Homemade Ghee Making: घी भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है। दाल में तड़का लगाना हो, रोटी पर लगाना हो या मिठाई बनानी हो, इसका इस्तेमाल कई तरह से किया जाता है, लेकिन घर पर घी बनाते समय ज्यादातर लोग एक ऐसी गलती करते हैं, जिस पर उनका ध्यान नहीं जाता है कई घरों में रोजाना दूध की मलाई निकालकर एक डिब्बे में जमा की जाती है। फिर 10 से 15 दिन तक मलाई इकट्ठा करने के बाद उसे गर्म करके घी बना लिया जाता है। इस दौरान पुरानी मलाई में नई मलाई मिलती रहती है और बार-बार बर्तन खोलने से उसकी फ्रेशनेस और क्वालिटी प्रभावित हो जाती है।
दूध की मलाई में फैट की मात्रा अधिक होती है। इसे लंबे समय तक गलत तरीके से स्टोर करने पर बैक्टीरिया बढ़ने और फैट का ऑक्सिडेशन हो जाता है। इससे मलाई का स्वाद, खुशबू और क्वालिटी खराब हो सकती है। सबसे बड़ी बात यह है कि अगर मलाई में पहले ही कुछ बैक्टीरिया टॉक्सिन बना चुके हैं तो सिर्फ गर्म करने से वे हमेशा खत्म नहीं होते हैं। ऐसे में पुरानी या खराब मलाई से घी बनाना फूड सेफ्टी के लिहाज से सही नहीं है।
घी बनाने का ट्रेडिशनल तरीका बिलोना मेथड है। इसमें सीधे मलाई गर्म करने के बजाय पहले दूध का दही जमाया जाता है, फिर उसे मथकर मक्खन निकाला जाता है और अंत में मक्खन को पकाकर घी तैयार किया जाता है। इस तरीके से घी का अलग स्वाद और खुशबू मिलती है। आइए जानते हैं घी बनाने का सही बिलोना मेथड क्या है और इसे बनाते समय पान का पत्ता क्यों डाला जाता है।
रोजाना दूध की मलाई जमा करके घी बनाना क्यों ठीक नहीं
दूध उबालने के बाद ठंडा करने पर उसके ऊपर मलाई की परत जम जाती है। इस मलाई में दूध की वसा यानी फैट अधिक होता है। कई घरों में इसे रोज निकालकर एक ही डिब्बे में जमा किया जाता है और 10-15 दिन बाद एक साथ गर्म करके घी बना लिया जाता है।
इस प्रोसेस में सबसे बड़ी परेशानी मलाई की स्टोरेज है। पुरानी मलाई में नई मलाई मिलाते रहने, बार-बार बर्तन खोलने और तापमान में बदलाव होने से उसकी क्वालिटी प्रभावित हो सकती है। अगर मलाई फ्रिज में सही तापमान पर नहीं रखी गई है तो उसमें बैक्टीरिया बढ़ सकते हैं। कुछ बैक्टीरिया ऐसे टॉक्सिन भी बना सकते हैं, जो बाद में गर्म करने से पूरी तरह खत्म नहीं होते हैं।
डेयरी प्रोडक्ट्स की फूड सेफ्टी पर जारी गाइडलाइन में दूध और क्रीम को अधिकतम 6 डिग्री सेल्सियस और बेहतर रूप से 4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम तापमान पर रखने की सलाह दी गई है। इसमें स्टोरेज के समय को भी कंट्रोल करने पर जोर दिया गया है। लंबे समय तक गलत तापमान पर रखी क्रीम में बैक्टीरिया बढ़ने और टॉक्सिन बनने का खतरा रहता है।
मलाई में खट्टी या खराब गंध आने लगे, उसका रंग बदल जाए या फफूंदी दिखाई दे तो उसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। ऐसी मलाई को पकाकर घी बनाने से उसकी क्वालिटी वापस नहीं आती हैं।
मलाई से बना घी सेहत के लिए क्यों होता है खराब
