Acidity Medicine Side Effects: खाना खाने के बाद पेट में जलन, खट्टी डकार, गैस या सीने में जलन महसूस होते ही ज्यादातर लोग एसिडिटी की गोली खा लेते हैं। कुछ लोग तो रोजाना एंटासिड या पेट का एसिड कम करने वाली दवाओं का सेवन करने लगते हैं। इन दवाओं से तुरंत राहत मिल सकती है, लेकिन बार-बार होने वाली एसिडिटी को नजरअंदाज करके लंबे समय तक खुद से दवाएं लेना ठीक नहीं है। मेडिकल रिसर्च में लंबे समय तक कुछ एसिड कम करने वाली दवाओं के इस्तेमाल और विटामिन बी12 की कमी, आयरन की कमी, मैग्नीशियम का स्तर कम होने, किडनी की समस्याओं और हड्डियों में फ्रैक्चर के बीच संबंध सामने आया है।
हालांकि, एंटासिड और एसिड कम करने वाली दवाएं एक जैसी नहीं होती हैं। एंटासिड पेट में पहले से मौजूद एसिड को बेअसर करते हैं, जबकि प्रोटॉन पंप इनहिबिटर यानी पीपीआई और एच2 ब्लॉकर्स पेट में एसिड बनने की प्रक्रिया को कम करते हैं। इनके संभावित नुकसान भी अलग-अलग हो सकते हैं। कई बड़े अध्ययन खासतौर पर लंबे समय तक पीपीआई दवाएं लेने वाले लोगों पर किए गए हैं। आइए जानते हैं कि किन मेडिकल शोधों में क्या सामने आया है।
क्या है एंटासिड और एसिड कम करने वाली दवाओं में अंतर
अक्सर लोग पेट की जलन या एसिडिटी के लिए इस्तेमाल होने वाली सभी दवाओं को एंटासिड समझ लेते हैं, जबकि इनका काम करने का तरीका अलग होता है। एंटासिड पेट में पहले से मौजूद एसिड को बेअसर करके कुछ समय के लिए राहत देते हैं। इनमें कैल्शियम कार्बोनेट, मैग्नीशियम हाइड्रॉक्साइड और एल्युमिनियम हाइड्रॉक्साइड जैसे तत्व हो सकते हैं।
दूसरी तरफ, प्रोटॉन पंप इनहिबिटर यानी पीपीआई दवाएं पेट में एसिड बनने की प्रक्रिया को कम करती हैं। पैंटोप्राजोल, ओमेप्राजोल, रैबेप्राजोल और एसोमेप्राजोल इसी श्रेणी में आती हैं। इनके अलावा एच2 रिसेप्टर ब्लॉकर्स भी होते हैं, जो पेट में एसिड बनने की मात्रा घटाते हैं। इन दवाओं का इस्तेमाल एसिड रिफ्लक्स, गैस्ट्राइटिस, अल्सर और गैस्ट्रोइसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज यानी जीईआरडी जैसी समस्याओं के इलाज में किया जाता है।
हो सकती है विटामिन बी12 की कमी
लंबे समय तक पेट का एसिड कम करने वाली दवाएं लेने से शरीर में विटामिन बी12 के अवशोषण पर असर पड़ सकता है। दरअसल, भोजन में मौजूद विटामिन बी12 को शरीर में अवशोषित करने के लिए पेट में बनने वाले एसिड की जरूरत होती है। जब लंबे समय तक एसिड बनने की प्रक्रिया दबाई जाती है तो भोजन से मिलने वाले विटामिन बी12 का अवशोषण प्रभावित हो सकता है।
