भारत में चाय बहुत से लोगों की डेली लाइफ का अहम हिस्सा है। इनके लिए दिन की शुरुआत से शाम की थकान मिटाने तक, चाय हर मौके का हमसफर है। हालांकि बहुत से लोग शायद ये बात ना जानते हों कि गलत तरीके और गलत समय पर चाय पीना सेहत के लिए काफी नुकसानदायक साबित हो सकता है।
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, चाय पीने से जुड़ी कुछ बेहद आम आदतें हमारे पाचन तंत्र, नींद और शरीर पर बुरा असर डालती हैं। आइए जानते हैं चाय से जुड़ी ऐसी ही 4 आम आदतों के बारे में, जो आपकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकती हैं:
खाली पेट चाय पीना
सुबह उठते ही खाली पेट कड़क चाय पीना ज्यादातर भारतीयों की आदत में शुमार है। खाली पेट चाय पीने से शरीर में एसिडिटी और ब्लोटिंगकी समस्या तेजी से बढ़ती है। चाय में मौजूद कैफीन और टैनिन खाली पेट पेट की अंदरूनी परत को उत्तेजित करते हैं। इससे पाचन प्रक्रिया धीमी हो जाती है और मेटाबॉलिज्म पर बुरा असर पड़ता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: खाने के बाद मीठे की लत पर यूं लगाएं लगाम, पूजा मखीजा ने दिये टिप्स
खाना खाने के तुरंत बाद चाय पीना
कई लोगों को भारी भोजन करने या दोपहर के लंच के तुरंत बाद गरम चाय पीने का शौक होता है। यह आदत सेहत के लिए काफी हानिकारक है। चाय में मौजूद टैनिन और फाइटेट्स भोजन में मौजूद आयरन और प्रोटीन जैसे जरूरी पोषक तत्वों के साथ चिपक जाते हैं और शरीर को उन्हें सोखने नहीं देते। इससे समय के साथ शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी और थकान की शिकायत हो सकती है। भोजन और चाय के बीच कम से कम 45 से 60 मिनट का अंतर होना जरूरी है।
दिनभर में जरूरत से ज्यादा और बहुत कड़क चाय पीना
काम के तनाव को मिटाने के लिए दिनभर में 5-6 कप या उससे ज्यादा चाय पी जाना एक आम बात बन चुकी है। बहुत अधिक कैफीन के सेवन से अनिद्रा, घबराहट, चिड़चिड़ापन और ब्लड प्रेशर बढ़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा, चाय की पत्तियों को बहुत ज्यादा देर तक उबालकर कड़क बनाना भी हानिकारक है, क्योंकि इससे उसमें टैनिन का स्तर बढ़ जाता है जो एसिडिटी का मुख्य कारण बनता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या हमारी सोच का दिल की सेहत पर पड़ता है असर?
सोने से ठीक पहले चाय का सेवन करना
रात को देर तक काम करते समय या सोने से ठीक पहले चाय पीना आपकी स्लीप साइकिल को पूरी तरह बिगाड़ सकता है। चाय में मौजूद कैफीन नर्वस सिस्टम को उत्तेजित रखता है, जिससे दिमाग शांत नहीं हो पाता और गहरी नींद आने में रुकावट पैदा होती है। नींद पूरी न होने से अगले दिन सिरदर्द, सुस्ती और चिड़चिड़ापन बना रहता है। रात को सोने से कम से कम 4-5 घंटे पहले चाय का सेवन बंद कर देना चाहिए।
चाय पीने का सही तरीका
चाय के फायदों का आनंद लेने के लिए इसे सही समय और सही मात्रा में पीना जरूरी है। हमेशा ध्यान रखें कि सुबह हल्का नाश्ता करने के बाद ही चाय लें, दिनभर में 2 से 3 कप से ज्यादा चाय न पिएं, और खाना खाने के तुरंत बाद या रात को सोने से पहले चाय पीने से बचें।
