टेक एंड गैजेट्स

WhatsApp iOS के लिए लाया नया सर्च शॉर्टकट, चैट और चैनल में पुराने मैसेज ढूंढना होगा आसान

WABetaInfo के मुताबिक, iOS के लिए WhatsApp Messenger के वर्जन 26.36.74 में इस नए सर्च शॉर्टकट को देखा गया है। फिलहाल यह फीचर सभी iPhone यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है और कुछ चुनिंदा यूजर्स को ही मिल रहा है।

Image

एप्पल आईफोन यूजर्स को मिलने वाली है बड़ी सुविधा। (फोटो क्रेडिट-Digit)

WhatsApp एक पॉपुलर इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म है। हर दिन करोड़ों लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। यही वजह है कि कंपनी समय-समय पर नए-नए फीचर्स लाती रहती है। WhatsApp अपने iPhone यूजर्स के लिए एक नया फीचर टेस्ट कर रहा है, जिससे चैट और चैनल में पुराने मैसेज ढूंढना पहले से आसान हो सकता है। इस नए फीचर की मदद से यूजर्स को किसी मैसेज को सर्च करने के लिए बार-बार चैट की जानकारी वाले पेज पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

WhatsApp में आने वाले इस फीचर्स की जानकारी कंपनी के अपडेट्स और फीचर्स को ट्रैक करने वाली वेबसाइट WABetaInfo की तरफ से शेयर की गई है। WABetaInfo के मुताबिक, iOS के लिए WhatsApp Messenger के वर्जन 26.36.74 में इस नए सर्च शॉर्टकट को देखा गया है। फिलहाल यह फीचर सभी iPhone यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है और कुछ चुनिंदा यूजर्स को ही मिल रहा है।

बताया जा रहा है कि जब यूजर किसी चैट में ऊपर की तरफ स्क्रॉल करेगा, तो नेविगेशन बार के ठीक नीचे एक नया सर्च कंट्रोल दिखाई देगा। इस पर टैप करते ही यूज़र सीधे सर्च मोड में पहुंच जाएगा। इसके बाद यूजर कोई कीवर्ड लिखकर चैट में मौजूद पुराने या खास मैसेज को आसानी से खोज सकेगा।

चैनल्स में भी काम कर सकता है फीचर

इस शॉर्टकट की खास बात यह है कि इसे WhatsApp चैनल्स में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। अभी किसी चैनल के पुराने अपडेट को ढूंढने के लिए यूजर्स को काफी पीछे तक स्क्रॉल करना पड़ सकता है। नए शॉर्टकट के आने के बाद चैनल की जानकारी वाला पेज खोले बिना ही पुराने अपडेट्स को सर्च करना आसान हो सकता है।

पहले नीचे दिख रहा था सर्च बटन

WABetaInfo ने इस फीचर के डेवलपमेंट की जानकारी अगस्त में दी थी। उस समय WhatsApp चैट के निचले हिस्से में सर्च बटन की टेस्टिंग कर रहा था। अब सामने आई जानकारी के मुताबिक, इसके नए वर्जन में सर्च शॉर्टकट को चैट के ऊपर की तरफ रखा गया है। जब यूजर पुराने मैसेज देखने के लिए ऊपर स्क्रॉल करेगा, तभी यह बटन दिखाई देगा। वहीं, जब यूजर वापस चैट के सबसे नए मैसेज तक पहुंच जाएगा, तो यह शॉर्टकट गायब हो जाएगा।

मैसेज सर्च करने के लिए कम होंगे स्टेप्स

फिलहाल WhatsApp पर किसी चैट के अंदर कोई खास मैसेज ढूंढने के लिए पहले चैट की जानकारी वाले पेज पर जाना पड़ता है। इसके बाद सर्च ऑप्शन चुनकर मैसेज खोजा जाता है। नए शॉर्टकट के आने के बाद यह पूरा काम सीधे चैट स्क्रीन से किया जा सकेगा। यानी पुराने मैसेज या किसी खास बातचीत को ढूंढने के लिए पहले की तुलना में कम स्टेप्स करने पड़ेंगे।

अभी सभी यूज़र्स को नहीं मिला फीचर

फिलहाल WhatsApp ने इस फीचर को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई घोषणा नहीं की है। यह फीचर धीरे-धीरे कुछ iOS यूज़र्स तक पहुंच रहा है। इसलिए अगर आपके iPhone में अभी यह सर्च शॉर्टकट दिखाई नहीं दे रहा है, तो इसका मतलब यह नहीं कि आपको यह फीचर नहीं मिलेगा। हो सकता है कि अगले अपडेट में यह आप तक पहुंच जाए।
Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article