- नींद की कमी

बार-बार बच्चे क्यों होते हैं बीमार
बढ़ता प्रदूषण और सांस की समस्याएं
एनसीआर का बढ़ता एयर पॉल्यूशन बच्चों के फेफड़ों पर सबसे ज्यादा असर डाल रहा है। गाड़ियों का धुआं, इंडस्ट्रियल पॉल्यूशन और खराब एयर क्वालिटी इंडेक्स के कारण बच्चे अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और बार-बार खांसी-जुकाम जैसी सांस संबंधी दिक्कतों से जूझ रहे हैं।
डॉ. कुमार बताते हैं कि 'छोटे बच्चे, जिनका लंग्स अभी पूरी तरह विकसित नहीं होता, वे प्रदूषण के लिए ज्यादा वल्नरेबल होते हैं। लगातार खराब हवा में सांस लेने से उनकी इम्युनिटी पर सीधा असर पड़ता है और उन्हें सांस की तकलीफ जल्दी पकड़ लेती है।' लंबे समय तक यह बच्चों के लंग्स की ग्रोथ को प्रभावित कर सकता है, इसलिए यह समस्या और गंभीर हो जाती है।
जंक फूड और कमजोर इम्युनिटी
डॉ. निखिल कहते हैं कि आजकल बच्चों के खान-पान में घर का बना पौष्टिक खाना कम हो गया है। पैकेज्ड स्नैक्स, पिज्जा-बर्गर, फ्राइड आइटम्स और कोल्ड ड्रिंक्स उनकी डेली डाइट का हिस्सा बनते जा रहे हैं। इससे बच्चों को प्रोटीन, विटामिन्स और मिनरल्स नहीं मिल पाते। डॉ. कुमार का कहना है कि 'ऐसे खाने से बच्चों की इम्युनिटी कमजोर होती है, जिससे उन्हें संक्रमण जल्दी पकड़ लेता है। ऊपर से शुगर और ट्रांस फैट वाली चीजें बच्चों के पेट और लिवर की सेहत पर भी असर डालती हैं।'
धूप और आउटडोर एक्टिविटी की कमी
बच्चे आजकल घंटों मोबाइल, टीवी या लैपटॉप पर समय बिताते हैं। इससे उनका आउटडोर खेलना और धूप में रहना कम हो गया है। इसका सीधा असर विटामिन D लेवल पर पड़ता है, जिससे हड्डियां कमजोर होने लगती हैं और मसल्स में थकान जल्दी आती है। डॉ. कुमार की सलाह है कि 'बच्चों को रोजाना कम से कम 20–30 मिनट सुबह की धूप में जरूर खेलने दें। यह उनकी हड्डियों को मजबूत बनाता है और इम्युनिटी को नैचुरल तरीके से बढ़ाता है।'

क्या और हो सकते हैं कारण
मौसम में बदलाव और बार-बार संक्रमण
एनसीआर का मौसम में काफी तेजी से बदलाव होता है, कभी-कभी यह अचानक बदलता है। कभी बहुत गर्मी, कभी अचानक बारिश या ठंड, यह बच्चों के लिए संक्रमण का माहौल बना देता है। वायरल, फ्लू और बैक्टीरियल इंफेक्शन स्कूल या पार्क जैसी भीड़-भाड़ वाली जगहों में तेजी से फैलते हैं। डॉ. मेहरोत्रा बताते हैं कि 'जब बच्चे एक-दूसरे के संपर्क में आते हैं, तो वायरस और बैक्टीरिया तेजी से फैलते हैं। यही कारण है कि एक बच्चा बीमार होता है तो जल्द ही क्लास के बाकी बच्चों तक भी संक्रमण पहुंच जाता है।'
पानी और खाने की स्वच्छता की समस्या
गर्मियों और बरसात में खासतौर पर दूषित पानी और बाहर का खाना बच्चों के लिए बड़ी समस्या बन जाता है। इससे डायरिया, फूड पॉइजनिंग, उल्टी और पेट दर्द की शिकायतें आम हो जाती हैं। डॉ. कुमार कहते हैं कि 'बच्चों को हमेशा साफ, उबला या फिल्टर किया हुआ पानी पिलाएं। घर का बना ताजा खाना बच्चों को न सिर्फ सुरक्षित रखता है बल्कि उनकी पाचन शक्ति भी मजबूत करता है।'
बच्चों की नींद और दिनचर्या
नींद बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास दोनों के लिए जरूरी है। लेकिन आजकल देर रात तक मोबाइल देखने, पढ़ाई के दबाव और स्कूल के स्ट्रेस की वजह से बच्चे पर्याप्त नींद नहीं ले पाते। डॉ. निखिल का कहना है कि '7 से 12 साल तक के बच्चों को कम से कम 9–11 घंटे और किशोरावस्था के बच्चों को 8–10 घंटे की नींद जरूर लेनी चाहिए। नींद पूरी न होने पर उनकी इम्युनिटी गिरती है और चिड़चिड़ापन भी बढ़ता है।'

बच्चों को कैसे रखें सेहतमंद
बच्चों को बार-बार बीमार पड़ने से कैसे बचाएं - How To Prevent Kids To Get Sick In Hindi
दोनों डॉक्टर मानते हैं कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर बच्चों की सेहत को काफी हद तक बेहतर बनाया जा सकता है।
- बच्चों को ताजा, घर का बना संतुलित आहार दें। डाइट में फल-सब्जियां बढ़ाएं।
- रोजाना कम से कम आधा घंटा आउटडोर एक्टिविटी और सुबह की धूप जरूरी है।
- साफ पानी, स्वच्छता और हाइजीन का ध्यान रखें।
- बच्चों की स्क्रीन टाइम लिमिट करें और पर्याप्त नींद दिलवाएं।
- बदलते मौसम में उन्हें हल्के, आरामदायक और मौसम अनुसार कपड़े पहनाएं।
- समय-समय पर डॉक्टर से रूटीन चेकअप और वैक्सीनेशन कराना न भूलें।
- बच्चों को हाथ धोने और साफ-सफाई की आदत डालें।
गांठ बांध लें डॉक्टर्स की ये बात
एनसीआर जैसे शहरी इलाकों में बच्चों का बार-बार बीमार पड़ना एक आम समस्या बन चुकी है। प्रदूषण, बदलती लाइफस्टाइल और मौसम में अचानक बदलाव इसके मुख्य कारण हैं। डॉ. निखिल मेहरोत्रा और डॉ. कुमार दोनों का मानना है कि सही खान-पान, साफ पानी, समय पर नींद और नियमित आउटडोर खेल से बच्चों की इम्युनिटी बेहतर की जा सकती है। साथ ही, समय पर वैक्सीनेशन और डॉक्टर से चेकअप भी बेहद जरूरी है।
नोट: यह आर्टिकल चाइल स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स के साथ बातचीत के आधार पर बनाया गया है, साथ ही उनके द्वारा सत्यापित किया गया है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं, जो डॉक्टर्स से प्राप्त जानकारी के आधार पर बताए गए हैं। अगर आपका किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहा है, तो ऐसे में बिना देर किए आपको एक अच्छे डॉक्टर्स से परामर्श करना चाहिए। किसी भी तरह की हेल्थ टिप्स को फॉलो करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