इस संबंध में वर्ष 2013 में जामा मेडिकल जर्नल में जेम्सन आर. लैम और उनके सहयोगियों का एक बड़ा शोध प्रकाशित हुआ था। इसका शीर्षक 'प्रोटॉन पंप इनहिबिटर एंड हिस्टामिन टू रिसेप्टर एंटागोनिस्ट यूज एंड विटामिन बी12 डेफिशिएंसी' था। इस केस-कंट्रोल अध्ययन में विटामिन बी12 की कमी से पीड़ित 25,956 लोगों और 1,84,199 ऐसे लोगों के आंकड़ों की तुलना की गई, जिन्हें यह कमी नहीं थी।
शोध में पाया गया कि दो साल या उससे अधिक समय तक पीपीआई दवाएं लेने वाले लोगों में विटामिन बी12 की कमी से जुड़ी ऑड्स 1.65 गुना थीं। एच2 ब्लॉकर्स का दो साल या उससे अधिक इस्तेमाल करने वालों में भी यह आंकड़ा 1.25 गुना पाया गया। अधिक मात्रा में पीपीआई लेने वालों में यह संबंध और मजबूत था। विटामिन बी12 की कमी होने पर लगातार थकान, कमजोरी, हाथ-पैरों में झुनझुनी, चक्कर, याददाश्त में परेशानी और नसों से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
आयरन की कमी के भी मिले संकेत
पेट का एसिड भोजन से मिलने वाले नॉन-हीम आयरन यानी पौधों से मिलने वाले आयरन के अवशोषण में मदद करता है। लंबे समय तक एसिड कम करने वाली दवाएं लेने से कुछ लोगों में आयरन के अवशोषण पर असर पड़ सकता है। इस विषय पर वर्ष 2019 में जर्नल ऑफ इंटरनल मेडिसिन में ए. ट्रान-ड्यू और उनके सहयोगियों का अध्ययन प्रकाशित हुआ था। इसका शीर्षक 'यूज ऑफ प्रोटॉन पंप इनहिबिटर्स एंड रिस्क ऑफ आयरन डेफिशिएंसी: ए पॉपुलेशन बेस्ड केस कंट्रोल स्टडी'था। इसमें आयरन की कमी से पीड़ित 26,806 वयस्कों और समान विशेषताओं वाले दूसरे समूह के लोगों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया।
शोधकर्ताओं ने पाया कि एक साल या उससे अधिक समय तक लगातार पीपीआई लेने वाले लोगों में आयरन की कमी से जुड़ी ऑड्स उन लोगों की तुलना में 3.60 गुना थीं, जो इन दवाओं का इस्तेमाल नहीं करते थे। बीच-बीच में पीपीआई लेने वाले लोगों में यह आंकड़ा 1.51 गुना था। शोध में दवा की अवधि और मात्रा बढ़ने के साथ आयरन की कमी का संबंध भी सामने आया।
हड्डियों में फ्रैक्चर का खतरा बढ़ने की आशंका
लंबे समय तक पीपीआई दवाओं का इस्तेमाल और हड्डियों में फ्रैक्चर के बीच संबंध को लेकर भी कई शोध हुए हैं। माना जाता है कि पेट के एसिड में लंबे समय तक कमी आने से कैल्शियम के अवशोषण पर असर पड़ सकता है। हालांकि, कैल्शियम के अवशोषण से जुड़े नियंत्रित अध्ययनों के नतीजे एक जैसे नहीं हैं।
वर्ष 2018 में जर्नल ऑफ बोन मेटाबॉलिज्म में यूसेफ नस्सार और सेथ रिचटर का एक व्यवस्थित समीक्षा और मेटा-एनालिसिस प्रकाशित हुआ था। इसका शीर्षक 'प्रोटॉन पंप इनहिबिटर यूज एंड फ्रैक्चर रिस्क: एन अपडेटेड सिस्टेमैटिक रिव्यू एंड मेटा एनालिसिस' था। इसमें 33 अध्ययनों के 27 लाख से अधिक लोगों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। अध्ययन में शामिल लोगों की औसत उम्र करीब 67 साल थी।
