शहर

Amritsar News: ड्यूटी से लौट रहे ASI हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या, CM भगवंत मान ने 1 करोड़ के मुआवजे का किया ऐलान

अमृतसर के गेट हकीमा थाने में तैनात ASI हरजीत सिंह की ड्यूटी से लौटते समय अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहादत पर दुख जताते हुए परिवार को 1 करोड़ का अनुदान देने का ऐलान किया है।

Image

अज्ञात हमलावरों ने गर्दन में मारी गोली (X/@BhagwantMann)

पंजाब के अमृतसर जिले से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। गेट हकीमा पुलिस स्टेशन में तैनात असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) हरजीत सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब वह अपनी गश्त की ड्यूटी खत्म कर देर रात घर लौट रहे थे। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक और हड़कंप का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर इलाके की नाकेबंदी कर दी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

दाना मंडी के गेट पर गर्दन में मारी गोली

मिली जानकारी के अनुसार, ASI हरजीत सिंह रात में अपनी गश्त ड्यूटी पूरी करने के बाद घर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह भगतावाला दाना मंडी के गेट नंबर दो के बाहर पहुंचे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया और उनकी गर्दन में गोली मार दी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर गिर पड़े। आसपास के लोगों और पुलिस टीम की मदद से उन्हें तुरंत गंभीर हालत में पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

CM भगवंत मान ने दी श्रद्धांजलि, की वित्तीय मदद की घोषणा

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर ASI हरजीत सिंह के सर्वोच्च बलिदान को सलाम किया और पीड़ित परिवार के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा की। उन्होंने लिखा कि "अमृतसर जिले में अपनी ड्यूटी निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर हरजीत सिंह जी की बहादुरी को दिल से सलाम... उनकी असीम हिम्मत और काम के प्रति समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा...

पंजाब सरकार दुख की इस घड़ी में शहीद के परिवार के साथ चट्टान की तरह मज़बूती से खड़ी है... सम्मान के तौर पर, सरकार ₹1 करोड़ की अनुग्रह राशि देगी और HDFC बैंक परिवार को ₹1 करोड़ की अतिरिक्त बीमा राशि देगा...

हम अपने शहीदों और उनके परिवारों को हर संभव मदद देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं... उनका यह सर्वोच्च बलिदान हम सभी को पूरी बहादुरी और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्य निभाने के लिए प्रेरित करता रहेगा..."

जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हमला किसी पुरानी रंजिश के तहत किया गया या लूटपाट के इरादे से अंजाम दिया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article