Bigg Boss 16: बिग बॉस 16 सीजन अब खत्म हो गया है। इसका फिनाले 12 फरवरी को आयोजित किया गया। जिसके साथ ही जनता ने मशहूर रैपर एमसी स्टैन को इस सीजन का विजेता चुना है। वहीं बिग बॉस 16 का रनर अप शिव ठाकरे बन गए हैं। एमसी स्टैन के ट्रॉफी जीतने के बाद से ही सोशल मीडिया पर फैंस का दमदार रिएक्शन सामने आ रहा है। कई फैंस लगातार शिव ठाकरे को सपोर्ट कर रहे हैं और उन्हें बिग बॉस 16 का डिजर्विंग विनर बता रहे हैं। इस बीच अब शिव ठाकरे अपने होमटाउन यानी महाराष्ट्र के अमरावती पहुंच गए हैं। होमटाउन में शिव ठाकरे का एक ग्रैंड वेलकम किया गया है।
जिसको देखने के बाद सभी की आंखें खुली की खुली रह गई है। शिव ठाकरे पर अमरावती के लोग जमकर प्यार लुटाते दिख रहे हैं। ढोल-नगाड़ों के साथ बड़े ही धूम-धाम से लोग शिव ठाकरे का स्वागत कर रहे हैं।
लोगों के दिलों का राजा बने शिव ठाकरे
बिग बॉस 16 की ट्रॉफी भले ही शिव ठाकरे ने न जीती हो, लेकिन वह फैंस के दिलों को यकीनन जीत चुके हैं। अमरावती में लोग शिव ठाकरे के एक झलक पाने के लिए अपने घरों की छतों पर लटकते नजर आ रहे हैं। फैंस की भारी भीड़ अपने फेवरेट शिव ठाकरे का बस एक दीदार करना चाहते हैं। सभी के हाथों में कैमरा नजर आ रहा है, जिसमें वह बिग बॉस 16 के रनर अप शिव ठाकरे को कैद करना चाहते हैं। फैंस की इस भारी भीड़ को देखकर सोशल मीडिया पर हर कोई हक्का-बक्का रह गया है और शिव ठाकरे को इस प्यार का हकदार मान रहा है।
सेलेब्स ने भी जमकर तारीफ की
लाखों फैंस के साथ ही कई सेलेब्स ने भी शिव ठाकरे पर जमकर प्यार लुटाया है। दीपिका कक्कड़ से लेकर गौहर खान तक ने उन्हें बिग बॉस ट्रॉफी का असली हकदार बताया है। इसके साथ ही सेलेब्स का मानना है कि भले ही शिव ने ट्रॉफी न जीती हो लेकिन आज पूरा इंडिया उन्हें पहचानने लगा है।
