देश

सचिन के साथ गली क्रिकेट, कुल्हड़ वाली चाय और मेट्रो की सवारी... मुंबई में प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन का दिखा अलग अंदाज

Prince William-Kate Middleton India Visit: ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन भारत दौरे पर मुंबई पहुंचे। यहां शाही जोड़े ने सचिन तेंदुलकर और स्कूली छात्राओं के साथ गली क्रिकेट खेला। प्रिंस विलियम ने सचिन को आउट भी किया, जबकि केट ने बल्लेबाजी की। दोनों ने सड़क किनारे कुल्हड़ में कटिंग चाय का स्वाद लिया और मुंबई मेट्रो में सफर किया। अब 18 नवंबर को दोनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

Image

Prince William-Kate India Visit: मुंबई की गलियों में शाही जोड़ी का देसी अंदाज। AP

Photo : AP

Prince William-Kate Middleton India Visit: ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन फिलहाल भारत में हैं। सोमवार को दोनों मुंबई में खास अंदाज में दिखे। एक तरफ जहां प्रिंस विलियम 'गली क्रिकेट' खेलते हुए नजर आए। वहीं, प्रिंसेस केट मिडलटन चाय की चुस्की लेती नजर आईं।

भारत दौरे पर आए शाही जोड़े ने अपनी रॉयल दिनचर्या से हटकर स्कूली छात्राओं और क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर के साथ गली क्रिकेट खेला। इतना ही नहीं, दोनों ने सड़क किनारे कुल्हड़ में कटिंग चाय का स्वाद भी लिया और मुंबई मेट्रो में सफर किया। मुंबई में उनका यह अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन सोमवार को मुंबई पहुंचे। यहां उनके पहले कार्यक्रम में पारंपरिक ढोल-ताशे के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद दोनों ने मुंबई की रोजमर्रा की जिंदगी को करीब से महसूस किया। मुंबई के ऐतिहासिक इलाके बॉलार्ड एस्टेट की एन मोरारजी रोड पर आयोजित गली क्रिकेट मैच में शाही जोड़े ने हिस्सा लिया।

इस दौरान उनके साथ क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और स्कूली छात्राएं भी मौजूद थीं। खास बात यह रही कि यह कार्यक्रम सचिन तेंदुलकर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की सालगिरह के दिन आयोजित हुआ। उन्होंने 2013 में 16 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था।

सचिन तेंदुलकर के साथ प्रिंस विलियम ने खेला गली क्रिकेट

गली क्रिकेट के दौरान प्रिंस विलियम ने भी बल्ला थामा और करीब पांच गेंदों का सामना किया। हालांकि, पांचवीं गेंद पर वह बोल्ड हो गए। इसके बाद उन्होंने गेंदबाजी में भी हाथ आजमाया और सचिन तेंदुलकर को आउट किया। सचिन ने गेंद को हवा में उछाला, जिसे फील्डर ने कैच कर लिया। वहीं, प्रिंसेस कैथरीन ने भी बल्लेबाजी की। उन्होंने करीब दो ओवर तक बैटिंग की, लेकिन आठवीं गेंद पर प्रिंस विलियम ने उन्हें आउट कर दिया।

सचिन तेंदुलकर ने बताया कि पिछली बार उन्होंने प्रिंस विलियम के साथ ओवल मैदान में क्रिकेट खेला था, जबकि इस बार उन्हें मुंबई की गलियों में गली क्रिकेट खेलने का मौका मिला। इस कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं के अलावा इंस्टाग्राम पर लोकप्रिय गली क्रिकेट पेज से जुड़े लोग भी शामिल हुए।

कुल्हड़ वाली कटिंग चाय का लिया स्वाद

मुंबई में शाही जोड़े का देसी अंदाज सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा। प्रिंस विलियम और केट ने एक बड़े बरगद के पेड़ के नीचे सड़क किनारे चाय की दुकान पर कुल्हड़ में कटिंग चाय पी। यह दुकान कार्यक्रम स्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर थी। दुकान चलाने वाले बेहरूलाल चौधरी और मनोज ठाकुर ने शाही जोड़े और सचिन तेंदुलकर को चाय परोसी।

मनोज ठाकुर ने बताया कि उन्होंने पहली बार सचिन तेंदुलकर को इतने करीब से देखा। उनके मुताबिक, प्रिंसेस कैथरीन ने चाय की तारीफ करते हुए कहा कि यह बहुत अच्छी है।

छात्राओं को नहीं थी शाही मेहमानों के आने की खबर

इस कार्यक्रम की तैयारियों को काफी गोपनीय रखा गया था। इसमें शामिल होने वाली छात्राओं को भी शुरुआत में यह नहीं बताया गया था कि उनसे मिलने कौन आने वाला है। नागपाड़ा के अंजुमन इस्लाम बेगम शरीफा कलसेकर गर्ल्स इंग्लिश स्कूल की आठवीं कक्षा की छात्राओं बतूल फातिमा शेख और उम्मे हानी ने बताया कि उनके शिक्षकों ने 16 नवंबर को एक कार्यक्रम की जानकारी दी थी और इच्छुक छात्राओं से नाम दर्ज कराने को कहा था।

दिवाली की छुट्टियां होने के कारण उन्होंने कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए अपना नाम लिखवा दिया। लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि वहां कौन आने वाला है। जब उन्हें बताया गया कि ब्रिटेन के प्रिंस ऑफ वेल्स कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं, तो बतूल फातिमा हैरान रह गईं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्होंने प्रिंस विलियम के बारे में पढ़ा है।

वहीं, वाशी के अंजुमन-ए-इस्लाम के अब्दुल अजीम खतखाते स्कूल की 15 वर्षीय छात्रा सहर खोखरा ने शाही जोड़े के साथ क्रिकेट खेलने को अपने लिए सम्मान और सौभाग्य की बात बताया। हालांकि, उनके लिए सबसे खास पल सचिन तेंदुलकर का शानदार स्ट्रेट ड्राइव देखना और उनका ऑटोग्राफ लेना रहा।

गली क्रिकेट से जुड़े आनंद भाट ने बताया कि उन्होंने प्रिंसेस कैथरीन का शॉट कैच किया था। बाद में कैथरीन ने भी उनके कैच की तारीफ की। उनके मुताबिक, केंसिंग्टन पैलेस से करीब एक महीने पहले उन्हें ईमेल मिला था, जिसमें कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया था।

मुंबई मेट्रो में भी किया सफर

गली क्रिकेट और चाय का आनंद लेने के बाद प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन ने मुंबई मेट्रो में सफर किया। दोनों विधान भवन मेट्रो स्टेशन से बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) पहुंचे। यहां उन्हें अर्थशॉट प्राइज 2026 इम्पैक्ट असेंबली में हिस्सा लेना है।

यह प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन की दूसरी आधिकारिक भारत यात्रा है। इससे पहले दोनों अप्रैल 2016 में भारत आए थे। मुंबई के कार्यक्रमों के बाद प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन 18 नवंबर को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article