FSSAI Food Label Guide: आजकल बाजार में मिलने वाले ज्यादातर पैकेटबंद खाने-पीने के सामान पर बड़े-बड़े दावे लिखे होते हैं। कहीं 'शुगर फ्री' लिखा होता है तो कहीं 'हाई फाइबर', 'लो फैट' या '100% हेल्दी' जैसे शब्द नजर आते हैं। ऐसे दावे देखकर हम अक्सर सोचते हैं कि यह चीज हमारी सेहत के लिए अच्छी होगी और बिना ज्यादा सोचे उसे खरीद लेते हैं। लेकिन क्या पैकेट पर लिखा हर दावा सच होता है? बता दें कि ऐसा जरूरी नहीं है। इसी वजह से भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने लोगों को फूड लेबल सही तरीके से पढ़ने की सलाह दी है। FSSAI की 5-स्टेप गाइड बताती है कि किसी भी पैकेज्ड फूड की असली कहानी उसके चमकदार विज्ञापनों में नहीं, बल्कि उसके फूड लेबल में छिपी होती है। आइए जानते हैं क्या है FSSAI की ये 5-स्टेप गाइड (FSSAI 5 step guide)।
1. सामने लिखा देखकर फैसला न करें
जब भी कोई पैकेटबंद खाद्य पदार्थ खरीदें, तो केवल सामने लिखे दावों को देखकर फैसला न लें। कंपनियां अक्सर आकर्षक शब्दों का इस्तेमाल करती हैं ताकि ग्राहक उनकी ओर आकर्षित हों। असली जानकारी पैकेट के पीछे या किनारे पर दी गई होती है। इसलिए खरीदने से पहले उसे पढ़ने की आदत डालें।
2. सामग्री की सूची बहुत कुछ बता देती है
फूड लेबल पर दी गई सामग्री की सूची सबसे अहम होती है। इसमें बताया जाता है कि उस उत्पाद में क्या-क्या मिला है। जो चीज सबसे पहले लिखी होती है, उसकी मात्रा सबसे ज्यादा होती है। अगर शुरुआत में ही चीनी, नमक या रिफाइंड आटा लिखा हो, तो समझिए कि वह चीज उतनी हेल्दी नहीं है जितनी दिखाई जा रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: प्रेगनेंसी में बार-बार होती है एसिडिटी, डॉक्टर ने बताए राहत पाने के आसान तरीके, ज्यादातर महिलाएं करती हैं ये गलती
3. पोषण संबंधी जानकारी पर भी नजर डालें
कई लोग सिर्फ कैलोरी देखकर खुश हो जाते हैं, लेकिन केवल यही काफी नहीं है। पैकेट पर यह भी लिखा होता है कि उसमें कितनी चीनी, नमक, फैट और प्रोटीन है। इन जानकारियों को पढ़ने से आप बेहतर फैसला ले सकते हैं कि वह चीज आपके लिए सही है या नहीं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या डार्क चॉकलेट के साथ ब्लैक कॉफी पीने से तेजी से घटता है वजन, एक्सपर्ट से जानिए पूरी सच्चाई
4. सर्विंग साइज को समझना भी जरूरी है
फूड लेबल में दी गई जानकारी अक्सर एक तय मात्रा के हिसाब से होती है। कई बार पूरा पैकेट एक से ज्यादा लोगों या एक से ज्यादा बार खाने के लिए होता है। ऐसे में अगर आप पूरा पैकेट खा लेते हैं, तो शरीर में जरूरत से ज्यादा चीनी, नमक या कैलोरी पहुंच सकती है।
5. हेल्दी दावों की सच्चाई चेक करें
लेबल पर लिखे हुए लो फैट या नो एडेड शुगर जैसे दावे सुनने में अच्छे लगते हैं, लेकिन इनका मतलब हमेशा यह नहीं होता कि प्रोडक्ट पूरी तरह से हेल्दी है। हो सकता है उसमें किसी दूसरी चीज की मात्रा ज्यादा हो। इसलिए किसी भी दावे पर भरोसा करने से पहले पूरा लेबल जरूर पढ़ें।
समझदारी से करें चुनाव
FSSAI का कहना है कि फूड लेबल पढ़ने की छोटी-सी आदत आपकी सेहत के लिए बड़ा फर्क ला सकती है। अगली बार जब भी कोई पैकेटबंद खाद्य पदार्थ खरीदें, तो उसके दावों के पीछे की सच्चाई जरूर जानें। कुछ मिनट की यह सावधानी आपको बेहतर और स्वस्थ विकल्प चुनने में मदद कर सकती है।
