हेल्थ

World Blood Donor Day: क्या Heatwave में रक्तदान करना सुरक्षित है, जानिए सेहत पर क्या पड़ता है असर और किन गलतियों से बचें

World Blood Donor Day: क्या आप भी रक्दान करते हैं, मगर क्या आपने सोचा है कि हीटवेव में में रक्तदान करना सुरक्षित है या नहीं? आइए जानते हैं इसका सेहत पर क्या असर पड़ सकता है और किन गलतियों से बचना चाहिए।

Image

हीटवेव में रक्तदान सुरक्षित होता है या नहीं?

World Blood Donor Day: हर साल 14 जून को विश्व रक्तदान दिवस मनाया जाता है। रक्तदान को जीवनदान कहा जाता है क्योंकि आपके द्वारा दिया गया खून किसी की जान बचा सकता है। लेकिन इस समय देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव का दौर चल रहा है। ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल उठता है कि क्या इतनी गर्मी में रक्तदान करना सही है? कहीं इससे कमजोरी या चक्कर आने की परेशानी तो नहीं हो सकती?

यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के कंसल्टेंट फिजिशियन और डायबिटीज विशेषज्ञ डॉ. हरि किशन बोरुगु बताते हैं कि गर्मी में भी रक्तदान किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। अगर शरीर में पानी की कमी हो या आप पहले से थके हुए हों, तो परेशानी बढ़ सकती है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि तपती गर्मी या हीटवेव के दौरान रक्तदान (blood donation in heatwave) कितना सुरक्षित है।

गर्मी नहीं शरीर में पानी की कमी है असली चिंता

डॉ. हरि किशन बोरुगु के मुताबिक, सिर्फ गर्म मौसम होने से रक्तदान खतरनाक नहीं हो जाता। असली समस्या तब होती है जब शरीर में पानी की कमी हो जाती है। गर्मी में ज्यादा पसीना निकलता है और शरीर से पानी लगातार कम होता रहता है। अगर ऐसी स्थिति में कोई व्यक्ति रक्तदान करता है, तो उसे कमजोरी या चक्कर जैसी दिक्कत हो सकती है।

रक्तदान से पहले भरपूर पानी पीना क्यों जरूरी है

गर्मी के मौसम में रक्तदान करने से पहले दिनभर पर्याप्त पानी पीना बहुत जरूरी है। इससे शरीर में पानी की मात्रा संतुलित रहती है। साथ ही रक्तदान करने से पहले अच्छा और पौष्टिक भोजन जरूर करें। खाली पेट रक्तदान करने से शरीर ज्यादा कमजोर महसूस कर सकता है।

ये गलती बिल्कुल न करें

कई लोग रक्तदान से पहले चाय, कॉफी या ठंडे पेय पदार्थों पर निर्भर रहते हैं। लेकिन विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि शराब और बहुत ज्यादा कैफीन वाले पेय पदार्थों से बचना चाहिए। ये शरीर से पानी की कमी बढ़ा सकते हैं। अगर आपको सिरदर्द, उलझन, ज्यादा थकान, चक्कर या गर्मी की वजह से बेचैनी महसूस हो रही है, तो उस दिन रक्तदान न करें।

रक्तदान के बाद आराम करना भी है जरूरी

रक्तदान करने के बाद सिर्फ खून देना ही काफी नहीं होता, शरीर को रिकवरी का समय भी चाहिए। अगले 24 से 48 घंटे तक खूब पानी पिएं और शरीर को आराम दें। कोशिश करें कि तेज धूप में ज्यादा देर न रहें और भारी व्यायाम या कठिन शारीरिक काम से बचें। इससे शरीर जल्दी सामान्य स्थिति में लौट आता है।

किन लोगों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है

अगर आप हीटवेव की वजह से पहले से ही बहुत थके हुए हैं, लगातार पसीना आ रहा है या कमजोरी महसूस हो रही है, तो पहले खुद को पूरी तरह ठीक होने दें। स्वस्थ महसूस करने के बाद ही रक्तदान करें। इससे आपके लिए भी प्रक्रिया सुरक्षित रहेगी और आपको किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

डॉक्टर क्या देते हैं सलाह

रक्तदान एक नेक काम है और गर्मी के मौसम में भी इसे सुरक्षित तरीके से किया जा सकता है। डॉ. हरि किशन बोरुगु के अनुसार, अगर आप स्वस्थ हैं, भरपूर पानी पी रहे हैं और रक्तदान से पहले व बाद की जरूरी सावधानियां अपनाते हैं, तो हीटवेव के दौरान भी सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकते हैं। याद रखें, आपकी थोड़ी-सी सावधानी किसी जरूरतमंद के लिए नई जिंदगी का कारण बन सकती है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article