हेल्थ

Watermelon Myth: 90% लोग तरबूज खाने के बाद पानी पीने को लेकर हैं कन्फ्यूज, एक्सपर्ट ने खोली इस बड़े भ्रम की पोल

Watermelon Myth: क्या तरबूज खाने के बाद पानी पीने से पेट खराब हो जाता है? बचपन से ही हम तरबूज खाने के बाद पानी पीने को लेकर इस तरह की बात सुनते आ रहे हैं, एक्सपर्ट से जानिए इसकी सच्चाई।

Image

तरबूज के बाद पानी पीना चाहिए या नहीं, एक्सपर्ट ने दिया जवाब

Watermelon Myth: गर्मियों में तरबूज खाना लगभग हर घर में पसंद किया जाता है। रस से भरा यह फल शरीर को ठंडक देता है और पानी की कमी भी पूरी करता है। लेकिन इसके साथ एक बात भी सालों से सुनने को मिलती है - 'तरबूज खाने के बाद पानी मत पीना, नहीं तो पेट खराब हो जाएगा।' कई लोग आज भी इस डर की वजह से तरबूज खाने के बाद काफी देर तक पानी नहीं पीते। लेकिन क्या सच में ऐसा होता है? हेल्थ एंड वेलनेस कंसल्टेंट और न्यूट्रिशनिस्ट शिखा अग्रवाल का कहना है कि यह सिर्फ एक पुरानी मान्यता है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि इस बात में कितनी सच्चाई है।

क्या सच में पानी पीने से पेट खराब हो जाता है

शिखा अग्रवाल बताती हैं कि तरबूज (watermelon) खाने के बाद पानी पीने से पेट खराब हो जाएगा, इसका कोई पक्का वैज्ञानिक सबूत नहीं है। पहले लोग मानते थे कि तरबूज ठंडा होता है और उसके ऊपर पानी पीने से पेट पर बुरा असर पड़ता है। लेकिन अब विज्ञान इस बात को सही नहीं मानता।

तरबूज में तो पहले से ही भरपूर पानी होता है

अगर आपने कभी ध्यान दिया हो तो तरबूज का ज्यादातर हिस्सा पानी ही होता है। यानी इसे खाने से ही शरीर को काफी पानी मिल जाता है। ऐसे में अगर बाद में थोड़ा पानी पी भी लिया जाए, तो इससे शरीर या पेट पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ता। उल्टा गर्मियों में शरीर में पानी की कमी पूरी करने में मदद मिलती है।

पेट खराब होने की असली वजह क्या हो सकती है

अगर तरबूज ताजा नहीं है, लंबे समय तक कटा हुआ बाहर रखा रहा है या फिर खराब हो चुका है, तो उसे खाने से पेट जरूर खराब हो सकता है। इसी तरह अगर पीने का पानी साफ नहीं है, तो भी संक्रमण हो सकता है। यानी परेशानी की वजह पानी और तरबूज का साथ नहीं, बल्कि गंदा खाना या गंदा पानी हो सकता है।

गर्मी में शरीर को पानी की जरूरत ज्यादा होती है

गर्मियों में शरीर से पसीने के जरिए काफी पानी निकल जाता है। इसलिए इस मौसम में शरीर को बार-बार पानी की जरूरत होती है। अगर प्यास लगी है, तो सिर्फ इस डर से पानी रोकना ठीक नहीं कि आपने अभी तरबूज खाया है। शरीर की जरूरत के अनुसार पानी पीना हमेशा बेहतर होता है।

एक्सपर्ट की क्या सलाह है

हेल्थ एंड वेलनेस कंसल्टेंट और न्यूट्रिशनिस्ट शिखा अग्रवाल के मुताबिक, अगर तरबूज ताजा है और आप साफ पानी पी रहे हैं, तो तरबूज खाने के बाद पानी पीने में कोई दिक्कत नहीं है। इसलिए इस पुराने मिथक पर भरोसा करने की बजाय सही जानकारी पर विश्वास करें। सबसे जरूरी बात यह है कि हमेशा ताजा फल खाएं, साफ पानी पिएं और गर्मियों में खुद को अच्छी तरह हाइड्रेट रखें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article