हेल्थ

डायबिटीज के मरीजों को बार-बार क्यों होता है यूरिन इंफेक्शन? डॉक्टर से जानें 5 बड़ी वजहें

Diabetes and UTI: डायबिटीज के मरीजों में बार-बार यूरिन इंफेक्शन (UTI) होने का खतरा अधिक रहता है। डॉक्टर से जानें इसके 5 बड़े कारण, शुरुआती लक्षण और बचाव के तरीके। जिससे इंफेक्शन को गंभीर होने से रोका जा सके।

Image

डायबिटीज के मरीजों को UTI की समस्या ज्यादा क्यों होती है?

Diabetes and UTI: डायबिटीज को अक्सर ब्लड शुगर बढ़ने की बीमारी समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है, लेकिन इसका असर शरीर के कई अंगों पर पड़ सकता है। खासतौर पर किडनी और यूरिनरी सिस्टम पर इसका प्रभाव देखने को मिलता है। यही वजह है कि डायबिटीज के मरीजों में यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) यानी पेशाब की नली में संक्रमण होने का खतरा सामान्य लोगों की तुलना में अधिक हो सकता है। वहीं कुछ लोगों को यह संक्रमण बार-बार परेशान करता है, जबकि समय पर ध्यान न देने पर यह किडनी तक भी पहुंच सकता है।

आखिर डायबिटीज और यूरिन इंफेक्शन के बीच क्या संबंध है? क्या बढ़ा हुआ ब्लड शुगर बैक्टीरिया को पनपने में मदद करता है और किन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए? इन सवालों को समझने के लिए हमने बात की सीके बिड़ला हॉस्पिटल, दिल्ली के डायरेक्टर-यूरोलॉजी डॉ. समीर खन्ना से।

यूरिन में बढ़ी शुगर से बढ़ता है बैक्टीरिया का खतरा

डॉ. खन्ना के मुताबिक, डायबिटीज के मरीजों में बार-बार यूरिन इंफेक्शन होने की एक बड़ी वजह ब्लड शुगर का अनियंत्रित रहना है। जब शरीर में शुगर का स्तर अधिक होता है, तो कुछ परिस्थितियों में यूरिन के जरिए भी ग्लूकोज बाहर निकलने लगता है। इससे बैक्टीरिया को पनपने के लिए अनुकूल वातावरण मिल सकता है और संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। खासकर जिन लोगों का ब्लड शुगर लंबे समय तक कंट्रोल में नहीं रहता है, उनमें UTI होने और दोबारा संक्रमण होने की आशंका बढ़ सकती है। इसलिए डायबिटीज के मरीजों के लिए नियमित रूप से ब्लड शुगर की जांच करवाना और उसे नियंत्रित रखना बेहद जरूरी है।

कमजोर इम्यूनिटी से बढ़ता है संक्रमण का खतरा

डायबिटीज का असर शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी पर भी पड़ सकता है। डॉ. खन्ना के मुताबिक, ब्लड शुगर लंबे समय तक बढ़ा रहने से शरीर की संक्रमण से लड़ने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में बैक्टीरिया के लिए शरीर में संक्रमण फैलाना आसान हो सकता है। यही कारण है कि डायबिटीज के मरीजों को यूरिन इंफेक्शन होने पर उसे ठीक होने में अधिक समय लग सकता है या संक्रमण दोबारा परेशान कर सकता है। इस स्थिति में लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

ब्लैडर खाली न होना भी बन सकता है वजह

डायबिटीज के कारण मरीजों की नसों पर असर पड़ सकता है। इससे ब्लैडर यानी यूरिन की थैली की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है। कई बार ब्लैडर पेशाब को पूरी तरह बाहर नहीं निकाल पाता और कुछ मात्रा में यूरिन अंदर रह जाता है। जब ब्लैडर पूरी तरह खाली नहीं होता, तो बैक्टीरिया को पनपने का मौका मिल सकता है। इससे UTI का खतरा बढ़ जाता है।

महिलाओं में UTI का खतरा ज्यादा, लेकिन पुरुष भी रहें सतर्क

यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन का खतरा महिलाओं में सामान्य तौर पर अधिक होता है। इसकी एक वजह महिलाओं की यूरिनरी नली का छोटा होना है, जिससे बैक्टीरिया के ब्लैडर तक पहुंचने की संभावना बढ़ जाती है। डॉ. खन्ना के मुताबिक, डायबिटीज होने पर यह जोखिम और बढ़ सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि पुरुषों को UTI नहीं हो सकता है। डायबिटीज से पीड़ित पुरुषों में भी यूरिन इंफेक्शन का खतरा रहता है। खासतौर पर प्रोस्टेट बढ़ने या ब्लैडर पूरी तरह खाली न होने की समस्या होने पर उन्हें अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।

बार-बार UTI होने पर कौन से टेस्ट कराएं?

अगर किसी व्यक्ति को छह महीने में दो या उससे अधिक बार या एक साल में तीन या उससे अधिक बार UTI होता है, तो इसे बार-बार होने वाला संक्रमण माना जाता है। ऐसी स्थिति में केवल हर बार दवा लेकर लक्षणों को दबाना सही तरीका नहीं है। डॉ. समीर खन्ना के मुताबिक, एंटीबायोटिक शुरू करने से पहले यूरिन रूटीन और यूरिन कल्चर टेस्ट करवाना बेहतर रहता है। यूरिन कल्चर से संक्रमण के लिए जिम्मेदार बैक्टीरिया की पहचान करने और उस पर प्रभावी एंटीबायोटिक चुनने में मदद मिलती है। बार-बार संक्रमण होने पर डॉक्टर जरूरत के अनुसार ब्लैडर, किडनी, पथरी या प्रोस्टेट से जुड़ी समस्याओं की भी जांच कर सकते हैं।

डिस्क्लेमर: यह लेख में दी गई जानकारी डॉक्टर से बातचीत और सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पर आधारित है। इसे चिकित्सकीय सलाह का विकल्प नहीं माना जा सकता है। किसी तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर एक्स्पर्ट से सलाह जरूर लें।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article