हेल्थ

रोज करें सिर्फ 5 मिनट का ये वर्कआउट, बढ़ा सकती है आपकी फिटनेस और उम्र

Daily Fitness Routine: फिट रहने के लिए हमेशा महंगे जिम, भारी मशीनें या घंटों की मेहनत जरूरी नहीं होती। कई बार छोटी-छोटी और नियमित आदतें भी बड़ा बदलाव ला सकती हैं।

Image

रोज करें सिर्फ 5 मिनट का ये वर्कआउट

Daily Fitness Routine: अगर आप अपने बिजी शेड्यूल के चलते फिटनेस पर ज्यादा ध्यान नहीं दे पाते तो ये आर्टिकल आपके बेहद काम आ सकता है। नियमित अभ्यास, संतुलित खानपान और अच्छी नींद के साथ ही अगर आप रेडियो तैसो (Radio Taiso) एक्सरसाइज को लाइफस्टाइल में शामिल करते हैं तो इससे आपको तगड़ा फायदा हो सकता है। सिर्फ 5 मिनट की यह जापानी एक्सरसाइज शरीर को एक्टिव रखने, लचीलापन बढ़ाने और दिनभर तरोताजा महसूस कराने में मदद करती है।

सिर्फ 5 मिनट में होने वाली यह एक्सरसाइज पिछले कई दशकों से जापान के लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। इसे बच्चे, युवा, बुजुर्ग और ऑफिस में काम करने वाले लोग भी आसानी से कर सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए ना किसी मशीन की जरूरत पड़ती है और ना ही जिम की सदस्यता लेनी होती है।

क्या है रेडियो तैसो?

रेडियो तैसो जापान की एक पारंपरिक एक्सरसाइज है, जिसकी शुरुआत साल 1929 में हुई थी। इसका मकसद लोगों को रोजाना कुछ मिनट शरीर को एक्टिव रखने के लिए प्रेरित करना था। इस एक्सरसाइज में हल्की स्ट्रेचिंग, हाथ-पैरों की मूवमेंट, शरीर को दाएं-बाएं झुकाना, हल्के स्क्वाट्स और गहरी सांस लेने जैसी आसान गतिविधियां शामिल होती हैं।

सिर्फ 5 मिनट में मिल सकते हैं कई फायदे

रेडियो तैसो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें ज्यादा समय नहीं लगता। अगर आप रोजाना सिर्फ पांच मिनट भी यह एक्सरसाइज करते हैं, तो इससे शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर हो सकता है। लंबे समय तक बैठकर काम करने से होने वाली अकड़न कम हो सकती है और शरीर ज्यादा एक्टिव महसूस करता है। इसके अलावा यह शरीर की फ्लेक्सिबिलिटी बढ़ाने में भी मददगार मानी जाती है।

हर उम्र के लोगों के लिए है आसान

इस एक्सरसाइज की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे लगभग हर उम्र का व्यक्ति कर सकता है। इसमें शरीर पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता और सभी मूवमेंट काफी आसान होती हैं। यही कारण है कि जापान में छोटे बच्चों से लेकर 70-80 साल के बुजुर्ग तक इसे नियमित रूप से करते हैं।

घर पर ऐसे करें रेडियो तैसो

अगर आप इसे शुरू करना चाहते हैं, तो किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं है। बस आरामदायक कपड़े पहनें और खुली जगह पर खड़े हो जाएं। आप इस आसान रूटीन को फॉलो कर सकते हैं—

  • सबसे पहले दोनों हाथ ऊपर उठाकर पूरे शरीर को अच्छी तरह स्ट्रेच करें।
  • अब दोनों हाथों को गोल-गोल आगे और पीछे घुमाएं।
  • इसके बाद धीरे-धीरे शरीर को दाईं और बाईं तरफ झुकाएं।
  • फिर कमर से आगे झुककर पैरों की उंगलियों को छूने की कोशिश करें।
  • 10 से 15 हल्के स्क्वाट्स करें।
  • आखिर में गहरी सांस लें, हाथ ऊपर उठाएं और धीरे-धीरे सांस छोड़ें।

विज्ञान भी मानता है इसके फायदे

कई रिसर्च में यह बात सामने आई है कि नियमित रूप से हल्की शारीरिक गतिविधियां करने से दिल की सेहत बेहतर रहती है, शरीर का संतुलन अच्छा होता है और उम्र बढ़ने के साथ होने वाली कई समस्याओं का खतरा कम हो सकता है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article