हेल्थ

Blood Donation के बाद शरीर कितने दिनों में दोबारा खून बना लेता है, जानिए कौन-सी चीजें रिकवरी को तेज करती हैं

Blood Donation Recovery: अगर आपने भी कभी रक्तदान किया है या रक्तदान करने की योजना बना रहे हैं, तो आपने मन में भी यह सवाल आता होगा कि ब्लड डोनेशन के बाद शरीर नया खून कितने दिनों में बनेगा? आइए डॉक्टर से जानते हैं खून रिकवर होने में कितना समय लगता है और कौन सी चीजें तेजी से दोबारा खून बनाने में मदद करती हैं।

Image

रक्तदान के बाद कितने दिन में खून फिर से बढ़ जाता है?

Blood Donation Recovery: क्या आप जानते हैं रक्तदान करना सिर्फ एक अच्छा काम नहीं, बल्कि किसी की जिंदगी बचाने का मौका भी है। लेकिन पहली बार रक्तदान करने वाले लोगों के मन में अक्सर एक सवाल आता है - 'मेरे शरीर से जो खून निकला है, वह वापस बनने में कितना समय लगेगा?' कुछ लोग यह भी सोचते हैं कि कहीं रक्तदान के बाद लंबे समय तक कमजोरी तो नहीं रहेगी।

अच्छी बात यह है कि हमारा शरीर बहुत समझदारी से काम करता है। जैसे ही रक्तदान होता है, शरीर खोए हुए खून की भरपाई करने की तैयारी शुरू कर देता है। हैदराबाद के यशोदा हॉस्पिटल्स में सीनियर कंसल्टेंट जनरल फिजिशियन डॉ. के. सेशी किरण बताते हैं कि स्वस्थ व्यक्ति के शरीर में खून दोबारा बनने की प्रक्रिया अपने आप शुरू हो जाती है। हालांकि खून के अलग-अलग हिस्सों को सामान्य होने में अलग-अलग समय लग सकता है। सही खानपान, पर्याप्त पानी और आराम इस प्रक्रिया को और बेहतर बना सकते हैं।

रक्तदान के बाद सबसे पहले क्या रिकवर होता है

बता दें कि जब हम रक्तदान करते हैं तो सिर्फ खून ही नहीं, शरीर का कुछ तरल हिस्सा भी निकलता है। डॉ. के. सेशी किरण बताते हैं कि शरीर सबसे पहले इसी तरल हिस्से की भरपाई करता है।

अगर आप रक्तदान के बाद पर्याप्त पानी, नारियल पानी, जूस या अन्य तरल पदार्थ पीते हैं, तो आमतौर पर 24 से 48 घंटे के भीतर यह कमी काफी हद तक पूरी हो जाती है। यही वजह है कि रक्तदान के तुरंत बाद ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी जाती है।

कितने दिन में नया खून बनने लगता है

कितने दिन में नया खून बनने लगता है

नया खून बनने में कितना समय लगता है

बहुत से लोग सोचते हैं कि खून बनने में कई महीने लग जाते होंगे, लेकिन ऐसा नहीं है। हमारा शरीर नई रक्त कोशिकाएं बनाना जल्दी शुरू कर देता है। डॉ. किरण के अनुसार, खून में मौजूद कुछ जरूरी कोशिकाएं कुछ दिनों में सामान्य होने लगती हैं। वहीं शरीर में ऑक्सीजन पहुंचाने वाली लाल रक्त कोशिकाओं की पूरी भरपाई होने में लगभग 4 से 8 सप्ताह का समय लग सकता है। यानी शरीर लगातार काम करता रहता है और धीरे-धीरे खून की कमी पूरी कर देता है।

हीमोग्लोबिन कब तक सामान्य होता है?

हीमोग्लोबिन कब तक सामान्य होता है?

रक्तदान के बाद हीमोग्लोबिन कब सामान्य होता है

हीमोग्लोबिन वह तत्व है जो शरीर के हर हिस्से तक ऑक्सीजन पहुंचाने में मदद करता है। रक्तदान के बाद इसका स्तर थोड़ा कम हो सकता है, लेकिन ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं होती है।

डॉ. के. सेशी किरण बताते हैं कि ज्यादातर लोगों में हीमोग्लोबिन का स्तर लगभग 6 से 12 सप्ताह के भीतर सामान्य हो जाता है। यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि व्यक्ति का खानपान कैसा है और उसके शरीर में पहले से पोषक तत्वों की स्थिति कैसी है।

शरीर को कैसे पता चलती है नए खून की जरूरत

यह सुनकर आपको हैरानी हो सकती है कि शरीर के अंदर एक ऐसी व्यवस्था है जो खुद ही समझ जाती है कि खून की कमी हुई है। डॉ. किरण के मुताबिक, रक्तदान के बाद शरीर कुछ खास संकेत भेजता है, जिससे हड्डियों के अंदर मौजूद खून बनाने वाली जगहें ज्यादा सक्रिय हो जाती हैं। इसके बाद नई रक्त कोशिकाएं बनने लगती हैं और धीरे-धीरे शरीर पहले जैसी स्थिति में लौट आता है। यही कारण है कि स्वस्थ लोगों के लिए रक्तदान को सुरक्षित माना जाता है।

कौन सी चीजें तेजी से खून बढ़ाती हैं

कौन सी चीजें तेजी से खून बढ़ाती हैं

कौन-से पोषक तत्व तेजी से नया खून बनाते हैं

रक्तदान के बाद सिर्फ आराम करना ही काफी नहीं है, सही खाना भी जरूरी है। डॉ. के. सेशी किरण कहते हैं कि शरीर को नया खून बनाने के लिए आयरन, प्रोटीन, विटामिन B12, फोलिक एसिड और विटामिन C जैसे पोषक तत्वों की जरूरत होती है।

हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, चना, राजमा, बीन्स, अंडे, मछली, सूखे मेवे और बीज शरीर को जरूरी पोषण दे सकते हैं। वहीं संतरा, मौसमी और नींबू जैसे खट्टे फल शरीर को आयरन बेहतर तरीके से इस्तेमाल करने में मदद करते हैं। इसलिए रक्तदान के बाद कुछ दिनों तक संतुलित और पौष्टिक भोजन जरूर लेना चाहिए।

रक्तदान के बाद थकान महसूस होना कितना सामान्य है

कुछ लोगों को रक्तदान के बाद एक-दो दिन हल्की कमजोरी या थकान महसूस हो सकती है। यह बिल्कुल सामान्य बात है और ज्यादातर मामलों में अपने आप ठीक हो जाती है।

डॉ. के. सेशी किरण के अनुसार, यदि व्यक्ति पर्याप्त पानी पीता है, पौष्टिक भोजन लेता है और थोड़ा आराम करता है, तो शरीर जल्दी रिकवर कर लेता है। इसलिए रक्तदान के बाद घबराने की जरूरत नहीं है। आपका शरीर खोए हुए खून की भरपाई करने में पूरी तरह सक्षम होता है।

रक्तदान एक सुरक्षित और नेक काम है। आपके कुछ मिनट किसी जरूरतमंद के लिए नई जिंदगी बन सकते हैं, इसलिए इसे महादान भी कहा जाता है। और अच्छी बात यह है कि आपका शरीर भी कुछ ही हफ्तों में इस कमी को पूरा कर लेता है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article