इस मेटा-एनालिसिस में पीपीआई लेने वाले लोगों में हड्डियों के फ्रैक्चर से जुड़ा संयुक्त अनुमान 1.28 पाया गया। लंबे समय तक दवा लेने वाले समूह में यह अनुमान 1.62 तक पहुंचा।
किडनी की बीमारी और सूजन
एसिड कम करने वाली दवाओं और किडनी की सेहत के बीच संबंध को लेकर भी कई बड़े अध्ययन हुए हैं। वर्ष 2016 में जामा इंटरनल मेडिसिन में बेंजामिन लाजरस और उनके सहयोगियों का शोध प्रकाशित हुआ था। इसका शीर्षक 'प्रोटॉन पंप इनहिबिटर यूज एंड द रिस्क ऑफ क्रॉनिक किडनी डिजीज' था।
इस अध्ययन में पहले 10,482 लोगों के स्वास्थ्य आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। इसके बाद निष्कर्षों की जांच 2,48,751 लोगों के दूसरे समूह में भी की गई। पहले समूह में पीपीआई इस्तेमाल करने वालों में क्रॉनिक किडनी डिजीज का खतरा दवा न लेने वालों की तुलना में 1.50 गुना पाया गया। दूसरे समूह में भी इसका संबंध सामने आया, जहां यह आंकड़ा 1.24 था।
इसके अलावा वर्ष 2014 में किडनी इंटरनेशनल में एम.एल. ब्लैंक और उनके सहयोगियों का एक राष्ट्रव्यापी अध्ययन प्रकाशित हुआ था। इसका शीर्षक था 'अ नेशनवाइड नेस्टेड केस कंट्रोल स्टडी इंडिकेट्स एन इंक्रीज्ड रिस्क ऑफ एक्यूट इंटरस्टिशियल नेफ्राइटिस विद प्रोटॉन पंप इनहिबिटर यूज'। इसमें पीपीआई लेना शुरू करने वाले 5,72,661 लोगों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया।
शोध में पीपीआई का मौजूदा इस्तेमाल करने वालों में एक्यूट इंटरस्टिशियल नेफ्राइटिस यानी किडनी के अंदरूनी ऊतकों में सूजन का संबंध पहले दवा इस्तेमाल कर चुके लेकिन वर्तमान में दवा न लेने वालों की तुलना में अधिक पाया गया। अध्ययन में मौजूदा इस्तेमाल करने वालों में प्रति एक लाख व्यक्ति-वर्ष पर करीब 12 मामले, जबकि पहले इस्तेमाल करने वालों में करीब 1.7 मामले सामने आए।
शरीर में मैग्नीशियम की कमी का खतरा
मैग्नीशियम शरीर की मांसपेशियों, नसों और दिल की सामान्य कार्यप्रणाली के लिए जरूरी खनिज है। लंबे समय तक कुछ पीपीआई दवाएं लेने से आंतों में मैग्नीशियम के अवशोषण पर असर पड़ सकता है। इससे कुछ लोगों में हाइपोमैग्नीसीमिया यानी खून में मैग्नीशियम का स्तर कम होने की समस्या हो सकती है।
वर्ष 2019 में मेडिसिन जर्नल में थाविन श्रीनुट्टा और उनके सहयोगियों का मेटा-एनालिसिस प्रकाशित हुआ था। इसमें 16 अलग-अलग अध्ययनों के कुल 1,31,507 मरीजों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। इस शोध में पीपीआई लेने वाले लोगों में 19.4 फीसदी और पीपीआई नहीं लेने वालों में 13.5 फीसदी लोगों को हाइपोमैग्नीसीमिया पाया गया। सभी अध्ययनों के आंकड़ों को मिलाकर पीपीआई इस्तेमाल और मैग्नीशियम की कमी के बीच समायोजित ऑड्स रेशियो 1.71 पाया गया। अधिक मात्रा में पीपीआई लेने वालों में कम मात्रा लेने वालों की तुलना में यह संबंध 2.13 गुना था। मैग्नीशियम की कमी होने पर मांसपेशियों में ऐंठन, कमजोरी, कंपकंपी, थकान और गंभीर मामलों में दिल की धड़कन अनियमित होने जैसी परेशानियां हो सकती हैं।
