शहर

Delhi AQI Today: कल के मुकाबले थोड़ी सुधरी दिल्ली की हवा, लेकिन हालात अब भी 'खराब', 236 दर्ज हुआ AQI

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार रविवार सुबह 7 बजे दिल्ली का AQI 236 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में है। शनिवार को यह 265 था, जबकि सिरीफोर्ट, DTU और चांदनी चौक जैसे इलाकों में स्तर 300 से ऊपर दर्ज हुआ।

Image

दिल्ली में आज भी खराब श्रेणी में हवा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार के मुकाबले हवा की गुणवत्ता में थोड़ा सुधार जरूर देखा गया है, लेकिन वायु प्रदूषण अभी भी 'खराब' श्रेणी में बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार (22 नवंबर 2026) सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 236 दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को यह आंकड़ा 265 पर था। शहर के औसत स्तर में मामूली गिरावट के बावजूद कई प्रमुख निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है।

प्रमुख इलाकों का हाल

राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में वायु गुणवत्ता में खासा अंतर देखने को मिल रहा है। सुबह 7 बजे के आंकड़ों के अनुसार सिरीफोर्ट में AQI 323 और डीटीयू में 312 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। इसके अलावा एनएसयूटी जफरपुर में 309, चांदनी चौक में 304 और नॉर्थ कैंपस में 300 AQI दर्ज किया गया। वहीं पंजाबी बाग और पूसा में AQI 298, सीआरआरआई मथुरा रोड में 299 तथा कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 294 रहा।

लोधी रोड में सबसे साफ हवा

शहर के अन्य हिस्सों में बुराड़ी क्रॉसिंग पर AQI 286, आईआईटी में 281, तालकटोरा में 278, वजीरपुर में 274, मुंडका और विवेक विहार में 273, बवाना में 267 तथा नेहरू नगर में 266 दर्ज किया गया। जहांगीरपुरी में AQI 265, रोहिणी में 260, जेएनयू में 253, आनंद विहार में 251, अशोक विहार और शादीपुर में 244, नांगलोई में 242 और बदरपुर में 232 रहा। दूसरी ओर, सबसे कम AQI लोधी रोड पर 145 दर्ज किया गया, जो अन्य इलाकों के मुकाबले अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति को दर्शाता है।

क्या कहते हैं CPCB के मानक और मौसम के हालात

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के पैमाने के अनुसार, 0 से 50 के बीच का AQI 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है। इस लिहाज से दिल्ली का औसत 236 का स्तर 'खराब' श्रेणी में है, जबकि कई स्टेशन 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज हुए हैं।

मौसम और वायुमंडलीय परिस्थितियों की बात करें तो सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट और हवा की गति धीमी रहने के कारण प्रदूषक कण, विशेष रूप से पीएम 2.5 और पीएम 10, निचले वायुमंडल में जमे हुए हैं। इसी वजह से आने वाले दिनों में भी दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का यह स्तर बने रहने की आशंका जताई जा रही है, जिससे सुबह के समय बाहर निकलने वालों और सांस या हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article