Kidney Stone Prevention: किडनी में पथरी होना काफी दर्दनाक समस्या है। कई बार इलाज या ऑपरेशन के बाद राहत मिल जाती है, लेकिन कुछ लोगों में पथरी दोबारा बन सकती है। ऐसे में खानपान, पानी पीने की आदत और लाइफस्टाइल पर ध्यान देना जरूरी है। डॉक्टर रॉबिन शर्मा ने किडनी स्टोन से बचाव के लिए 3 घरेलू उपाय बताए हैं, जिन्हें जानना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।
किडनी में पथरी क्यों बनती है?
किडनी में पथरी तब बनने लगती है जब पेशाब में मौजूद कैल्शियम, ऑक्सलेट और दूसरे मिनरल्स की मात्रा बढ़ने लगती है। शरीर में पानी की कमी होने पर पेशाब गाढ़ा हो जाता है, जिससे ये तत्व आपस में मिलकर छोटे क्रिस्टल बनाने लगते हैं। धीरे-धीरे यही क्रिस्टल पथरी का रूप ले सकते हैं। कम पानी पीना, ज्यादा नमक खाना और लंबे समय तक शारीरिक गतिविधि न करना भी जोखिम बढ़ा सकता है।
1. जौ का पानी पीना
डॉक्टर रॉबिन शर्मा के मुताबिक, किडनी स्टोन से बचाव के लिए जौ का पानी एक घरेलू विकल्प हो सकता है। जौ का पानी शरीर में तरल पदार्थ की मात्रा बनाए रखने में मदद करता है। इसे बनाने के लिए 2 बड़े चम्मच साबुत जौ को डेढ़ से दो लीटर पानी में डालकर अच्छी तरह उबाल लें। पानी थोड़ा कम होने पर इसे छान लें और दिनभर थोड़ा-थोड़ा करके पिएं। इसमें नमक या चीनी मिलाने से बचें।
2. कुलथी की दाल का करें इस्तेमाल
कुलथी की दाल यानी हॉर्स ग्राम का इस्तेमाल पारंपरिक तौर पर पथरी से जुड़ी समस्याओं के लिए किया जाता रहा है। डॉक्टर रॉबिन शर्मा ने भी इसे घरेलू उपाय के तौर पर बताया है। इसे बनाने के लिए रात में दो चम्मच कुलथी को एक गिलास पानी में भिगो दें। सुबह इसमें थोड़ा और पानी डालकर उबालें और जब पानी कम होकर लगभग एक कप रह जाए, तो इसे छानकर पी लें। हालांकि, किडनी की बीमारी, यूरिक एसिड या गाउट से परेशान लोगों को इसका इस्तेमाल डॉक्टर की सलाह से ही करना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- डायबिटीज के मरीजों को बार-बार क्यों होता है यूरिन इंफेक्शन, डॉक्टर से जानें 5 बड़ी वजहें
3. भुट्टे के बालों का पानी
भुट्टे के ऊपर मौजूद रेशों को कॉर्न सिल्क कहा जाता है। पारंपरिक तौर पर इसका इस्तेमाल पेशाब से जुड़ी समस्याओं के लिए किया जाता रहा है। डॉक्टर रॉबिन शर्मा के बताए उपाय के अनुसार, करीब 15 से 20 ग्राम भुट्टे के बालों को 200 मिलीलीटर पानी में उबालें। जब पानी आधा रह जाए, तो इसे छानकर पी सकते हैं। हालांकि, किडनी स्टोन के इलाज में इसकी प्रभावशीलता को लेकर पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद नहीं हैं।
किडनी स्टोन से बचने के लिए खानपान में करें बदलाव
किडनी स्टोन का खतरा कम करने के लिए दिनभर पर्याप्त पानी पीना जरूरी है। इसके अलावा नमक का सेवन कम करें और अचार, पापड़, चिप्स, नमकीन व पैकेट बंद चीजों से दूरी बनाएं। ज्यादा नमक पेशाब में कैल्शियम की मात्रा बढ़ा सकता है, जिससे कुछ प्रकार की पथरी बनने का खतरा बढ़ जाता है। अगर कमर या पेट में तेज दर्द, बुखार, उल्टी या पेशाब करने में परेशानी हो रही है, तो घरेलू उपायों पर निर्भर न रहें। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें। घरेलू नुस्खे पथरी का प्रमाणित इलाज नहीं हैं और इलाज पथरी के आकार व उसकी जगह के अनुसार ही तय किया जाना चाहिए।
