हेल्थ

हेल्दी समझकर पी रहे हैं जूस और ड्रिंक्स, दांतों को कर सकती हैं खराब, बचना है तो अपना लें सिंपल ट्रिक

Healthy Juice And Drinks Effect On Teeth: हम में से ज्यादातर लोग जो जूस और ड्रिंक्स हेल्दी समझकर पीते हैं, वह अनजाने में कुछ ऐसी गलतियां करते हैं, जिसका असर उनकी ओरल हेल्थ पर पड़ता है। इसकी वजह से उनके दांत खराब होने लगते हैं। जूस और हेल्दी ड्रिंक्स दांतों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। एसिड और शुगर की वजह से दांतों में सेंसिटिविटी और इरोजन बढ़ता है। अच्छी बात यह है कि कुछ बातों को ध्यान में रखकर आप आसानी से अपने दांतों को सुरक्षित रख सकते हैं, जानिए कैसे....

Image

Healthy Juice And Drinks Effect Onn Teeth

Photo : iStock

Healthy Juice And Drinks Effect Onn Teeth: हम में से बहुत से लोग फिटनेस के चक्कर में दिनभर तरह-तरह के हेल्दी ड्रिंक्स पीते रहते हैं - जैसे फ्रूट और वेजिटेबल जूस, लेमन वॉटर, डिटॉक्स या एनर्जी ड्रिंक्स। लोग आमतौर पर सोचते हैं कि इनका सेवन करने से शरीर को पोषण और एनर्जी दोनों मिलते हैं, लेकिन वास्तव में ऐसा नहीं है।

क्या आपने कभी सोचा है कि ये ड्रिंक्स आपके दांतों को चुपचाप नुकसान पहुंचा रहे हैं? इन ड्रिंक्स में छिपा एसिड और शुगर धीरे-धीरे आपके दांतों की बाहरी परत (एनामल) को घिसता है, जिससे सेंसिटिविटी, कैविटी और दांतों में दर्द जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। अगर आप भी रोज जूस पीते हैं, तो आपको कुछ जरूरी बातें जान लेनी चाहिए, वरना हेल्दी की जगह नुकसान हो जाएगा।

जूस करता है दांतों की सतह को कमजोर

संतरे, नींबू या पैक्ड जूस में एसिड की मात्रा ज्यादा होती है। जब ये ड्रिंक दांतों के संपर्क में आते हैं, तो धीरे-धीरे दांतों की बाहरी परत घिसने लगती है। यही वजह है कि कई लोग ठंडा-गर्म खाते ही झनझनाहट महसूस करते हैं।

स्पोर्ट्स ड्रिंक और सोडा भी है खतरे से खाली नहीं

लोग सोचते हैं कि स्पोर्ट्स ड्रिंक से एनर्जी मिलेगी, लेकिन इनमें भी एसिड और शुगर का कॉम्बिनेशन होता है। ये न सिर्फ दांतों के लिए बल्कि मसूड़ों के लिए भी नुकसानदायक है।

दिन में कई बार पीने से नहीं मिलता रिकवरी का टाइम

अगर आप दिन में कई बार इन ड्रिंक्स को सिप-सिप कर के पीते हैं, तो आपके दांतों को आराम या रिकवर करने का वक्त ही नहीं मिलता। इससे इरोजन तेजी से बढ़ता है।

दांतों को बचाने के लिए अपनाएं सिंपल सी आदत

जब भी कोई एसिडिक ड्रिंक पिएं, उसके तुरंत बाद सादे पानी से कुल्ला जरूर करें। ब्रश करने से पहले कम से कम 30 मिनट का गैप रखें ताकि दांतों पर और घिसाव न हो।

स्ट्रॉ का इस्तेमाल है बेहद फायदेमंद

अगर आप जूस या ड्रिंक्स स्ट्रॉ से पिएंगे तो वो सीधे गले में जाएगा और दांतों से कम टकराएगा। इससे दांतों को नुकसान पहुंचने की संभावना काफी कम हो जाती है।

हेल्दी दिखने वाला हर ड्रिंक फायदेमंद नहीं होता

जो ड्रिंक हेल्दी लगते हैं, वो हर बार शरीर के हर हिस्से के लिए फायदेमंद हों, ये जरूरी नहीं। दांत हमारी पर्सनालिटी और हेल्थ दोनों के लिए अहम होते हैं। इसलिए अगर आप जूस-ड्रिंक्स पीना नहीं छोड़ सकते, तो कम से कम उन्हें सही तरीके से पिएं ताकि दांत सालों-साल मजबूत बने रहें।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article