हेल्थ

प्रेगनेंसी में बार-बार होती है एसिडिटी, डॉक्टर ने बताए राहत पाने के आसान तरीके, ज्यादातर महिलाएं करती हैं ये गलती

Pregnancy Acidity Relief Tips: आपने देखा होगा कि गर्भवती महिलाओं को सीने में जलन की समस्या काफी परेशान करती है। लेकिन क्या आपने सोचा है कि प्रेगनेंसी में बार-बार एसिडिटी और सीने में जलन क्यों होती है? यहां जानिए वजह।

Image

प्रेगनेंसी में एसिडिटी कर रही है परेशान तो ये उपाय अपनाएं

Pregnancy Acidity Relief Tips: प्रेगनेंसी के दौरान शरीर में कई बदलाव होते हैं। इसी वजह से बहुत-सी महिलाओं को सीने में जलन, खट्टी डकारें, पेट फूलना और मुंह में खट्टा स्वाद आने जैसी समस्याएं होने लगती हैं। खासकर गर्भावस्था के दूसरे और तीसरे चरण में यह परेशानी ज्यादा देखने को मिलती है। कई महिलाएं इसे सामान्य मानकर सहती रहती हैं, लेकिन कुछ आसान बदलाव करके इससे काफी राहत पाई जा सकती है।

अमृता हॉस्पिटल, फरीदाबाद की प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दीप्ति शर्मा बताती हैं कि प्रेगनेंसी में पेट का खाना सामान्य से थोड़ा धीमे पचता है। साथ ही जैसे-जैसे बच्चा बड़ा होता है, पेट पर दबाव बढ़ने लगता है। यही कारण है कि एसिड ऊपर की तरफ आने लगता है और सीने में जलन महसूस होती है।

एक साथ ज्यादा खाना खाना पड़ सकता है भारी

कई महिलाएं दिन में दो या तीन बार ही भरपेट खाना खाती हैं। यह आदत एसिडिटी को बढ़ा सकती है। डॉ. शर्मा के अनुसार, थोड़ा-थोड़ा करके कई बार खाना ज्यादा बेहतर रहता है। इससे पेट पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता और खाना भी आसानी से पच जाता है।

खानपान में इन बातों का रखें ध्यान

अगर आपको बार-बार एसिडिटी हो रही है तो बहुत ज्यादा मसालेदार, तला-भुना और तेल वाला खाना कम कर दें। ज्यादा चाय, कॉफी, चॉकलेट और कोल्ड ड्रिंक जैसी चीजें भी परेशानी बढ़ा सकती हैं। हल्का और संतुलित भोजन पेट को आराम देता है और जलन कम करने में मदद करता है।

रात में की जाने वाली सबसे बड़ी गलती

डॉ. दीप्ति शर्मा कहती हैं कि देर रात खाना खाना प्रेगनेंसी में एसिडिटी बढ़ने की बड़ी वजह है। कई महिलाएं सोने से ठीक पहले खाना खा लेती हैं। ऐसा करने से रात में सीने में जलन और बेचैनी बढ़ सकती है। कोशिश करें कि सोने से कम से कम 3 से 4 घंटे पहले रात का भोजन कर लें।

खाने के बाद तुरंत न लेटें

खाना खाने के बाद सीधे बिस्तर पर लेटना भी एक आम गलती है। भोजन के बाद कुछ समय तक बैठे रहें या हल्का टहल लें। इससे खाना नीचे की ओर रहता है और एसिड ऊपर नहीं आता। सोते समय सिर को थोड़ा ऊंचा रखकर सोने से भी आराम मिल सकता है।

खुद से दवा लेना सही नहीं

अगर एसिडिटी बार-बार हो रही है या बहुत ज्यादा परेशान कर रही है तो बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा न लें। डॉ. शर्मा के मुताबिक, प्रेगनेंसी में कुछ दवाएं सुरक्षित होती हैं, लेकिन उनका चुनाव डॉक्टर ही करें। सही सलाह और अच्छी आदतों की मदद से ज्यादातर महिलाएं इस समस्या को आसानी से संभाल सकती हैं और गर्भावस्था का सफर ज्यादा आरामदायक बना सकती हैं।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article