Side Effects of Papaya: पपीता डाइजेशन के लिए बहुत फायदेमंद होता है, लेकिन गर्भावस्था में इसका सेवन काफी खतरनाक साबित हो सकता है, खासकर कच्चा पपीता। ऐसा कहा जाता है कि प्रेग्नेंसी में पपीते को खाने से गर्भपात तक हो सकता है। पपीते के छिलके और बीज भी भ्रूण के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं। इसलिए डॉक्टर प्रेग्नेंसी में पपीता खाने से मना करते हैं। दरअसल, पपीते का तासीर गर्म होता है, साथ ही इसमें लेटेक्स की मात्रा ज्यादा होती है जिससे गर्भाशय सिकुड़ जाता है, जो भ्रूण के लिए खतरनाक हो सकता है। तो चलिए जानते हैं प्रेग्नेंसी में पपीता खाने के नुकसान।
कच्चे पपीते से हो सकता है गर्भपात
ऐसा कहा जाता है कि पपीता खाने से गर्भपात भी हो सकता है। डॉक्टर्स का कहना है कि प्रेग्नेंसी में कच्चा और आधा पका पपीता खाना खतरनाक होता है, क्योंकि इसमें लेटेक्स की मात्रा ज्यादा होती है, जो गर्भ के सिकुड़ने का कारण बनता है। इससे गर्भपात का खतरा रहता है। वहीं, पका पपीता विटामिन सी और ई और फाइबर से भरपूर होता है जो फायदेमंद होता है। हालांकि, ज्यादा सेवन हानिकारक हो सकता है।
ज्यादा पपीता खाने से हो सकता पेट खराब
पपीते का सेवन उन लोगों के लिए फायदेमंद होता है, जिन्हें कब्ज की समस्या हो, क्योंकि इसमें फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है। ऐसे में पपीते के ज्यादा सेवन से दस्त की समस्या हो सकती है, जो गर्भवती महिला के लिए परेशानी का सबब बन सकता है।
पपीते से हो सकती है एलर्जी
पपीते में पपेन नामक एक तरल पदार्थ होता है जिससे एलर्जी हो सकती है। जिन लोगों की सेंसिटिव स्किन होती है, उन लोगों को पपीते के सेवन से बचना चाहिए, इससे आपको शरीर पर सूजन, खुजली और चक्कर आने की समस्या हो सकती है।
(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

