दिल को सेहतमंद रखने के लिए लोग पौष्टिख खाना खाते हैं या फिर जिम में घंटों पसीना बहाते हैं। हालांकि रोजमर्रा की छोटी आदतें भी दिल पर बड़ा असर डालती हैं। हाल ही में मशहूर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आलोक चोपड़ा ने दिल की सेहत को लेकर कुछ बातें शेयर कीं, जिनमें दिन में सिर्फ दो बार खाने की सलाह ने लोगों को चौंकाया।
फिटनेस फ्रीक्स और जिम जाने वाले लोग ये मानते हैं कि दिन में पांच-छह बार थोड़ा-थोड़ा खाना सबसे अच्छा होता है। लेकिन डॉ. चोपड़ा की सोच इससे अलग है। उनका मानना है कि बार-बार खाने से शरीर में चर्बी जमा होने की प्रक्रिया बार-बार चलती है, इसलिए दिन में दो बार खाना ज्यादा सही रहता है।
बार-बार खाने से क्या होता है?
जब हम कुछ खाते हैं, तो खाने से मिलने वाली शुगर को संभालने के लिए शरीर में इंसुलिन नाम का हार्मोन बनता है। अगर हम दिन भर में कई बार खाते हैं, तो इंसुलिन का स्तर भी बार-बार ऊपर जाता है। इससे समय के साथ शरीर में चर्बी जमा होने की संभावना बढ़ सकती है।
इस बात से दूसरे डॉक्टर्स भी इत्तेफाक रखते हैं। वो मानते हैं कि कम बार खाने से इंसुलिन में बार-बार होने वाले उतार-चढ़ाव कम हो सकते हैं और शरीर का मेटाबॉलिज्म बेहतर हो सकता है। हालांकि, इसका फायदा हर किसी को एक जैसा नहीं मिलता। यह इस पर निर्भर करता है कि आप कुल कितनी कैलोरी ले रहे हैं, क्या खा रहे हैं और आपका शरीर कैसा है। कुछ लोगों को कम बार खाने से बाद में जरूरत से ज्यादा भूख लग सकती है या पोषण की कमी भी हो सकती है।
गिनती नहीं, खाने की क्वालिटी है असली बात
हेल्थ एक्सपर्ट्स कहते हैं कि दिन में कितनी बार खाते हैं, इससे ज्यादा जरूरी यह है कि आप क्या खा रहे हैं, कितनी मात्रा में खा रहे हैं और आपकी दिनचर्या कैसी है। कुछ लोगों को दो बार का खाना खूब सूट करता है, जबकि कुछ को इससे थकान या कमजोरी लग सकती है।
बहुत ज्यादा भारी खाना, खासकर मैदा, नमक या खराब फैट से भरपूर भोजन ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और दिल पर दबाव बढ़ाता है। इसके उलट, प्रोटीन, फाइबर और अच्छे फैट वाला संतुलित खाना पचाने में आसान होता है और दिल को भी राहत देता है। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के एक अध्ययन में भी कहा गया है कि बेवक्त खाने या दिन भर कुछ न कुछ खाते रहने की आदत दिल और मेटाबॉलिज्म के लिए ठीक नहीं है, जबकि समय पर और नियमित रूप से खाना फायदेमंद होता है।
स्वस्थ दिल के लिए कैसी हो रूटीन?
डॉक्टर्स के मुताबिक, खाने की संख्या को लेकर कोई एक नियम सब पर फिट नहीं बैठता। अगर आपकी भागदौड़ या कसरत कम है, तो बिना बीच-बीच में स्नैक्स खाए 2 से 3 संतुलित भोजन ठीक रहते हैं। वहीं, जो लोग ज्यादा मेहनत या खेलकूद करते हैं, उन्हें ज्यादा ऊर्जा के लिए 5-6 छोटे मील्स की जरूरत हो सकती है।
साबुत अनाज, फल, सब्जियां, दालें, मेवे और बीज दिल के लिए अच्छे माने जाते हैं। रात में देर से भारी खाने से बचें, मीठे ड्रिंक्स कम करें और कोशिश करें कि रात के खाने और अगली सुबह के नाश्ते के बीच 12 से 14 घंटे का गैप रहे।
