हेल्थ

Family Health and Fitness Day: फैमिली में कौन-सी बीमारियां विरासत में मिल सकती हैं, एक बीमारी पूरे परिवार की जिंदगी कैसे बदल देती है

Family Health and Fitness Day: क्या आपने कभी सोचा है कि परिवार में चलने वाली बीमारियां आपकी सेहत को प्रभावित कर सकती हैं? कैसे एक जेनेटिक बीमारी पूरे परिवार की जिंदगी बदल सकती है और समय रहते जांच क्यों जरूरी है। चलिए इसके बारे में डॉक्टर से जानते हैं..

Image

जानिए ऐसी कौन सी बीमारियां होती हैं जो परिवार में आगे चलती रहती हैं

Family Health and Fitness Day: जब हम अपने परिवार की बात करते हैं, तो अक्सर कहते हैं कि आंखें मां जैसी हैं या कद पिता पर गया है। लेकिन कई बार कुछ बीमारियों का खतरा भी परिवार से ही मिलता है। यही वजह है कि डॉक्टर फैमिली हिस्ट्री यानी परिवार में पहले किन लोगों को कौन-सी बीमारी रही है, इसकी जानकारी को बहुत महत्वपूर्ण मानते हैं।

एक्सपर्ट्स की मानें तो यह समझना जरूरी है कि परिवार में चली आ रही कुछ बीमारियां अगली पीढ़ी तक पहुंच सकती हैं। हालांकि इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि अगर माता-पिता को कोई बीमारी थी तो बच्चों को भी जरूर होगी, लेकिन उसका खतरा बढ़ सकता है।

हैदराबाद के यशोदा हॉस्पिटल्स के सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. दिलीप गुडे कहते हैं कि परिवार की मेडिकल हिस्ट्री जानना कई बीमारियों को समय रहते पहचानने और उनसे बचाव करने में मदद कर सकता है।

परिवार में कौन-कौन सी बीमारियां चल सकती हैं

डॉ. गुडे के अनुसार, कुछ बीमारियां (genetic disorders) ऐसी हैं जो अक्सर परिवारों में देखने को मिलती हैं। इनमें डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, दिल की बीमारी, शरीर में बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल, थायरॉयड की समस्या और अस्थमा शामिल हैं। कुछ प्रकार के कैंसर, खासकर ब्रेस्ट कैंसर और बड़ी आंत से जुड़ा कैंसर भी परिवार में चल सकते हैं।

इसके अलावा कुछ खून से जुड़ी बीमारियां भी पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ सकती हैं। इसलिए अगर परिवार में किसी सदस्य को ऐसी कोई समस्या रही है तो डॉक्टर को इसकी जानकारी जरूर देनी चाहिए।

क्या परिवार में बीमारी होने का मतलब आपको भी होगी

डॉक्टर की राय में इस सवाल का जवाब है- नहीं। परिवार में किसी बीमारी का इतिहास होना केवल यह बताता है कि आपका जोखिम थोड़ा ज्यादा हो सकता है। लेकिन आपकी रोजमर्रा की आदतें भी बहुत मायने रखती हैं।

अगर आप संतुलित भोजन खाते हैं, नियमित रूप से चलते-फिरते हैं, वजन नियंत्रित रखते हैं और तंबाकू या धूम्रपान से दूर रहते हैं, तो कई बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

एक बीमारी पूरे परिवार की जिंदगी कैसे बदल सकती है

कुछ बीमारियां ऐसी होती हैं जो सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहतीं। अगर परिवार के एक सदस्य को ऐसी आनुवंशिक बीमारी है, तो उसके दूसरे रिश्तेदारों और आने वाली पीढ़ियों में भी उसका असर देखने को मिल सकता है।

ऐसी स्थिति में परिवार को बार-बार अस्पताल जाना पड़ सकता है, लंबे समय तक इलाज कराना पड़ सकता है और कई बार जीवन से जुड़े बड़े फैसले भी सोच-समझकर लेने पड़ते हैं। इसका असर केवल शरीर पर नहीं बल्कि पूरे परिवार की मानसिक और आर्थिक स्थिति पर भी पड़ सकता है।

समय रहते जांच और सलाह क्यों जरूरी है

डॉ. दिलीप गुडे के अनुसार, जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। अगर परिवार में किसी बीमारी का इतिहास है तो समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लेकर विशेष जांच भी करवाई जा सकती है।

बीमारी को शुरुआत में ही पहचान लेने से उसका बेहतर इलाज संभव हो जाता है और भविष्य की परेशानियों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

परिवार का साथ और सही जानकारी बना सकती है फर्क

किसी भी आनुवंशिक बीमारी का पता चलना परिवार के लिए चिंता की बात हो सकती है, लेकिन सही जानकारी, समय पर इलाज और परिवार के सहयोग से स्थिति को बेहतर तरीके से संभाला जा सकता है।

याद रखें, परिवार से मिलने वाला बीमारी का खतरा आपकी किस्मत नहीं तय करता। अच्छी जीवनशैली, नियमित जांच और जागरूकता के जरिए आप खुद को लंबे समय तक स्वस्थ रख सकते हैं।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article