अध्यात्म

November 2026 Pradosh Vrat: आज प्रदोष व्रत है या नहीं, आज प्रदोष काल कब से कब तक है, रवि प्रदोष व्रत पर पूजा कैसे करें

Pradosh Vrat 2026 Date & Time: आज 22 नवंबर 2026 को कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि है। चलिए जानते हैं आज त्रयोदशी तिथि कब से कब तक है, आज त्रयोदशी तिथि पर प्रदोष व्रत है कि नहीं, आज प्रदोष काल कब से लग रहा है और प्रदोष व्रत की पूजा कैसे की जाती है।

Image

आज प्रदोष व्रत रखा जाएगा क्या (Photo Credit- AI Gemini)

2nd Pradosh Vrat November 2026: साल में कुल 24 बार यानी एक महीने में 2 बार प्रदोष व्रत रखा जाता है। सप्ताह के जिस दिन प्रदोष व्रत रखा जाता है, उसे उसी के नाम से जाना जाता है। प्रदोष व्रत के दिन देवों के देव महादेव की विशेष रूप से पूजा की जाती है। पौराणिक शास्त्रों में बताया गया है कि प्रदोष व्रत रखने से पापों का नाश होता है और पुण्य की प्राप्ति होती है। हालांकि, कुछ लोग अपनी विशेष मनोकामना पूर्ण करने के लिए भी शिव जी को समर्पित प्रदोष व्रत रखते हैं। द्रिक पंचांग के अनुसार, हर महीने के कृष्ण पक्ष और शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि को प्रदोष व्रत रखा जाता है।

यहां पर आप जानेंगे कि आज 22 नवंबर 2026 को त्रयोदशी तिथि कब से कब तक रहेगी, आज प्रदोष व्रत है या नहीं, आज यदि प्रदोष व्रत है तो उसका नाम क्या है, प्रदोष व्रत के दिन प्रदोष काल क्या है और प्रदोष व्रत की पूजा विधि क्या है।

आज प्रदोष व्रत है कि नहीं

द्रिक पंचांग के अनुसार, आज 22 नवंबर 2026, रविवार को दिनभर कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि रहेगी। इस बार कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि का आरंभ 22 नवंबर को सुबह 4 बजकर 56 मिनट पर हुआ, जो कि कल 23 नवंबर की सुबह 2 बजकर 36 मिनट तक प्रभावी रहेगी। ऐसे में आज कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि को प्रदोष व्रत रखा जाएगा।

आज कौन सा प्रदोष व्रत है

आज 22 नवंबर 2026 को रविवार का दिन है। पौराणिक शास्त्रों में बताया गया है कि जब रविवार के दिन प्रदोष व्रत पड़ता है तो उसे रवि प्रदोष व्रत के नाम से जाना जाता है। ऐसे में आज के प्रदोष व्रत को रवि प्रदोष व्रत के नाम से जाना जाएगा।

आज प्रदोष काल का समय कब से कब तक है

प्रदोष व्रत की मुख्य पूजा शाम के समय प्रदोष काल में की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, प्रदोष काल में कैलाश पर्वत पर भगवान शिव और माता पार्वती प्रसन्न मुद्रा में रहते हैं। इसी वजह से इस समय की गई पूजा से शिव-पार्वती जी शीघ्र प्रसन्न होते हैं। आज 22 नवंबर 2026 को प्रदोष काल शाम 05 बजकर 25 मिनट से लेकर रात 08 बजकर 06 मिनट तक है।

टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें- आज 22 नवंबर को इन 5 राशियों की चमकेगी किस्मत

आज प्रदोष व्रत की पूजा कैसे करें

  • सुबह जल्दी उठकर स्नान आदि कार्य करने के बाद शुद्ध हल्के रंग के कपड़े पहनें।
  • सूर्य देव को जल अर्पित करने के बाद भगवान गणेश और शिव जी का स्मरण करें।
  • भगवान शिव का ध्यान करते हुए प्रदोष व्रत की पूजा और उपवास का संकल्प लें।
  • प्रदोष काल से पहले हाथ-पैर धोकर स्वच्छ वस्त्र धारण करें।
  • घर के पूजा स्थल या शिव मंदिर में स्थापित शिवलिंग का गंगाजल और पंचामृत (दूध, दही, घी, शहद, शक्कर) से अभिषेक करें।
  • शिव जी और माता पार्वती को सफेद चंदन, अक्षत, बेलपत्र, भस्म, धतूरा और सफेद रंग के फूल अर्पित करें।
  • गाय के घी का दीपक और धूप जलाएं।
  • देवी-देवताओं को पंचामृत, ताजे फल और सफेद रंग की मिठाई का भोग लगाएं। इस दौरान मंत्र जाप करते रहें।
  • रवि प्रदोष व्रत की कथा पढ़ें।
  • आरती करके पूजा का समापन करें।

प्रदोष व्रत का पारण कब करना चाहिए

प्रदोष व्रत का पारण शाम के समय प्रदोष काल की पूजा के बाद या अगले दिन सूर्योदय के पश्चात किया जा सकता है। आज 22 नवंबर 2026 को प्रदोष काल शाम 05 बजकर 25 मिनट से लेकर रात 08 बजकर 06 मिनट तक रहेगा, जबकि कल 23 नवंबर को सूर्योदय सुबह 6 बजकर 50 मिनट पर होगा।

Nidhi Jain
निधि जैनauthor

निधि जैन Times Now नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के तौर पर जुड़ी हैं। इन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 4 साल से ज्यादा का अनुभव है। पढ़ने और लिखने के प्रति इनकी रुचि ही इन्हें जर्नलिज्म की ओर लेकर आई। निधि अब तक हेल्थ, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों पर 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article