हेल्थ

ऑफिस में बैठे-बैठे बनती है गैस, पेट फूलने और बदहजमी से अक्सर होते हैं परेशान; ये अचूक उपाय आएंगे आपके काम

Home Remedies For Gas, Acidity & Bloating : सिटिंग जॉब वालों की सबसे बड़ी परेशानी पेट संबंधी समस्या है। लगातार बैठकर काम करने से गैस, एसिडिटी की समस्या हो जाती है। आइए जानते हैं कि इससे निजात कैसे पाएं।

Image

पेट की गैस और एसिडिटी कैसे दूर करें (Image AI Generated and Newsroom Verified)

Home Remedies For Gas, Acidity & Bloating : सुबह ऑफिस पहुंचने के बाद लगातार कई घंटे कुर्सी पर बैठे रहना, समय पर खाना न खाना, जल्दी-जल्दी भोजन करना और बीच-बीच में चाय, कॉफी या फिजी ड्रिंक लेते रहना। यही रूटीन कई लोगों के लिए शाम तक पेट फूलने, डकार, गैस और बदहजमी की वजह बन जाता है। कई बार लंच के बाद पेट इतना भारी महसूस होता है कि काम पर फोकस करना भी मुश्किल हो जाता है।

गैस और ब्लोटिंग अपने आप में आम पाचन संबंधी समस्याएं हैं। पेट में गैस बनने के पीछे हवा निगलना और आंतों में पूरी तरह न पचे कार्बोहाइड्रेट का बैक्टीरिया द्वारा टूटना प्रमुख कारणों में शामिल हैं। बहुत तेजी से खाना, स्ट्रॉ से पेय पीना, च्यूइंग गम और फिजी ड्रिंक लेने से भी ज्यादा हवा निगली जा सकती है, जिससे गैस और डकार बढ़ सकती है। ऑफिस में घंटों बैठे रहने वालों के लिए सबसे पहले अपनी डेली रूटीन में कुछ छोटे बदलाव करना जरूरी है। इसके साथ आयुर्वेद में इस्तेमाल होने वाले कुछ सामान्य घरेलू उपाय आजमाने से आपको इस समस्या से मुक्ति मिल सकती है।

खाने के बाद तुरंत कुर्सी पर न बैठें

लंच करने के बाद तुरंत अपनी सीट पर बैठ जाना पेट की परेशानी को बढ़ा सकता है, खासकर तब जब भोजन ज्यादा मात्रा में लिया गया हो। कोशिश करें कि भोजन के बाद कुछ मिनट सामान्य गति से चलें। लगातार बैठे रहने के बजाय दिन में बीच-बीच में उठकर थोड़ी देर चलना भी बेहतर रूटीन है। खाने के तुरंत बाद बहुत तेज एक्सरसाइज करने की जरूरत नहीं है। हल्की वॉक और शरीर को एक्टिव रखना ज्यादा अच्छा तरीका है।

खाना जल्दी-जल्दी न खाएं

ऑफिस में अक्सर लोग मीटिंग या काम के बीच जल्दी-जल्दी लंच खत्म करते हैं। इससे भोजन के साथ ज्यादा हवा निगलने की संभावना बढ़ सकती है। इससे बचने के लिए धीरे-धीरे खाएं और अच्छी तरह चबाएं। खाने के दौरान बहुत ज्यादा बातचीत करने से बचें। गैस को कम करने के लिए छोटे मील लें। एक बार में ज्यादा खाना न लें।

अजवाइन-सौंफ का पानी देगा राहत

गैस और पेट भारी लगने पर घरों में अजवाइन और सौंफ का इस्तेमाल लंबे समय से किया जाता है। एक कप गर्म पानी में थोड़ी मात्रा में अजवाइन और सौंफ डालकर कुछ देर रखने के बाद इसे सामान्य रूप से पी सकते हैं। इससे पाचन मजबूत होता है और ब्लोटिंग से भी राहत मिलती है। अगर आपको अक्सर सीने में जलन या एसिड रिफ्लक्स रहता है तो भी इससे आपको राहत मिल जाएगी।

सौंफ चबाएं

भोजन के बाद थोड़ी सौंफ चबाना पाचन शक्ति बढ़ाने का आसान तरीका है। ऑफिस में भी इसे आसानी से अपनाया जा सकता है। इससे एसिडिटी और पेट फूलने की समस्या से निजात मिलता है।

जीरा और गुनगुना पानी

भुना हुआ जीरा भोजन में शामिल करना या गुनगुने पानी के साथ लेना भी पारंपरिक घरेलू तरीका है। इसके लिए भुने हुए जीरे को गुनगुने पानी से लें। इससे आपको गैस से तुरंत राहत मिल जाएगी।

हथेली के बीचोंबीच प्रेश करें

गैस और अपच से तुरंत राहत के लिए हथेली के बीच में यानि अंगूठे और तर्जनी उंगली के बीच हल्के हाथों से प्रेस करें। यह उपाय पाचन तंत्र को सक्रिय करता है और फंसी हुई गैस को बाहर निकालने में भी हेल्प करता है। इसके साथ ही मध्यमा उंगली के ठीक नीचे के स्थान को भी दबाने से गैस से राहत मिलती है।

चाय-कॉफी और फिजी ड्रिंक कम करें

ऑफिस में गैस की शिकायत करने वाले कई लोग दिनभर चाय-कॉफी और कोल्ड ड्रिंक लेते रहते हैं। खासकर फिजी ड्रिंक पेट में अतिरिक्त गैस बढ़ा सकती हैं। च्यूइंग गम और हार्ड कैंडी भी ज्यादा हवा निगलने की वजह बन सकती हैं।पानी को प्राथमिकता दें और यह देखें कि कौन-सा पेय पीने के बाद आपको ज्यादा गैस, डकार या पेट फूलने की परेशानी होती है।

एक दिन में बहुत ज्यादा दाल या गैस बनाने वाली चीजें न लें

बीन्स, मटर, कुछ दालें और क्रूसीफेरस सब्जियां जैसे फूलगोभी, पत्तागोभी और ब्रोकली कुछ लोगों में गैस बढ़ा सकती हैं। इसी तरह ज्यादा फाइबर, कुछ मिठास देने वाले शुगर अल्कोहल और कुछ लोगों में लैक्टोज या फ्रुक्टोज भी पेट फूलने और गैस की वजह बन सकते हैं।

ऑफिस में गैस से बचने के लिए ये रूटीन अपनाएं

सुबह से शाम तक लगातार बैठे रहने की बजाय बीच-बीच में अपनी सीट से उठें। लंच जल्दी खत्म करने के बजाय आराम से खाएं। खाने के साथ बहुत ज्यादा पानी एक साथ लेने के बजाय दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। चाय, कॉफी और फिजी ड्रिंक की मात्रा पर नजर रखें। डिनर बहुत देर रात और बहुत भारी न रखें।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी हेल्थ एक्सपर्ट की राय पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article