शहर

कोटा में बड़ा हादसा, खाटूश्याम से लौट रही श्रद्धालुओं की गाड़ी ट्रक से टकराई, 9 की मौत

कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर गाड़ी खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 घायल हुए हैं। सभी खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे थे।

Image

कोटा-उदयपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा

Photo : ANI

Kota Accident News: राजस्थान के कोटा में कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। जहां श्रद्धालुओं से भरी एक क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए। मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

खाटू श्याम के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहा था परिवार

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह हादसा नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास हुआ। क्रूजर गाड़ी में कुल 16 लोग सवार थे। सभी महाराष्ट्र के रहने वाले एक ही परिवार के सदस्य थे। वे राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। जहां से वापस महाराष्ट्र लौटते समय उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि 9 लोगों की जान चली गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों के इलाज को प्राथमिकता: ADM

अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी ने बताया कि शंभूपुरा के पास आधी रात के समय 16 लोगों को लेकर जा रही गाड़ी ट्रक से टकरा गई। यह बेहद दुखद हादसा है, जिसमें 9 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे और खाटू श्याम के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे थे।

राजेश जोशी के मुताबिक, प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें स्वस्थ करना है। हादसे में जान गंवाने वालों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article