ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने बहरीन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों पर एक संयुक्त मिसाइल और ड्रोन ऑपरेशन को अंजाम देते हुए अमेरिका के दो 'पैट्रियट एयर डिफेंस रडार' को निशाना बनाया है। ईरान के सरकारी प्रसारक IRIB द्वारा जारी बयान के मुताबिक, IRGC की एयरोस्पेस फोर्स ने बहरीन के अल-रिफा (al-Riffa) और अवाली (Awali) सैन्य ठिकानों पर मौजूद अमेरिकी रक्षा प्रणालियों पर यह कार्रवाई की।
हेंगम द्वीप पर हमले का बदला
IRGC ने स्पष्ट किया है कि यह ऑपरेशन अमेरिकी ड्रोन (MQ-1 और MQ-9) द्वारा ईरानी हवाई क्षेत्र के बार-बार कथित उल्लंघन और ईरान के हेंगम द्वीप (Hengam Island) पर स्थित एक रडार प्रतिष्ठान पर हुए हमले के जवाब में किया गया है। आगे किसी भी घुसपैठ के खिलाफ सख्त चेतावनी देते हुए IRGC ने ईरानी हवाई क्षेत्र को अपनी "रेड लाइन" करार दिया है। ईरानी सेना ने कहा है कि अगर भविष्य में कोई भी उल्लंघन हुआ, तो इसका कठोर और निर्णायक जवाब दिया जाएगा।
अमेरिकी ड्रोन गिराने और सैन्य नुकसान के दावे
ईरान ने इस कार्रवाई से जुड़े कुछ वीडियो भी जारी किए हैं और अमेरिकी सुरक्षा अभियानों पर सवाल उठाए हैं। इससे पहले ईरानी सरकारी प्रसारक IRIB ने एक फुटेज जारी किया था, जिसमें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के ऊपर दो अमेरिकी सैन्य ड्रोन—एक MQ-9 और एक MQ-1—को मार गिराने का दावा किया गया है। IRGC ने दावा किया कि इस क्षेत्र में अमेरिकी सेना के एस्कॉर्ट और हवाई सुरक्षा मिशन अपने उद्देश्यों को पूरा करने में विफल रहे हैं, जिससे अमेरिकी सुरक्षा के तहत मौजूद उपकरणों और जहाजों को भारी नुकसान पहुंचा है।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) को सीधी चुनौती
एक अन्य वीडियो में IRIB ने बहरीन के अल-रिफा और अवाली ठिकानों पर हुए कथित मिसाइल और ड्रोन हमले की झलक दिखाई है। इस फुटेज के साथ एक संदेश जारी कर अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) को सीधी चुनौती दी गई है कि वह एक और 'फैक्ट-चेक' जारी करके दिखाए और यह नकारे कि अमेरिकी सैन्य उपकरणों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है या IRGC ने उन्हें निशाना नहीं बनाया है। फिलहाल, ईरान के इन दावों पर अमेरिका या बहरीन की ओर से आधिकारिक पुष्टि या प्रतिक्रिया का इंतजार है।