घी बनाने के लिए मलाई को सीधे गर्म करना भी एक जाना-पहचाना डेयरी प्रोसेस है। इस कारण लोग घरों में भी मलाई से घी बना लेते हैं। आयुर्वेद के जानकारों की मानें तो ऐसे घी में बैड कोलेस्ट्राल अधिक होता है और इसे कंज्यूम करने से एलडीएल कोलेस्ट्राल बढ़ने लगता है, जो हार्ट संबंधी परेशानियों का कारण बनता है। इस कारण मलाई से बने घी का ज्यादा उपयोग सही नहीं माना जाता है। हालांकि, घी चाहे मलाई से बने या बिलोना मेथड से, तैयार होने के बाद उसमें मुख्य रूप से दूध की फैट होती है। भारतीय खाद्य मानकों के अनुसार शुद्ध घी में कम से कम 99.5 फीसदी मिल्क फैट होता है।
बिलोना मैथेड से घी बनाना क्यों है अच्छा
बिलोना मेथड घी बनाने का पुराना ट्रेडिशनल तरीका है। इसमें दूध को सीधे गर्म करके घी नहीं निकाला जाता, बल्कि सबसे पहले उसका दही जमाया जाता है। इसके बाद दही को लकड़ी की मथानी से मथकर मक्खन निकाला जाता है। इस मक्खन को गर्म करके घी तैयार किया जाता है।
इस प्रोसेस में दही का फर्मेंटेशन भी शामिल होता है। इससे घी में खास स्वाद और खुशबू विकसित होती है। बिलोना विधि से निकले मक्खन और उससे बने घी की पहचान उसके पारंपरिक फ्लेवर के कारण भी है।
वर्ष 2012 में प्रकाशित एक फूड केमिस्ट्री शोध में डायरेक्ट क्रीम, क्रीम बटर और प्री-स्ट्रेटिफिकेशन जैसी विधियों से तैयार घी की तुलना की गई थी। शोध में पाया गया कि स्टोरेज के दौरान सभी तरह के घी में फैट का डिग्रेडेशन और ऑक्सिडेशन हुआ। अलग-अलग विधियों से बने घी में फैट खराब होने की दर में बहुत कम अंतर था।
घर पर बिलोना मेथड से घी कैसे बनाएं
बिलोना मेथड से घर पर घी बनाना ज्यादा मुश्किल नहीं है। इसके लिए आपको ताजा दूध, दही का जामन, लकड़ी की मथानी और एक मोटे तले की कड़ाही की जरूरत होगी।
पहला स्टेप: दूध से दही तैयार करें
सबसे पहले ताजा फुल क्रीम दूध लें और उसे अच्छी तरह उबाल लें। इसके बाद दूध को हल्का ठंडा होने दें। जब दूध गुनगुना रह जाए तो उसमें एक से दो चम्मच दही का जामन डाल दें। अब इसे ढककर कुछ घंटों के लिए रख दें, ताकि अच्छी तरह दही जम जाए।
दूसरा स्टेप: दही को बिलोकर मक्खन निकालें
अब जमा हुआ दही किसी बड़े बर्तन में डालें। इसमें जरूरत के अनुसार थोड़ा ठंडा पानी मिलाएं। इसके बाद लकड़ी की मथानी या बिलोने से दही को लगातार मथना शुरू करें। कुछ समय बाद दही से मक्खन अलग होकर ऊपर आने लगेगा। इस मक्खन को निकालकर अलग बर्तन में रख लें। नीचे बचा छाछ भी अलग कर लें।
तीसरा स्टेप: मक्खन को अच्छी तरह साफ करें
निकाले गए मक्खन को साफ ठंडे पानी से हल्के हाथों से धो लें। इससे उसमें बचा हुआ छाछ अलग हो जाएगा। अब मक्खन को दबाकर उसका अतिरिक्त पानी निकाल दें। मक्खन में जितना कम पानी और छाछ रहेगा, घी बनाते समय उतनी आसानी होगी।
चौथा स्टेप: धीमी आंच पर मक्खन पकाएं
अब एक मोटे तले की कड़ाही में मक्खन डालकर धीमी आंच पर गर्म करें। मक्खन धीरे-धीरे पिघलने लगेगा और उसमें मौजूद पानी भाप बनकर निकलने लगेगा। शुरुआत में झाग और बुलबुले दिखाई देंगे। इसे बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि मक्खन नीचे चिपके नहीं। कुछ देर बाद झाग कम होने लगेगा और कड़ाही के नीचे दूध के ठोस कण जमा होने लगेंगे। जब घी साफ सुनहरा दिखाई देने लगे और नीचे जमा कण हल्के सुनहरे-भूरे हो जाएं तो गैस बंद कर दें।
