बिजनेस

Gold Price Drop: मैंने कहा था 1 साल सोना मत खरीदो, आपने बात मानी और आपके पैसे बच गए, बोले पीएम मोदी

Gold Price Drop: सोने की कीमतों में लगातार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैंने आपसे कहा था एक साल सोना मत खरीदो, आपने मेरी बात मानी और आपके पैसे बच गए।

Image

सोने के दाम घटे, खरीदने उमड़े लोग, पीएम मोदी बोले- आपने बात मानी और आपके पैसे बच गए (तस्वीर-X)

Gold Price Drop: सोने की कीमतों में इन दिनों लगातार बड़ी गिरावट दर्ज की जा रही है। जिन कीमती धातुओं ने कुछ समय पहले निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया था, अब वे बिकवाली के भारी दबाव में हैं। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन सोने की कीमतों में लगातार 9वें सत्र में गिरावट आई। इसके साथ ही सोना फिसलकर करीब एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गया। इससे सोने खरीदने वालों की बल्ले-बल्ले हो गई। इस बीच लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शनिवार 21 नवंबर 2026 को आयोजित 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में अखिल भारतीय व्यवसाय परीक्षा (एआईटीटी) 2026 के राष्ट्रीय स्तर के 52 टॉप प्रतिभागियों को सम्मानित करने के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोने की घटती कीमतों पर कहा कि मैंने कहा था 1 साल सोना मत खरीदो, आपने बात मान ली, देखो अब कितना सस्ता हो गया।

मेरी बात मानी, आपके पैसे बच गए

पीएम मोदी ने कहा कि मैंने एक बात कही थी। दोस्तों एक साल पहले मैंने कहा था मैं देशवासियों से आग्रह करता हूं एक साल के लिए अगर जरुरत ना हो तो कृपा करके सोना मत खरीदिए गोल्ड मत खरीदिए और मुझे खुशी है देशवासियों को एक बार लाल बहादुर शास्त्री जी ने कहा था कि एक टाइम खाना छोड़ दो। इस देश ने उनकी बात को माना था। आज भी मेरे देश का चरित्र वही है। मेरे जैसे एक सामान्य व्यक्ति ने कहा कि गोल्ड कम खरीदिए। देशवासियों ने गोल्ड कम खरीदा। गोल्ड के दाम टूट गए। आज लोग मुझे कह रहे हैं मोदी जी आपने कहा आपकी बात मानी। हमारे पैसे बच गए।

जमकर खरीदारी कर रहे लोग

शादी के सीजन के बीच सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट की वजह से देश भर में सोने के गहनों की खरीदारी में तेजी आ गई है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक जयपुर में ज्वैलर्स सौरभ परसरामपुरिया ने बताया कि ये भगवान की कृपा से गोल्डन अपॉर्चुनिटी है। गोल्ड की रेट कम हुई है, गोल्ड की वैल्यू नहीं। गोल्ड पहले भी प्रेशियस था, आज भी प्रेशियस है और आने वाले समय में भी प्रेशियस रहेगा। गोल्ड को हमेशा एक इन्वेस्टमेंट के हिसाब से मेटल देखा गया है। असर तो ऐसा हो रहा है कि सुबह से लेकर शाम तक फुर्सत नहीं मिल रही है। जिनको रिंग लेना है, जिनको है अपनी एनिवर्सरी में दो महीने बाद गिफ्ट देने का है, जिनको शादी की ज्वेलरी 4 महीने बाद खरीदने का है, सब खरीदारी कर रहे हैं।

पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में भी सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट से खरीदारों की दिलचस्पी बढ़ी है, जिससे आभूषणों की बिक्री में बढ़ोतरी की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। ज्वैलर्स अंजन दास ने बताया कि अभी जिन लोगों की शादी है उसके बहुत पैसे बच जाएंगे। लोग ज्यादा सोना खरीद पाएंगे। ऐसा रहा तो हमारा बाजार अच्छा चलेगा। हम अच्छे से व्यापार कर पाएंगे।

सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट

हाल के दिनों में सोने की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट सोने का वायदा भाव गिरकर 1,21,949 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,27,452 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इस तरह सोने की कीमत में एक ही कारोबारी सत्र में 5,503 रुपये की गिरावट दर्ज की गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना टूटा

बुलियंस डॉट को डॉट इन के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत घटकर 1,22,520 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव गिरकर 3,539 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

IBJA के मुताबिक सोने के ताजा भाव

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के अनुसार, अलग-अलग शुद्धता वाले सोने की कीमतें इस प्रकार हैं:-

  • 24 कैरेट सोना: 1,23,584 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 23 कैरेट सोना: 1,23,089 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 22 कैरेट सोना: 1,13,203 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 18 कैरेट सोना: 92,688 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 14 कैरेट सोना: 72,297 रुपये प्रति 10 ग्राम

दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी गिरावट

दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। यहां सोने का भाव टूटकर 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स समेत) रह गया।
Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article