हेल्थ

खाने के बाद मीठे की आदत से हैं परेशान? सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट पूजा मखीजा के ये टिप्स आएंगे काम

मशहूर सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट पूजा मखीजा ने भोजन के बाद होने वाली इस शुगर क्रेविंग के कुछ प्रमुख कारण और उसे कंट्रोल करने के कुछ टिप्स बताए हैं।

Image

खाने के बाद मीठे की लत को कैसे छुड़ाएं (Photo: iStock)

दोपहर या रात का खाना चाहे कितना भी पेट भरकर क्यों न खाया गया हो, कई लोगों को खाने के बाद मीठा खाने की तीखी तलब होने लगती है। जब तक वे गुड़, चॉकलेट, मिठाई या कोई दूसरी मीठी चीज न खा लें, तब तक उन्हें भोजन अधूरा सा लगता है। लोग इसे महज एक आदतमानकर टाल देते हैं, लेकिन न्यूट्रिशनिस्ट पूजा मखीजा ऐसा करने से मना करती हैं। वो कहती हैं कि ये आदत आपके शरीर में कई तरह की दिक्कतों का संकेत भी होती है।

मशहूर सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट पूजा मखीजा ने भोजन के बाद होने वाली इस शुगर क्रेविंग के कुछ प्रमुख कारण और उसे कंट्रोल करने के कुछ टिप्स बताए हैं।

क्यों खाने के बाद मीठा खाने का करता है मन?

प्रोटीन और कॉम्प्लेक्स कार्ब्स की कमी

जब आपकी डाइट में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन, फाइबर और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट्स नहीं होते, तो शरीर भोजन को बहुत तेजी से पचा लेता है। इससे खून में ग्लूकोज का लेवल अचानक से बढ़ता है और फिर तेजी से गिरता है। ग्लूकोज के इस अचानक गिरते लेवल की भरपाई के लिए जिमाग मीठे की मांग करता है।

नमक और सोडियम का असंतुलन

अगर आपके भोजन में नमक या सोडियम की मात्रा बहुत अधिक है तो शरीर स्वादों के संतुलन को बनाए रखने के लिए स्वाभाविक रूप से मीठे की इच्छा जगाता है।

मीठा खाते ही हमारे शरीर में डोपामाइन नाम का फील-गुड हार्मोन रिलीज होता है, जो हमें खुशी और संतुष्टि का अहसास कराता है। जब हम बार-बार खाने के बाद मीठा खाने लगते हैं, तो दिमाग इस चक्र को याद कर लेता है। न तीजतन, खाना खत्म होते ही दिमाग उस इनाम या खुशी के एहसास के लिए डोपामाइन की मांग करने लगता है।

मीठे की इस तलब को कैसे रोकें?

बैलेंस्ड डाइट लें

अपने भोजन में पनीर, दालें, अंडे, हरी सब्जियां और अंकुरित अनाज जैसी प्रोटीन व फाइबर से भरपूर चीजें जरूर शामिल करें। इससे पेट लंबे समय तक भरा महसूस होगा और ब्लड शुगर स्थिर रहेगा।

भोजन में नमक की मात्रा नियंत्रित रखें

अत्यधिक नमकीन या प्रोसेस्ड फूड खाने से बचें ताकि शरीर में सोडियम का संतुलन न बिगड़े।

हेल्दी ऑप्शन्स चुनें

अगर शुरुआत में मीठा पूरी तरह छोड़ना मुश्किल हो, तो रिफाइंड शुगर की जगह खजूर, ताजे फल, दालचीनी की चाय या गुड़ के छोटे टुकड़े का सेवन करें।

खूब पानी पिएं

कई बार डिहाइड्रेशन या प्यास को भी हमारा दिमाग भूख या मीठे की तलब समझ लेता है। खाने के आधे घंटे बाद एक गिलास पानी पिएं।

पूजा मखीजा के मुताबिक खाने के बाद मीठे की तलब होना आपके शरीर का एक स्पष्ट संदेश है कि आपकी डाइट को थोड़े सुधार की जरूरत है। अपनी थाली को संतुलित बनाकर और माइंडफुल ईटिंग अपनाकर आप इस अस्वास्थ्यकर आदत से आसानी से छुटकारा पा सकते हैं।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article