पांचवां स्टेप: घी को छानकर स्टोर करें
घी थोड़ा ठंडा होने के बाद उसे साफ और सूखे कपड़े या महीन छलनी से छान लें। अब इसे साफ, सूखे और ढक्कन वाले कांच या स्टील के कंटेनर में भरकर रख दें। घी निकालते समय हमेशा साफ और सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें।
घी बनाते समय पान का पत्ता क्यों डाला जाता है
घी बनाते समय पान का पत्ता डालने की एक खास वजह है। इससे घी में हल्की खुशबू और अलग फ्लेवर आता है। इसके अलावा पान के पत्ते में कुछ नेचुरल एंटीऑक्सिडेंट कंपाउंड पाए जाते हैं, जो घी में फैट के ऑक्सिडेशन को धीमा करने में मदद कर सकते हैं।
वर्ष 2018 में धर्तीबेन कपाड़िया और किशोरकुमार अपरनाथी का एक रिसर्च पेपर प्रकाशित हुआ था। इसका विषय था घी को खराब होने से बचाने के लिए अलग-अलग हर्ब्स का इस्तेमाल। इस रिसर्च में 14 तरह की पत्तियों और हर्ब्स को घी में मिलाकर उनकी एंटीऑक्सिडेंट क्षमता और स्टोरेज के दौरान होने वाले बदलावों की जांच की गई।
इसमें पान के पत्ते और करी पत्ते को घी की क्वालिटी बनाए रखने के लिए उपयोगी पाया गया। पान के पत्ते से घी में फैट के ऑक्सिडेशन और फ्लेवर खराब होने की प्रक्रिया धीमी हुई। इसके अलावा घी का पीला रंग बनाए रखने में भी मदद मिली।
कब डालें घी में पान का पत्ता
जब मक्खन पकते-पकते घी बनने लगे और उसका रंग साफ सुनहरा दिखाई देने लगे, तब एक साफ और पूरी तरह सूखा पान का पत्ता डालें। इसे धीमी आंच पर कुछ मिनट रहने दें। इसके बाद गैस बंद कर दें और घी को थोड़ा ठंडा होने पर छान लें। पत्ते को घी में लंबे समय तक छोड़ने के बजाय बाहर निकाल दें।
पान का पत्ता घी में हल्की सुगंध और फ्लेवर जोड़ता है। रिसर्च में इसके एंटीऑक्सिडेंट प्रभाव को भी देखा गया है, जिससे स्टोरेज के दौरान घी की क्वालिटी बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
घी बनाते समय तेज आंच पर पकाने से बचें
घी बनाते समय मक्खन को बहुत तेज आंच पर पकाना भी सही नहीं है। ज्यादा गर्म होने पर फैट में ऑक्सिडेशन और दूसरे केमिकल बदलाव शुरू हो सकते हैं। इससे घी की नेचुरल क्वालिटी और फ्लेवर प्रभावित होता है।
वर्ष 2018 में भैंस के दूध से बने देसी घी पर एक रिसर्च प्रकाशित हुई थी। इसमें अलग-अलग तापमान पर घी गर्म करके उसके कंपाउंड में होने वाले बदलावों का अध्ययन किया गया। शोधकर्ताओं ने पाया कि 170 डिग्री सेल्सियस के बाद घी में ऑक्सिडेशन के संकेत दिखने लगे। 180 से 200 डिग्री सेल्सियस पर इसके नेचुरल कंपाउंड में ज्यादा बदलाव हुए, जबकि 250 डिग्री सेल्सियस पर एल्डिहाइड और कीटोन जैसे कंपाउंड बनने के साथ घी में खराब गंध के संकेत मिले।
इस कारण घर पर घी बनाते समय धीमी आंच रखें। जैसे ही मक्खन से नमी निकल जाए, घी साफ सुनहरा दिखने लगे और नीचे के कण हल्के भूरे हो जाएं, गैस बंद कर दें। मक्खन को जलने न दें।