पीपीआई दवा बंद करने पर बढ़ सकती है एसिडिटी
लंबे समय तक पीपीआई दवाओं का इस्तेमाल करने के बाद अचानक इन्हें बंद करने पर कुछ लोगों को फिर से सीने में जलन, खट्टी डकार और एसिड रिफ्लक्स की परेशानी हो सकती है। इसे रिबाउंड एसिड हाइपरसेक्रिशन कहा जाता है।
वर्ष 2009 में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी जर्नल में क्रिस्टीना रीमर और उनके सहयोगियों का एक रैंडमाइज्ड, डबल-ब्लाइंड और प्लेसीबो-कंट्रोल्ड अध्ययन प्रकाशित हुआ था।इस अध्ययन में 120 स्वस्थ लोगों को शामिल किया गया था। एक समूह को आठ सप्ताह तक रोजाना 40 मिलीग्राम एसोमेप्राजोल दिया गया और उसके बाद चार सप्ताह तक प्लेसीबो दिया गया। दूसरे समूह को पूरे समय प्लेसीबो दिया गया।
नतीजों में पीपीआई लेने वाले समूह के 59 में से 26 लोगों यानी करीब 44 फीसदी को दवा बंद करने के बाद एसिडिटी, सीने में जलन या खट्टी डकार जैसे लक्षण महसूस हुए। प्लेसीबो समूह में यह संख्या 59 में से 9 यानी करीब 15 फीसदी थी।
दूसरी दवाओं के असर पर भी पड़ सकता है प्रभाव
सभी एंटासिड का काम और उनके दुष्प्रभाव एक जैसे नहीं होते हैं। इनमें मौजूद तत्वों के आधार पर शरीर पर अलग-अलग असर पड़ सकता है। वर्ष 2023 में प्रकाशित एक चिकित्सा समीक्षा 'एंटासिड्स' में एंटासिड के प्रमुख दुष्प्रभावों और दूसरी दवाओं के साथ उनकी प्रतिक्रियाओं का विवरण दिया गया है।
इस समीक्षा के अनुसार, एल्युमिनियम हाइड्रॉक्साइड वाले एंटासिड से कब्ज की समस्या हो सकती है। मैग्नीशियम वाले एंटासिड से दस्त हो सकते हैं, जबकि कैल्शियम कार्बोनेट का अधिक सेवन कब्ज, खून में कैल्शियम बढ़ने और कुछ स्थितियों में एसिड रिबाउंड से जुड़ा हो सकता है। किडनी की गंभीर बीमारी वाले लोगों में एल्युमिनियम और मैग्नीशियम जैसे तत्व शरीर में जमा होने का खतरा भी रहता है।
एंटासिड कुछ दूसरी दवाओं के अवशोषण पर भी असर डाल सकते हैं। वर्ष 1991 में प्रकाशित शोध 'इफेक्ट्स ऑफ एंटासिड्स ऑन द क्लिनिकल फार्माकोकाइनेटिक्स ऑफ ड्रग्स: एन अपडेट' में बताया गया कि एल्युमिनियम और मैग्नीशियम वाले एंटासिड कुछ एंटीबायोटिक दवाओं के अवशोषण को काफी कम कर सकते हैं। खासतौर पर टेट्रासाइक्लिन और सिप्रोफ्लॉक्सासिन जैसी दवाओं के साथ ऐसी प्रतिक्रिया देखी गई। इससे एंटीबायोटिक का असर कम हो सकता है। इसी वजह से एंटासिड और दूसरी दवाओं को एक ही समय पर लेने से बचना चाहिए। दवा के प्रकार के अनुसार इनके बीच उचित अंतर रखना जरूरी है।
